जबलपुरताजा खबरभोपालमध्य प्रदेश

जबलपुर में उपराष्ट्रपति ने किया योग, CM शिवराज बोले- MP में योग की शिक्षा अनिवार्य की जाएगी

भोपाल/जबलपुर। मध्य प्रदेश की संस्कारधानी जबलपुर के गैरिसन ग्राउंड में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर मुख्य कार्यक्रम हुआ। शंखनाद के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई। वहीं उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़, राज्यपाल मंगुभाई पटेल, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने एक साथ योग किया। योगाभ्यास में बड़ी संख्या में स्कूली छात्र-छात्राएं भी शामिल हुए।

इस दौरान सीएम शिवराज ने घोषणा करते हुए कहा, ‘मध्यप्र देश के विद्यालयों में योग की शिक्षा अनिवार्य की जाएगी। इस अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी के वीडियो संदेश को चलाया गया।

योग भारत के कोने-कोने में फैल रहा : धनखड़

उपराष्ट्रपति ने सबसे पहले रानी दुर्गावती को नमन किया। उन्होंने ने महाकौशल क्षेत्र के सबसे बड़े शहर गैरीसन ग्राउंड में 9वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर संबोधित करते हुए कहा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सक्षम नेतृत्व में हमें खुद को समर्पित करने का संकल्प लेना चाहिए। योग, जो पूरी मानवता के लिए है और इसने आर्थिक आयाम ग्रहण कर लिया है। योग को असंख्य लोग अपना पेशा बना रहे हैं।

धनखड़ ने कहा कि 2022 में एक प्रत्यक्ष डिजिटल हस्तांतरण रिकॉर्ड की पटकथा लिखी गई थी, क्योंकि भारतीयों में कौशल को तेजी से आत्मसात करने की विशेषता है।

जबलपुर में भारतीय संस्कृति का पता चलता है : धनखड़

उपराष्ट्रपति ने कहा, जबलपुर शहर किसी‘संस्कारधानी’से कम नहीं है। हमारी सांस्कृतिक सोच वसुधैव कुटुम्बकम इस दिन परिलक्षित होती है। यहां भारतीय संस्कृति का पता चलता है। एक पृथ्वी, एक परिवार, एक भविष्य! हमारे प्रधानमंत्री का योग को विश्व पटल पर स्थापित करना संयुक्त राष्ट्र में अपनी तरह का पहला प्रयास है। उन्होंने कहा- योग एक दिन का नहीं, हर दिन का है। संस्कारधानी जबलपुर के नर्मदा तट, भेड़ाघाट और बंदरकूदनी से योग को जीवन में अपनाने का आह्वान करता हूं। हींग लगे, न फिटकरी और रंग चोखा आए, यही योग का मूलमंत्र है।’

स्वस्थ रहना देश की सबसे बड़ी सेवा : सीएम

समारोह में सीएम शिवराज ने कहा कि आज जबलपुर, मध्यप्रदेश और पूरा देश योगमय है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संपूर्ण विश्व योगमय है। भारत आज संपूर्ण विश्व में छाया हुआ है। उन्होंने कहा कि भारत के ऋषियों ने कहा, केवल हमारा नहीं, विश्व का कल्याण हो। मुख्यमंत्री ने कहा कि सबसे बड़ा सुख निरोगी काया है। प्रदेश में सरकार ने विद्यालयों में योग शिक्षा अनिवार्य करने का फैसला किया है। योग कोई संकीर्ण चीज नहीं है। इसका किसी पंथ से कोई संबंध नहीं है। ये विश्व कल्याण के लिए है। सभी को रोज योग करना चाहिए। स्वस्थ रहना देश की सबसे बड़ी सेवा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी और वे स्वयं भी रोज योग करते हैं।

तैलीय पदार्थ और तीखा मत खाओ : राज्यपाल

मध्य प्रदेश के राज्यपाल मंगूभाई पटेल ने इसका उल्लेख किया है कि स्वयं भगवान कृष्ण ने भगवद्-गीता में योग के महत्व पर जोर दिया था। बच्चों से कहा- आजकल के बच्चे पिज्जा खाते हैं, साथ में थम्सअप की बोतल पचाने के लिए रखते हैं। तैलीय पदार्थ और तीखा मत खाओ। योगा के साथ सात्विक खुराक भी आवश्यक है।

भोपाल : गृह मंत्री ने सेंट्रल जेल में किया योग

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने सेंट्रल जेल में योग किया। गृह मंत्री ने कैदियों और जेल स्टाफ के साथ योग किया है।

जबलपुर के मुख्य कार्यक्रम में ये रहे मौजूद

जबलपुर में केंद्रीय आयुष मंत्री सर्वानंद सोनोवाल, केंद्रीय सामाजिक न्याय मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार, केंद्रीय जल शक्ति राज्यमंत्री प्रह्लाद सिंह पटेल, केंद्रीय इस्पात राज्यमंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते, केंद्रीय महिला बाल विकास राज्यमंत्री डॉ. मंजूपरा, आयुष मंत्री रामकिशोर कावरे, इंदर सिंह परमार भी मौजूद रहे।

मध्य प्रदेश की अन्य खबरों के लिए यहां क्लिक करें…

संबंधित खबरें...

Back to top button