Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

बेटमा : 13 करोड़ रुपए की लागत से बदलेगी बेटमा–कुटी रोड की तस्वीर, 5 किमी सड़क निर्माण शुरू

बेटमा से कुटी गांव को जाने वाले मार्ग का निर्माण लंबे इंतजार के बाद आखिर शुरू हो गया है। इससे रहवासियों ने राहत महसूस की है। करीब पांच किलोमीटर लंबे इस मार्ग के निर्माण से आवागमन सरल हो जाएगा। इस मार्ग के निर्माण  पर करीब 13 करोड़ रुपए की लागत आएगी।
बेटमा।पुलिया निर्माण के लिए वैकल्पिक व्यवस्था करते हैं ठेकेदार

राहुल देवड़ा, बेटमा (इंदौर)।  जिले के बेटमा से कुटी तक जाने वाले बहुप्रतीक्षित सड़क मार्ग का निर्माण कार्य आखिरकार शुरू हो गया है। करीब पांच किलोमीटर लंबे इस मार्ग का निर्माण लगभग 13 करोड़ रुपए की लागत से किया जा रहा है। सड़क की चौड़ाई 13 मीटर होगी, जिससे क्षेत्र में यातायात पहले की तुलना में अधिक सुगम और सुरक्षित बनने की उम्मीद है। फिलहाल लाइफ सिटी कॉलोनी के सामने से कालीबिल्लौद गांव तक सड़क की खुदाई का काम तेजी से चल रहा है।

पुलिया और ड्रेनेज लाइन से मिलेगी जलभराव से राहत 

निर्माण कार्य के तहत इस मार्ग पर तीन नई पुलियाओं का निर्माण किया जाएगा, जिनमें राणमल बिल्लौद क्षेत्र की पुलिया भी शामिल है। इसके अलावा सड़क के दोनों ओर ड्रेनेज लाइन बनाई जाएगी, ताकि बारिश के दौरान जलभराव की समस्या न हो। जिन हिस्सों में पहले से सीसी सड़क बनी हुई है, उन्हें यथावत रखा जाएगा, जबकि बाकी हिस्सों में नई सीसी सड़क का निर्माण किया जाएगा। आवश्यकता वाले स्थानों पर नालियां भी बनाई जाएंगी, जिससे सड़क की गुणवत्ता और उपयोगिता दोनों बेहतर होंगी।

ये भी पढ़ें: चलती ट्रेन से मोबाइल छीनना पड़ा भारी, यात्रियों ने चोर का हाथ पकड़कर अगले स्टेशन तक लटकाए रखा; रास्ते में मारते रहे चांटे

सूचना बोर्ड नहीं होने से उठ रहे सवाल 

ग्राम पंचायत कालीबिल्लौद के सरपंच महेश राठौर ने बताया कि सड़क निर्माण का काम शुरू हो चुका है, लेकिन निर्माण स्थल पर अब तक कोई सूचना बोर्ड नहीं लगाया गया है। आमतौर पर ऐसे बोर्ड पर निर्माण एजेंसी का नाम, स्वीकृत लागत, कार्य अवधि और गुणवत्ता संबंधी जानकारी प्रदर्शित की जाती है। सूचना बोर्ड के अभाव में ग्रामीणों और राहगीरों में भ्रम की स्थिति बनी हुई है। लोगों का कहना है कि सार्वजनिक निर्माण कार्यों में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए यह जानकारी प्रदर्शित की जानी चाहिए।

बारिश के बीच निर्माण से बढ़ सकती हैं मुश्किलें 

बारिश के मौसम में सड़क निर्माण शुरू होने से फिलहाल लोगों को कुछ परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। खुदाई के कारण मार्ग पर आवागमन प्रभावित होने की संभावना है। सबसे बड़ी चुनौती यह है कि इस सड़क का कोई वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध नहीं है। ऐसे में इंदौर और आसपास के क्षेत्रों से आने-जाने वाले वाहन चालकों को पीथमपुर होकर लंबा चक्कर लगाना पड़ सकता है। इससे पहले से जर्जर पीथमपुर–महू–नीमच मार्ग पर यातायात का दबाव बढ़ने की आशंका भी जताई जा रही है।

ये भी पढ़ें: देपालपुर : प्रभारी एसडीएम के भरोसे सांवेर, देपालपुर, खुड़ैल और राऊ तहसील, किसानों के सैकड़ों मामले पेंडिंग

हजारों लोगों को मिलेगा बेहतर आवागमन का लाभ 

निर्माण कार्य तय समय सीमा और निर्धारित गुणवत्ता के साथ पूरा होने पर बेटमा, कुटी, कालीबिल्लौद और आसपास के कई गांवों के हजारों लोगों को बेहतर सड़क सुविधा मिलेगी। इससे यात्रा का समय कम होगा, आवागमन सुरक्षित बनेगा और ग्रामीण क्षेत्रों की कनेक्टिविटी मजबूत होगी। स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि परियोजना समय पर पूरी होगी और क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी। 

Rahul Devda
By Rahul Devda

मेरा धर्म सत्ता नहीं, सत्य लिखना है, मेरी जिम्मेदारी जनता के दर्द को आवाज़ देना है ।। 🖋️

Latest Posts