पाकिस्तान पर इजराइल ने उठाए सवाल :हमास नेताओं के बढ़ते दौरों का दावा; ईरान बोला- हमला हुआ तो जवाब देंगे

येरूशलम। मध्य पूर्व में जारी तनाव के बीच भारत में इजराइल के राजदूत रियुवेन अजार ने पाकिस्तान को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान एक समस्याग्रस्त देश है और क्षेत्रीय विवादों में मध्यस्थ की भूमिका निभाने के लिए उस पर आसानी से भरोसा नहीं किया जा सकता। पीटीआई को दिए इंटरव्यू में अजार ने कहा कि किसी भी बातचीत को सफल बनाने के लिए मध्यस्थ का निष्पक्ष होना जरूरी है। यदि कोई देश किसी एक पक्ष के ज्यादा करीब दिखाई देता है तो शांति प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है।
अजार ने यह भी दावा किया कि हाल के वर्षों में हमास नेताओं की पाकिस्तान और बांग्लादेश यात्राओं में बढ़ोतरी हुई है। उनका कहना है कि इजराइल जिन सुरक्षा खतरों का सामना कर रहा है, वे भविष्य में अन्य देशों के लिए भी चुनौती बन सकते हैं।
ईरान बोला हर हमले का मुंहतोड़ जवाब देंगे
दूसरी तरफ ईरान ने साफ कर दिया है कि अगर उस पर हमला किया गया तो वह कड़ा जवाब देगा। ईरानी विदेश मंत्रालय ने कहा है कि अपनी सुरक्षा के लिए जवाबी कार्रवाई करना उसका अधिकार है। मंत्रालय ने कुवैत और बहरीन को भी चेतावनी दी है कि यदि उनकी जमीन या सैन्य सुविधाओं का इस्तेमाल ईरान के खिलाफ किया गया तो उन्हें भी जिम्मेदार माना जाएगा।
यह भी पढ़ें: कुवैत पर ईरानी हमले से भड़के खाड़ी देश! GCC ने लगाई फटकार; ट्रंप बोले- हमला मेरा फैसला था
पिछले 24 घंटे के बड़े घटनाक्रम
कुवैत एयरपोर्ट पर बड़ा धमाका
कुवैत इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर कथित तौर पर एक ईरानी ड्रोन के टकराने से जोरदार धमाका हुआ। घटना में टर्मिनल-1 को नुकसान पहुंचा। एक भारतीय नागरिक की मौत हुई है, जबकि 63 लोग घायल बताए जा रहे हैं।
लेबनान में जारी हैं हमले
इजराइल और लेबनान के बीच सीजफायर लागू होने के बावजूद दक्षिणी लेबनान में तनाव कम नहीं हुआ है। कई इलाकों में ड्रोन और हवाई हमलों की खबरें सामने आई हैं। दोनों पक्ष एक-दूसरे पर जवाबी कार्रवाई के आरोप लगा रहे हैं।
यह भी पढ़ें: तुम पागल हो! अगर मैं न होता तो तुम जेल में होते, ट्रंप ने इजरायली PM को क्यों लगाई जमकर फटकार...
अमेरिकी संसद और ट्रंप आमने-सामने
अमेरिकी संसद के निचले सदन ने ईरान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई को लेकर राष्ट्रपति की शक्तियों को सीमित करने का प्रस्ताव पारित किया है। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इस फैसले का विरोध करते हुए इसे राष्ट्रीय हितों के खिलाफ बताया।
ट्रंप का बड़ा खुलासा
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि उनकी सरकार ने ईरान से संवर्धित यूरेनियम हासिल करने के लिए सैनिक भेजने पर विचार किया था। हालांकि बाद में इस योजना को खारिज कर दिया गया। ट्रम्प के मुताबिक यह ऑपरेशन बेहद जोखिम भरा था और इसमें अमेरिकी सैनिकों की जान को खतरा हो सकता था।
उन्होंने यह भी कहा कि ईरान से यूरेनियम हासिल करना कोई आसान काम नहीं है। इसकी तुलना वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को पकड़ने जैसी त्वरित कार्रवाई से नहीं की जा सकती। यह कई हफ्तों तक चलने वाला जटिल सैन्य अभियान हो सकता है।
अस्पताल के पास इजराइली हमला
दक्षिणी लेबनान के टायर शहर में इजराइली हमले लगातार जारी हैं। स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, इजराइली लड़ाकू विमानों ने जाबल आमेल अस्पताल के आसपास चार मिसाइलें दागीं। कुछ दिन पहले भी इसी इलाके में हुए हमले में चार लोगों की मौत हुई थी और अस्पताल को भारी नुकसान पहुंचा था।
तेल बाजार में राहत
मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव के बावजूद वैश्विक बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में हल्की गिरावट दर्ज की गई है। निवेशकों को अब भी किसी संभावित युद्धविराम और तनाव कम होने की उम्मीद है। इसी वजह से ब्रेंट और डब्ल्यूटीआई क्रूड की कीमतों में मामूली नरमी देखने को मिली है।











