PlayBreaking News

भारत-ब्रिटेन FTA लागू:सस्ती होंगी लग्जरी कारें, ब्यूटी प्रोडक्ट्स, स्कॉच व्हिस्की और कई विदेशी सामान, आम लोगों को क्या मिलेगा फायदा?

भारत और ब्रिटेन के बीच फ्री ट्रेड एग्रीमेंट (FTA) आज से लागू हो गया है। इस समझौते के बाद हजारों उत्पादों पर आयात शुल्क कम या खत्म होगा, जिससे भारत में स्कॉच व्हिस्की, लग्जरी कारें, ब्यूटी प्रोडक्ट्स और कई ब्रिटिश सामान सस्ते हो सकते है।
Follow on Google News
सस्ती होंगी लग्जरी कारें, ब्यूटी प्रोडक्ट्स, स्कॉच व्हिस्की और कई विदेशी सामान, आम लोगों को क्या मिलेगा फायदा?
भारत और ब्रिटेन के बीच फ्री ट्रेड एग्रीमेंट (FTA) आज से लागू हो गया है

भारत और ब्रिटेन (यूके) के बीच व्यापारिक रिश्तों के लिए 15 जुलाई एक ऐतिहासिक दिन बन गया है। आज से दोनों देशों के बीच फ्री ट्रेड एग्रीमेंट (FTA) आधिकारिक रूप से लागू हो गया है। इस समझौते का उद्देश्य दोनों देशों के बीच व्यापार को बढ़ाना, आयात-निर्यात को आसान बनाना और कारोबार की लागत कम करना है। इस समझौते के लागू होने के बाद कई उत्पादों पर लगने वाला आयात शुल्क (टैरिफ) कम या पूरी तरह खत्म कर दिया जाएगा। इसका सीधा फायदा भारत और ब्रिटेन दोनों देशों के व्यापारियों के साथ-साथ आम लोगों को भी मिलेगा।

क्या है फ्री ट्रेड एग्रीमेंट (FTA)?

फ्री ट्रेड एग्रीमेंट यानी ऐसा व्यापार समझौता, जिसमें दो देश एक-दूसरे के उत्पादों पर लगने वाले टैक्स या कस्टम ड्यूटी को कम या खत्म कर देते हैं। इससे दोनों देशों के बीच व्यापार आसान हो जाता है, सामान सस्ता मिलता है और कंपनियों को नए बाजारों तक पहुंचने का मौका मिलता है। भारत और ब्रिटेन के बीच हुआ यह समझौता भी इसी उद्देश्य से किया गया है।

यह भी पढ़ें: भारत-ब्रिटेन के बीच हुआ ऐतिहासिक FTA समझौता, PM मोदी ने सभी वर्गों के लिए फायदेमंद बताया

100 अरब डॉलर के व्यापार का लक्ष्य

समझौता लागू होने से पहले वाणिज्य सचिव राजेश अग्रवाल ने कहा कि भारत और ब्रिटेन आने वाले 3 से 4 वर्षों में 100 अरब डॉलर के व्यापार का लक्ष्य हासिल करना चाहते हैं। सरकार का मानना है कि इस समझौते से दोनों देशों के बीच कारोबार में तेजी आएगी और निवेश के नए अवसर भी बनेंगे।

Twitter Post

भारत के किन सेक्टरों को होगा सबसे ज्यादा फायदा

करीब सभी प्रमुख भारतीय उत्पादों पर जीरो टैरिफ या बेहद कम शुल्क लगेगा। इससे भारत के कई उद्योगों को सीधा फायदा मिलेगा। इनमें प्रमुख क्षेत्र हैं-

  • टेक्सटाइल (कपड़ा उद्योग)
  • खाद्य उत्पाद
  • चमड़ा उद्योग
  • फुटवियर
  • इंजीनियरिंग उत्पाद
  • फार्मा (दवा उद्योग)

