जेल की चारदीवारी में ‘सुपारी’ का खेल! गोलीकांड के आरोपी पर चाकू से हमला, भू-माफिया का नाम आया सामने

इंदौर। जिला जेल की सुरक्षा व्यवस्था के बीच एक कैदी पर जानलेवा हमला किए जाने से हड़कंप मच गया। महालक्ष्मी नगर में भू-माफिया पर गोली चलाने के आरोप में जेल में बंद सोनू उर्फ विनय भूमिराज पर बुधवार शाम एक अन्य कैदी ने चायनीज चाकू से हमला कर दिया। जेल प्रहरियों की तत्परता से बड़ा हादसा टल गया। सोनू के चेहरे पर चोट आई है। घटना के पीछे एक भू-माफिया द्वारा कथित तौर पर सुपारी दिलवाए जाने की बात सामने आ रही है।
ये भी पढ़ें: चित्रकूट में बाढ़ जैसे हालात, मंदाकिनी का जलस्तर खतरे के निशान से 3 मीटर ऊपर
फोन पर बात करने जा रहा था कैदी, तभी चाकू लेकर टूट पड़ा
जेल सूत्रों के मुताबिक, सोनू उर्फ विनय शाम के समय लॉकअप के बाहर फोन से बात करने के लिए जा रहा था। इसी दौरान उसकी मुलाकात सफाई कर रहे कैदी अंकित अहिरवार से हुई। आरोप है कि अंकित ने अचानक मुंह में छिपाकर रखा चायनीज चाकू निकाला और सोनू पर हमला कर दिया। हमला होते ही जेल प्रहरियों ने दौड़कर दोनों को अलग किया। समय रहते बीच-बचाव नहीं होता तो सोनू को गंभीर चोट लग सकती थी। घटना की जानकारी डिप्टी जेल अधीक्षक राकेश मोहन उपाध्याय और जेल अधीक्षक जवाहर मंडलोई तक पहुंची।
ये भी पढ़ें: राम मंदिर के पहले CEO का सस्पेंस खत्म! जितेंद्र मिश्रा के नाम पर लगी मुहर
जिस पर गोली चलाई, उसी ने जेल में हमला करवाने की रची साजिश?
जेल सूत्रों की मानें तो हमले की कड़ियां भू-माफिया मनोज नागर से जुड़ती नजर आ रही हैं। सोनू उर्फ विनय अपने साथियों धीरज खेड़कर, युवराज और एक अन्य आरोपी के साथ पिछले तीन-चार महीने से जिला जेल में बंद है। इन पर महालक्ष्मी नगर में मनोज नागर पर गोली चलाने का आरोप है। गोली लगने के बाद नागर को कई दिनों तक अस्पताल में भर्ती रहना पड़ा था। मामले में लसूड़िया पुलिस ने हत्या के प्रयास का केस दर्ज कर आरोपियों को जेल भेजा था। बताया जा रहा है कि इसके बाद से ही नागर इन आरोपियों से बदला लेने की कोशिश में था।
ये भी पढ़ें: क्यों समंदर पार से भारत आ रहे जापान के 3 F-2 फाइटर जेट? 110 सैनिक भी साथ, जानिए क्यों उठाया ये बड़ा कदम
गैंगस्टर शुभम नेपाली तक पहुंची ‘सुपारी’ की बात
सूत्रों के मुताबिक, इसी कड़ी में नागर ने कथित तौर पर द्वारकापुरी क्षेत्र के गैंगस्टर शुभम नेपाली से संपर्क किया। शुभम नेपाली भी जेल में बंद है। दावा है कि इसी दौरान सोनू पर हमला कराने की योजना बनी और इसकी जिम्मेदारी अंकित अहिरवार को दी गई। अंकित करीब तीन दिन पहले प्रतिबंधात्मक कार्रवाई के तहत जेल आया था। जेल में रहने के दौरान उसे कथित तौर पर सोनू पर हमला करने का मौका मिला। बुधवार को सफाई के दौरान दोनों आमने-सामने आए और अंकित ने चाकू से हमला कर दिया।
ये भी पढ़ें: यूपी में आउटसोर्स कर्मचारियों को योगी सरकार ने दी सौगात, उत्तर प्रदेश आउटसोर्स सेवा निगम का शुभारंभ
जेल प्रशासन ने कहा- मामूली चोट, लेकिन जांच के घेरे में कई नाम
जेल अधीक्षक जवाहर मंडलोई ने घटना को गंभीर हमला मानने से इनकार करते हुए कहा कि सोनू को मामूली चोट आई है और अंकित हमला पूरा नहीं कर पाया। जेल प्रशासन ने घटना की एफआईआर दर्ज नहीं कराई है। हालांकि, अंकित को जिला जेल से सेंट्रल जेल भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। अधीक्षक के मुताबिक, हमले के पीछे जिन लोगों के नाम सामने आ रहे हैं, उनकी भूमिका की जांच की जाएगी। इस मामले में उज्जैन के एक रसूखदार व्यक्ति का नाम भी सामने आने की बात कही जा रही है।
ये भी पढ़ें: Janjgir Champa : सपने में दिखा खजाना,नींव खोदी तो जमीन से निकलीं रहस्यमयी मूर्तिया और ब्रिटिशकालीन सिक्के
भोपाल मुख्यालय ने भी लिया संज्ञान
घटना की जानकारी भोपाल जेल मुख्यालय तक पहुंच गई है। सीनियर सुपरीटेंडेंट अलका सोनकर मामले की जानकारी जुटा रही हैं। बताया गया है कि भोपाल से टीम इंदौर आकर पूरे घटनाक्रम की जांच कर सकती है। जेल के भीतर कैदी तक चाकू कैसे पहुंचा और हमले के पीछे वास्तव में किसका हाथ है, यह जांच के बाद ही साफ होगा।




















