PlayBreaking News

जबलपुर:शादी के तीन दिन बाद दुल्हन लापता, जेवर पहनकर ब्यूटी पार्लर गई फिर नहीं लौटी

जबलपुर में शादी के तीन दिन बाद नवविवाहिता रहस्यमय तरीके से लापता हो गई। पति के मुताबिक वह करीब 3 लाख रुपए के जेवर पहनकर ब्यूटी पार्लर जाने की बात कहकर निकली थी और फिर वापस नहीं लौटी।
Follow on Google News
शादी के तीन दिन बाद दुल्हन लापता, जेवर पहनकर ब्यूटी पार्लर गई फिर नहीं लौटी

जबलपुर जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। शादी के महज तीन दिन बाद एक नवविवाहिता रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गई। आरोप है कि वह करीब 3 लाख रुपए के सोने-चांदी के जेवर पहनकर घर से निकली थी और ब्यूटी पार्लर जाने की बात कहकर पति को बाजार में छोड़ने के बाद वापस नहीं लौटी। अब परेशान पति ने पुलिस से पत्नी की तलाश करने की गुहार लगाई है।

21 जून को हुई शादी, 24 जून से लापता

जानकारी के मुताबिक गोसलपुर निवासी गौतम यादव मजदूरी करते हैं। परिवार की सहमति से उनकी शादी बरेला क्षेत्र की रहने वाली चौहानी यादव से तय हुई थी। 21 जून को बारात बरेला पहुंची और अगले दिन विदाई के बाद दुल्हन ससुराल आ गई। गौतम का कहना है कि शादी के कुछ ही दिन बाद पत्नी ने अपनी मौसी की शादी में जाने की इच्छा जताई। इसके बाद दोनों बुढ़ागर पहुंचे। वहीं उसने बंजारी माता मंदिर में दर्शन करने की बात कही, जिस पर दोनों बाजार पहुंचे।

स्टूडियो के बाहर बैठा रहा पति

गौतम के अनुसार, बाजार में पत्नी ने पहले शादी की तस्वीरें लेने के लिए स्टूडियो चलने की बात कही। स्टूडियो पहुंचने के बाद उसने कहा कि वह पास के ब्यूटी पार्लर से सिर्फ 10 मिनट में लौट आएगी और पति को वहीं इंतजार करने के लिए कह दिया। पति करीब आधे घंटे तक स्टूडियो के बाहर बैठा इंतजार करता रहा लेकिन जब पत्नी वापस नहीं आई तो उसने आसपास तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिला। गौतम का कहना है कि उसे यह भी नहीं पता कि उसकी पत्नी किस रास्ते से वहां से निकली।

ये भी पढ़ें: बीसी-चिटफंड के नाम पर 3.10 करोड़ की ठगी: क्राइम ब्रांच ने तीन शातिर आरोपियों को दबोचा

करीब 3 लाख के जेवर पहनकर निकली थी

पति का आरोप है कि शादी में पत्नी को करीब 3 लाख रुपए के सोने-चांदी के आभूषण दिए गए थे। इनमें मंगलसूत्र, कंगन, करधनी, पायल, बिछिया समेत कई कीमती जेवर शामिल थे। वह घर से निकलते समय सभी आभूषण पहने हुए थी।

दो महीने पहले तय हुआ था रिश्ता

गौतम ने बताया कि उनकी बुआ बुढ़ागर में रहती हैं। उन्हीं के माध्यम से दोनों परिवारों का परिचय हुआ था। करीब दो महीने पहले दोनों परिवार मिले, लड़का-लड़की ने एक-दूसरे को पसंद किया और परिवार की सहमति से जून में विवाह संपन्न हुआ।

ये भी पढ़ें: किन्नौर में मानसून का कहर! चोलिंग में फ्लैश फ्लड से NH-5 बंद, 6 घंटे की मशक्कत के बाद यातायात शुरू

पुलिस ने शुरू की तलाश

पत्नी के लापता होने के बाद गौतम ने पहले अपने स्तर पर तलाश की। जब कोई सुराग नहीं मिला तो उसने गोसलपुर और बरेला थाने में शिकायत दर्ज कराई। बरेला थाना प्रभारी संगीता सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर महिला की गुमशुदगी दर्ज कर ली गई है। गोसलपुर थाना पुलिस के साथ मिलकर उसकी तलाश की जा रही है। पुलिस मामले के हर पहलू की जांच कर रही है और जल्द ही महिला का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

Sumit Shrivastava
By Sumit Shrivastava

सुमित श्रीवास्तव एक अनुभवी मीडिया प्रोफेशनल, बिजनेस पत्रकार और शोधकर्ता हैं। मास कम्युनिकेशन में M.P...Read More

नई दिल्ली
--°
बारिश: -- mmह्यूमिडिटी: --%हवा: --
Source:AccuWeather
icon

Latest Posts