
जोधपुर। इंडिगो की फ्लाइट में एक महिला यात्री की तबीयत बिगड़ने पर मंगलवार उसकी जोधपुर एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग करवाई गई। 61 वर्षीय मित्रा बानो को जोधपुर के गोयल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बता दें कि, फ्लाइट जेद्दा (सऊदी अरब) से दिल्ली जा रही थी।
अस्पताल पहुंचने से पहले ही हो गई थी मौत
जानकारी के मुताबिक, सऊदी अरब से जेद्दाह इंडिगो की फ्लाइट ने दिल्ली के लिए उड़ान भरी थी। रास्ते में महिला की तबीयत बिगड़ने के बाद फ्लाइट को जोधपुर एयरपोर्ट पर लैंड कराने का फैसला किया गया। फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग जोधपुर में सुबह 11 बजे कराई गई। महिला को जोधपुर के गोयल अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
जम्मू-कश्मीर की रहने वाली थी महिला
जानकारी के मुताबिक, मृतक महिला का बेटा मुजफ्फर उनके साथ विमान में था। 61 साल की मित्रा बानो जम्मू-कश्मीर के हजारीबाग की रहने वाली थी। गोयल हॉस्पिटल के डॉक्टरों का कहना है कि, महिला की मौत अस्पताल में आने से पहले ही हो चुकी थी। अस्पताल प्रशासन ने पुलिस को मामले की सूचना दी।
इंडिगो की फ्लाइट में पहले भी हुआ था कुछ ऐसा
इससे पहले भी इस साल मदुरै से दिल्ली आ रही इंडिगो की फ्लाइट में एक यात्री की तबीयत अचानक बिगड़ गई थी। उसके मुंह से खून निकलने लगा था। जिसके बाद फ्लाइट को डायवर्ट कर इंदौर के देवी अहिल्याबाई होलकर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर उसकी इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। 60 वर्षीय यात्री को एयरपोर्ट के पास ही एक अस्पताल में ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
ये भी पढ़ें- एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट के इंजन में लगी आग, अबू धाबी में इमरजेंसी लैंडिंग; सभी यात्री सुरक्षित