इटारसी : रेलवे जंक्शन पर जीआरपी की चेकिंग में दो युवकों से 44 लाख की 19 किलो चांदी जब्त, दोनों आरोपी भोपाल के
इटारसी। जीआरपी इटारसी को स्टेशन क्षेत्र में चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के दौरान एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने प्लेटफॉर्म पर संदिग्ध अवस्था में घूम रहे दो युवकों के कब्जे से 18.994 किलोग्राम चांदी के आभूषण जब्त किए हैं, जिनकी अनुमानित बाजार कीमत 44 लाख रुपये बताई जा रही है।
सघन चेकिंग के दौरान हत्थे चढ़े संदिग्ध
रेलवे जंक्शन पर जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम द्वारा इटारसी जंक्शन पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था।बुधवार को चेकिंग के दौरान प्लेटफॉर्म नंबर 2/3 के जबलपुर एंड पर दो व्यक्ति भारी-भरकम पिट्टू बैग लेकर घूमते दिखाई दिए।बैग के असाधारण वजन और युवकों की संदिग्ध गतिविधियों को देखकर पुलिस टीम ने उन्हें रोककर पूछताछ की।
कोई वैध दस्तावेज या बिल नहीं दिखा सके आरोपी
पूछताछ में आरोपियों ने अपनी पहचान राकेश जाट (41) निवासी ग्राम रसला खेड़ी,भोपाल एवं लक्की राजवानी (44)निवासी बैरागढ़,भोपाल के रूप में बताई।बैग की तलाशी लेने पर उसमें से भारी मात्रा में चांदी की पायल,चेन,कड़े, अंगूठी और बिछिया बरामद हुई।आभूषणों के संबंध में जब जीआरपी ने बिल,वैध दस्तावेज और ट्रांसपोर्टेशन लाइसेंस मांगा,तो दोनों आरोपी कोई भी पक्का कागज पेश नहीं कर सके।
ये भी पढ़ें: सीहोर : राजवीर दरबार भारतीय वुडबॉल टीम में शामिल, मलेशिया वर्ल्ड कप में दिखाएंगे दम
जीएसटी विभाग को दी सूचना
वैध दस्तावेज न होने पर पुलिस ने धारा 106 बीएनएसएस के तहत पूरे आभूषणों को जब्त कर इस्तगासा कायम किया। मामला कर चोरी से भी जुड़ा हो सकता है,इसलिए जीएसटी (GST) विभाग को अग्रिम जांच हेतु सूचित कर दिया गया है। प्राथमिक जांच में आरोपियों का पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड न मिलने के कारण उन्हें धारा 35(1) बीएनएसएस का नोटिस देकर पाबंद किया गया है।
पुलिस टीम होगी पुरस्कृत
यात्री सुरक्षा और संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखकर इस बड़ी जब्ती को अंजाम देने वाली इटारसी जीआरपी टीम की मुस्तैदी पर रेल पुलिस अधीक्षक ने पूरी टीम को विशेष पुरस्कार देने की घोषणा की है।
ये भी पढ़ें: 'हां' नहीं मिली तो खून बहा दिया ! शादी से इनकार पर PG में घुसकर ले ली छात्रा की जान















