क्रिकेटखेल

IPL की मिनी नीलामी में 405 खिलाड़ियों पर लगेगी बोली, स्टोक्स और ग्रीन पर होंगी निगाहें

नई दिल्ली। दुनिया के शीर्ष आलराउंडरों में से एक इंग्लैंड के बेन स्टोक्स और ऑस्ट्रेलिया के कैमरन ग्रीन 23 दिसंबर को कोच्चि में होने वाली इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) की मिनी नीलामी में आकर्षण का केंद्र होंगे। इस मिनी नीलामी में 87 खाली स्थान भरने के लिए कुल 405 खिलाड़ियों की बोली लगाई जाएगी।

स्टोक्स का बेस प्राइज 2 करोड़, रूट का 1 करोड़

इंग्लैंड के टेस्ट कप्तान स्टोक्स और ऑस्ट्रेलिया के ग्रीन का बेस प्राइज 2 करोड़ रुपए रखा गया है, जबकि इंग्लैंड के पूर्व टेस्ट कैप्टन जो रूट का बेस प्राइज 1 करोड़ रुपए है। भारतीय क्रिकेट बोर्ड (BCCI) के सचिव जय शाह ने कहा- कुल 405 खिलाड़ियों में से 273 भारतीय और 132 विदेशी खिलाड़ी हैं। इनमें एसोसिएट देशों के 4 खिलाड़ी भी शामिल हैं। जिन खिलाड़ियों ने इंटरनेशनल क्रिकेट खेला है, उनकी संख्या 119 है, जबकि 282 ऐसे खिलाड़ी हैं, जिन्होंने अभी तक इंटरनेशनल क्रिकेट नहीं खेला है।

किस टीम के पास कितनी राशि बची

टीम बकाया राशि (करोड़ रुपए)
चेन्नई सुपर किंग्स 20.45
लखनऊ सुपर जाइंट्स 23.35
मुंबई इंडियंस 20.55
दिल्ली कैपिटल्स 19.45
गुजरात टाइटन्स 19.25

 87 में से 30 जगह विदेशी खिलाड़ियों के लिए

बीसीसीआई के मुताबिक 87 स्थान खाली हैं, जिनमें से 30 स्थान विदेशी खिलाड़ियों के लिए हैं। कोलकाता नाइट राइडर्स के पास जहां सबसे कम 7.2 करोड़ रुपए ही बचे हैं, वहीं सनराइजर्स हैदराबाद के पास सर्वाधिक 43.25 करोड़ रुपए और 13 स्थान खाली हैं। पिछले सीजन में सनराइजर्स का प्रदर्शन अच्छा नहीं था। इसलिए यह टीम इस बार मजबूत खिलाड़ियों को चुनने की कोशिश करेगी। पंजाब किंग्स का प्रदर्शन भी खराब रहा था, इसलिए यह टीम भी मनचाहे खिलाड़ियों के लिए बोली लगाएगी। इसके पास 32.20 करोड़ रुपए बचे हैं।

स्टोक्स और ग्रीन पर निगाहें क्यों

गौरतलब है कि क्रिकेट के सबसे छोटे प्रारूप में ऑलराउंडर की सख्त दरकार रहती है। ऐसे में स्टोक्स और ग्रीन पर सभी की निगाहें टिकी रहेंगी। दो या तीन फ्रेंचाइजी टीमें इन पर 15 से 17 करोड़ तक का दांव लगा सकती हैं। भारत के अधिकतर खिलाड़ी किसी न किसी टीम से जुड़े हैं। ऐसे में भारतीय टीम से बाहर चल रहे मयंक अग्रवाल और मनीष पांडे पर अच्छी बोली लग सकती है। इन दोनों का बेस प्राइज एक करोड़ रुपए है। लेकिन, यही बात ईशांत शर्मा और अजिंक्य रहाणे के लिए नहीं कही जा सकती है। उन्होंने अपना बेस प्राइज 50 लाख रुपए रखा है। जिन अन्य खिलाड़ियों पर मोटी बोली लग सकती है, उनमें दक्षिण अफ्रीका के बल्लेबाज रिली रोसो भी शामिल हैं। उन्होंने भारतीय मैदानों पर अच्छा प्रदर्शन किया है। इंग्लैंड के बैट्समैन हैरी ब्रूक का बेस प्राइज 1.5 करोड़ रुपए है।

अरुणाचल भिड़ंत के लिए चीनी सेना ने भारतीय जवानों पर लगाए आरोप, कहा- अवैध तरीके से हमारे क्षेत्र में घुसे

संबंधित खबरें...

Back to top button