
जबलपुर। मध्य प्रदेश के जबलपुर शहर में मंगलवार सुबह एक पुलिया गिर गई। अधारताल-पनागर मार्ग पर पुलिया बनी हुई है। हालांकि, इस दौरान किसी प्रकार की कोई जनहानि नहीं हुई है। बताया जा रहा है कि पुलिया के ऊपर व आसपास सड़क चौड़ीकरण का कार्य चल रहा था। जिसके चलते बरसों पुराना यह पुल अचानक गिर गया। पुलिया के धंसते ही चारों तरफ अफरा-तफरी मच गई। काफी देर तक यहां यातायात बाधित रहा।
कैसे गिरी पुलिया ?
जानकारी के मुताबिक, सुबह करीब 8 बजे उर्दुआ पुलिया का एक हिस्सा अचानक धंस गया था। सड़क चौड़ीकरण के लिए इस पुल को भी चौड़ा किया जा रहा था, पुलिया के धंसने की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने भी अभी कुछ भी कहने से इनकार कर दिया है।
अधारताल से महाराजपुर मार्ग पर सड़क चौड़ीकरण का कार्य चल रहा है। इसी के बीच अधारताल के आगे उर्दुआ नाला है, जहां नाला सकरा होने की वजह से उसका भी चौड़ीकरण होना है। नाले का एक हिस्सा आज सुबह अचानक भरभरा कर गिर गया।
(जबलपुर से मुकेश झा की रिपोर्ट)
ये भी पढ़ें- बर्खास्त बिशप पीसी सिंह को जबलपुर हाईकोर्ट से राहत, 10 लाख के पर्सनल बॉन्ड पर मिली जमानत