चलती ट्रेन से मोबाइल छीनना पड़ा भारी,यात्रियों ने चोर का हाथ पकड़कर अगले स्टेशन तक लटकाए रखा; रास्ते में मारते रहे चांटे

बिहार के खगड़िया जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। बरौनी-कटिहार रेलखंड पर चल रही जनहित एक्सप्रेस में एक युवक ने खिड़की के पास बैठे यात्री का मोबाइल छीनने की कोशिश की, लेकिन उसकी यह कोशिश उसी पर भारी पड़ गई। ट्रेन में मौजूद यात्रियों ने तुरंत उसका हाथ पकड़ लिया और छोड़ने से इनकार कर दिया। इसके बाद युवक मानसी स्टेशन से खगड़िया स्टेशन तक ट्रेन के बाहर लटका रहा। इस दौरान कुछ यात्रियों ने उसे थप्पड़ भी मारे। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और अब यह मामला चर्चा का विषय बन गया है।
मानसी स्टेशन पर हुई वारदात
जानकारी के मुताबिक, जनहित एक्सप्रेस मानसी स्टेशन से रवाना हो रही थी, तभी एक युवक ने खिड़की के बाहर से हाथ डालकर यात्री का मोबाइल छीनने की कोशिश की। जैसे ही उसने मोबाइल पकड़ने का प्रयास किया, डिब्बे में बैठे अन्य यात्रियों ने उसका हाथ मजबूती से पकड़ लिया। युवक खुद को छुड़ाने की कोशिश करता रहा, लेकिन सफल नहीं हो सका।
अगले स्टेशन तक ट्रेन से बाहर लटका रहा युवक
ट्रेन चलने के बाद भी यात्रियों ने आरोपी का हाथ नहीं छोड़ा। वह मानसी से खगड़िया स्टेशन तक ट्रेन के बाहर लटका रहा। वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि डिब्बे के अंदर मौजूद कुछ लोग उसे थप्पड़ भी मार रहे हैं। वहीं, बाहर मौजूद उसके कुछ साथी उसे छुड़ाने की कोशिश करते दिखाई दिए, लेकिन वे भी सफल नहीं हो पाए।
खगड़िया स्टेशन पर जीआरपी के हवाले किया गया आरोपी
खगड़िया स्टेशन पहुंचने के बाद यात्रियों ने युवक को रेल पुलिस के हवाले कर दिया। मामले की सूचना मिलते ही जीआरपी ने उसे हिरासत में ले लिया और आगे की कार्रवाई शुरू की।
जीआरपी ने क्या कहा?
खगड़िया जीआरपी थाना प्रभारी मोहम्मद अलाउद्दीन ने बताया कि वायरल वीडियो में दिखाई दे रहा युवक भागलपुर के नौगछिया का रहने वाला मोहम्मद फखरुद्दीन उर्फ छोटू है। उनके मुताबिक, आरोपी ने मानसी स्टेशन पर जनहित एक्सप्रेस के यात्री का मोबाइल छीनने की कोशिश की थी। यात्रियों ने उसे मौके पर पकड़ लिया और खगड़िया स्टेशन पर जीआरपी के सुपुर्द कर दिया। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।












