मनी लॉन्ड्रिंग केस :जैकलीन फर्नांडिस सरकारी गवाह बनने को तैयार, महाठग सुकेश की रिहाई पर फिर बाधा

नेशनल डेस्क। 200 करोड़ के मनी लॉन्ड्रिंग केस में एक ऐसा मोड़ आ गया है, जिसने पूरे मामले को फिर से सुर्खियों के केंद्र में ला खड़ा किया है। बॉलीवुड एक्ट्रेस जैकलीन फर्नांडिस ने अब महाठग सुकेश चंद्रशेखर के खिलाफ सरकारी गवाह बनने का मन बना लिया है। उनके वकील ने पटियाला हाउस कोर्ट में साफ कर दिया है कि जैकलीन इस केस में सच्चाई सामने लाने के लिए तैयार हैं। यह फैसला इसलिए भी चौंकाने वाला है क्योंकि इससे पहले वह इस भूमिका से साफ इनकार कर चुकी थीं।
बदल जाएगी केस की दिशा
जैकलीन का यह कदम सुकेश चंद्रशेखर के लिए किसी बड़े झटके से कम नहीं माना जा रहा। जिस एक्ट्रेस को कभी उसने महंगे तोहफों से खुश किया, वही अब अदालत में उसके खिलाफ गवाही देने को तैयार है। कानूनी जानकारों की मानें तो अगर जैकलीन सरकारी गवाह बनती हैं, तो केस की दिशा पूरी तरह बदल सकती है और सुकेश की मुश्किलें कई गुना बढ़ सकती हैं।
कई नाम आ सकते हैं सामने
इस पूरे मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) लगातार सख्त रुख अपनाए हुए है। जांच एजेंसी के मुताबिक, सुकेश चंद्रशेखर ने हाई-प्रोफाइल लोगों को निशाना बनाकर करोड़ों की ठगी का नेटवर्क खड़ा किया था। उसने खुद को बड़े सरकारी अधिकारी और उद्योगपति बताकर कई लोगों को जाल में फंसाया। सूत्रों के अनुसार, इस केस में कई और बड़े नाम भी सामने आ सकते हैं। अगर जैकलीन फर्नांडिस आधिकारिक तौर पर सरकारी गवाह बनती हैं, तो ED को अंदरूनी जानकारी मिल सकती है, जिससे केस और मजबूत होगा। ऐसे में आने वाले दिनों में यह मामला और भी सनसनीखेज खुलासा हो सकता है।
ये भी पढ़ें: ट्रोल्स को चाहत खन्ना का जवाब: मैं खोई हुई थी, मुझे मजबूर नहीं किया गया
31 केस, 26 में जमानत, फिर भी जेल से बाहर नहीं
सुकेश चंद्रशेखर के खिलाफ कुल 31 मामले दर्ज हैं, जिनमें से 26 में उसे जमानत मिल चुकी है। इसके बावजूद वह अभी जेल से बाहर नहीं आ पाया है क्योंकि कुछ गंभीर मामले अब भी लंबित हैं। मनी लॉन्ड्रिंग के अलावा चुनाव चिन्ह से जुड़े धोखाधड़ी के आरोप भी उस पर लगे हैं। अब जैकलीन के इस नए कदम ने उसकी कानूनी लड़ाई को और पेचीदा बना दिया है।
महंगे तोहफों का जाल में फंसी थी एक्ट्रेस
सुकेश ने जैकलीन को करोड़ों के महंगे गिफ्ट्स दिए थे। इनमें लग्जरी कार, हीरे-जवाहरात और ब्रांडेड कपड़े शामिल थे। जैकलीन ने इन तोहफों को स्वीकार किया था, जिसके बाद प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने उन्हें सह-आरोपी बनाया। हालांकि, एक्ट्रेस लगातार खुद को निर्दोष बताती रही हैं और अब सरकारी गवाह बनकर खुद को कानूनी राहत दिलाने की दिशा में बड़ा दांव खेल रही हैं।
करियर पर असर, फिल्मों से हुई दूरी
इस विवाद का असर जैकलीन फर्नांडिस के करियर पर भी साफ नजर आया है। पिछले कुछ समय में उनकी पब्लिक अपीयरेंस कम हो गई और फिल्मों में भी उनकी मौजूदगी सीमित रही। साल 2025 में वे ‘फतेह’, ‘रेड 2’ और ‘हाउसफुल 5’ जैसी फिल्मों में नजर आईं, जिनमें से कुछ ने ठीक-ठाक प्रदर्शन किया। अब वह मल्टीस्टारर फिल्म ‘वेलकम टू द जंगल’ से वापसी की तैयारी में हैं।
ये भी पढ़ें: Women Reservation Bill: महिला आरक्षण के बाद भी बढ़ेंगे पुरुष सांसद! समझिए पूरा गणित












