इंदौरताजा खबरमध्य प्रदेश

VIDEO : छत्रीपुरा में तिरंगा यात्रा पर फैंका पेट्रोल बम, पथराव भी हुआ; युवा मोर्चा का एक कार्यकर्ता घायल

इंदौर। देशभर में आज तिरंगा यात्रा निकाली जा रही है। मंगलवार दोपहर को भारतीय जनता युवा मोर्चा के कार्यकर्ता इंदौर के छत्रीपुरा थाना क्षेत्र से तिरंगा यात्रा निकाल रहे थे। इसी दौरान वहां असामाजिक तत्वों ने यात्रा पर पथराव किया। इसके बाद तिरंगा यात्रा में शामिल डीजे वैन पर पेट्रोल बम फेंका। इस हमले में एक कार्यकर्ता संग्राम सिंह घायल हो गया। हालांकि, युवा मोर्चा के कार्यकर्ता कुछ समझ पाते इतनी ही देर में हमलावर रफूचक्कर हो गए।

घटना के बाद संगठन के कार्यकर्ता छत्रीपुरा थाने जा पहुंचे और घेराव कर दिया। इसकी जानकारी लगते ही पुलिस के आला अफसर मौके पर पहुंचे और कार्यकर्ताओं को समझा-बुझाकर घेराव खत्म कराया। अब पुलिस हमलावरों की तलाश में इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है।

बाइक पर सवार होकर आए थे हमलावर

भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं जब इस थाना क्षेत्र के बियाबानी रोड पर वैष्णव स्कूल के सामने से यात्रा निकाल रहे थे, उसी समय ये हमला हुआ। कार्यकर्ताओं का दावा है कि यात्रा के दौरान ही कुछ असामाजिक तत्वों ने पहले यात्रा पर पथराव किया और उसके बाद दो पेट्रोल बम फैंके। युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं के मुताबिक, हमलावर एक बाइक पर सवार होकर आए थे और उनकी संख्या तीन थी। इस हमले के बारे में थाना प्रभारी केके शर्मा का दावा है कि आरोपियों की तलाश में इलाके में लगे सीसीटीवी फुटेज चैक किए जा रहे हैं और जल्द ही हमलावरों को खोज निकाला जाएगा। गौरतलब है कि यह इलाका पहले से ही इंदौर शहर के संवेदनशील इलाके में शुमार रहा है।

(इनपुट – हेमंत नागले)

ये भी पढ़ें- VIDEO : रायसेन और मऊगंज में ध्वजारोहण के बाद मुख्य अतिथियों को आए चक्कर, मंत्री प्रभुराम चौधरी भोपाल और विधानसभा अध्यक्ष गिरीश गौतम रीवा रेफर

संबंधित खबरें...

Back to top button