ताजा खबरभोपाल

मुख्यमंत्री से मुलाकात के 24 घंटे बाद ही 13 मंत्रियों को मिले बंगले

कमल पटेल, रामखेलावन और सखलेचा को खाली करने होंगे आवास

भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मुलाकात के 24 घंटे के अंदर आखिरकार 13 मंत्रियों को सरकारी बंगले आवंटित करने संबंधी आदेश जारी कर दिए गए। ये सभी बंगले अभी खाली नहीं हैं। इनमें विधानसभा चुनाव में पराजित सात मंत्रियों ओपी सखलेचा, भारत सिंह कुशवाहा, कमल पटेल, रामकिशोर कावरे, प्रेम सिंह पटेल, राजवर्द्धन सिंह दत्तीगांव और रामखेलावन पटेल के बंगले भी शामिल हैं। नए पांच राज्य मंत्रियों को जल्द ही बंगले मिलने की उम्मीद है। बुधवार को मंत्रालय में कैबिनेट बैठक के दौरान कई मंत्री बंगला नहीं मिलने का मामला लाना चाह रहे थे लेकिन मौका नहीं मिल पाया। बैठक खत्म होने के बाद कुछ मंत्रियों ने मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव से अलग से मुलाकात की और अपनी समस्या बताई थी।

इन्हें बंगला मिलने का इंतजार

नारायण सिंह पंवार, नरेन्द्र शिवाजी पटेल, प्रतिमा बागरी, दिलीप अहिरवार और राधा सिंह।

मंत्रियों ने कहा था-समर्थकों से मुलाकात मुश्किल हो गई

सूत्रों के मुताबिक मंत्रियों ने मुख्यमंत्री से कहा कि भोपाल में बंगला नहीं होने से कार्यकर्ता और समर्थकों से मुलाकात करना मुश्किल हो गया है। होटल या विधायक विश्राम गृह में कब तक अधिकारियों को चर्चा के लिए बुलाते रहेंगे। मंत्रियों की बात सुनने के बाद मुख्यमंत्री ने गृह विभाग के अफसरों को तलब किया और तत्काल बंगले आवंटन करने के निर्देश दिए। इसके बाद गुरुवार को आदेश जारी हुए। मंत्री नए बंगले में तभी प्रवेश कर पाएंगे, जब पूर्व में रह रहे विधायक या पूर्व मंत्री रिक्त करेंगे।

राजस्व मंत्री का बंगला बदला, राज्य मंत्रियों को सी टाइप बंगले

मप्र सरकार के ज्यादातर मंत्रियों को भोपाल की लिंक रोड स्थित 74 बंगलों में आवास आवंटित किए गए हैं। सभी कैबिनेट मंत्रियों व स्वतंत्र प्रभार राज्य मंत्रियों को बी टाइप बंगले आवंटित किए गए हैं। जबकि दो राज्यमंत्रियों को सी टाइप बंगले आवंटित किए गए हैं। राजस्व मंत्री करण वर्मा का पुराना बंगला निरस्त कर 4 इमली में ही नया बंगला आवंटित किया गया है।

संबंधित खबरें...

Back to top button