जबलपुरमध्य प्रदेश

जबलपुर : चुनावी रंजिश में बीजेपी नेता की गोली मारकर हत्या, 4 आरोपी गिरफ्तार

जबलपुर। मध्य प्रदेश के जबलपुर शहर में बीजेपी नेता की गोली मारकर हत्या करने का मामला सामने आया है। मझौली थाना अंतर्गत लुहारी गांव में अज्ञात हमलावरों ने बीजेपी नेता कंचन यादव (50 वर्ष) की गोली मारकर हत्या कर दी। सूचना मिलने पर मझौली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। घटना रविवार यानी रंगपंचमी की देर रात की बताई जा रही है। हत्या की वारदात के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।

क्या है मामला ?

पुलिस ने बताया कि बीजेपी नेता कंचन यादव रंगपंचमी के मौके पर रविवार रात लुहारी गांव में कुछ लोगों के यहां बैठने गए हुए थे। जब वो गांव से अपने घर के लिए वापस लौटने लगे तो गांव के ही सानंद सिंह, आनंद सिंह, आयुष सिंह, सर्वेश सिंह और उनके साथियों ने भाजपा नेता की कार को रोक लिया और गाली गलौज करते हुए मारपीट करने लगे। 10 से 12 अज्ञात हमलावरों ने फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान कार में सवार कंचन यादव के सीने और कमर में गोलियां लग गईं। जैसे-तैसे गंभीर अवस्था में कंचन यादव को अस्पताल में ले जाया गया। अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

चुनावी रंजिश के चलते की हत्या

बीजेपी नेता कंचन यादव के परिजन ने बताया कि हमला करने वालों से उनका पंचायत चुनाव को लेकर विवाद था। हमलावरों द्वारा कब्जा की हुई करीब 50 एकड़ की शासकीय भूमि सरपंच ने कब्जा मुक्त करवाई थी, जिसे लेकर दूसरा पक्ष नाराज था। इस वजह से आरोपियों ने वारदात को अंजाम दिया।

गांव में भारी पुलिस बल तैनात

घटना के बाद से गांव में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है। इसे नियंत्रण करने के लिए और सुरक्षा की दृष्टि से गांव में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

जबलपुर की अन्य खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

संबंधित खबरें...

Back to top button