इन क्षेत्रों के उत्पाद अब ब्रिटेन में अधिक प्रतिस्पर्धी कीमत पर बिक सकेंगे।

12 हजार से ज्यादा उत्पादों पर मिलेगी राहत

इस समझौते के तहत लगभग 12 हजार उत्पादों में से 89.5 प्रतिशत वस्तुओं पर आयात शुल्क कम या पूरी तरह खत्म किया जाएगा। इनमें से 64 प्रतिशत से अधिक उत्पादों को तुरंत ड्यूटी-फ्री एंट्री मिलेगी। बाकी उत्पादों पर भी आने वाले वर्षों में चरणबद्ध तरीके से शुल्क समाप्त किया जाएगा। इससे दोनों देशों के व्यापारियों को बड़ा लाभ मिलेगा।

यह भी पढ़ें: ब्रिटेन पहुंचे प्रधानमंत्री मोदी : प्रधानमंत्री स्टार्मर और किंग चार्ल्स से करेंगे मुलाकात, ऐतिहासिक फ्री ट्रेड एग्रीमेंट (FTA) पर होंगे हस्ताक्षर

भारत में सस्ते होंगे कई ब्रिटिश उत्पाद

FTA लागू होने के बाद ब्रिटेन से आने वाले कई विदेशी सामान पहले की तुलना में कम कीमत पर उपलब्ध होंगे। इससे भारतीय ग्राहकों को भी सीधा फायदा मिलेगा क्योंकि आयात शुल्क कम होने से इन उत्पादों की कीमतें घट सकती हैं।

स्कॉच व्हिस्की होगी काफी सस्ती

इस समझौते का सबसे बड़ा असर ब्रिटिश स्कॉच व्हिस्की पर देखने को मिलेगा। अभी तक भारत में आयात होने वाली स्कॉच व्हिस्की पर 150 प्रतिशत तक आयात शुल्क लगता था। FTA लागू होने के बाद इस शुल्क को धीरे-धीरे घटाकर 40 प्रतिशत तक लाया जाएगा। इससे भविष्य में स्कॉच व्हिस्की की कीमतों में कमी देखने को मिल सकती है।

ब्यूटी प्रोडक्ट्स भी होंगे सस्ते

ब्रिटेन से आने वाले कई कॉस्मेटिक और ब्यूटी प्रोडक्ट्स भी अब कम कीमत पर मिल सकते हैं। फिलहाल इन उत्पादों पर करीब 22 प्रतिशत आयात शुल्क लगता है। अब इस शुल्क को या तो तुरंत कम किया जाएगा या अगले 10 वर्षों में धीरे-धीरे समाप्त किया जाएगा। इससे विदेशी ब्यूटी प्रोडक्ट्स खरीदने वाले ग्राहकों को फायदा मिलेगा।

यह भी पढ़ें: भारत-कनाडा फ्री ट्रेड डील पर बातचीत तेज : 2030 तक 50 अरब डॉलर व्यापार का लक्ष्य, PM मार्क कार्नी ने बताया ‘गेम चेंजर’

लग्जरी कारें भी होंगी सस्ती

भारत-ब्रिटेन FTA का असर ऑटोमोबाइल सेक्टर पर भी दिखाई देगा। ब्रिटेन से आयात होने वाली लग्जरी कारों पर लगने वाला शुल्क 100 प्रतिशत से घटाकर 10 प्रतिशत किया जाएगा। हालांकि यह कटौती समझौते की शर्तों के अनुसार चरणबद्ध तरीके से लागू होगी। इनमें लैंड रोवर, जगुआर, रोल्स-रॉयस, एस्टन मार्टिन, डिफेंडर शामिल है।

वहीं इलेक्ट्रिक गाड़ियों पर अभी नहीं मिलेगी राहत। हालांकि इस समझौते में इलेक्ट्रिक वाहनों (EV) को शुरुआती पांच वर्षों तक इस विशेष छूट में शामिल नहीं किया गया है। यानि फिलहाल इलेक्ट्रिक कारों पर पहले जैसी व्यवस्था लागू रहेगी।

आम लोगों को क्या मिलेगा फायदा?

इस समझौते का फायदा सिर्फ बड़े कारोबारियों को ही नहीं बल्कि आम लोगों को भी मिलेगा।

  • विदेशी सामान कम कीमत पर मिल सकते हैं।
  • लग्जरी कारें पहले से सस्ती हो सकती हैं।
  • स्कॉच व्हिस्की और कुछ अन्य आयातित उत्पादों की कीमत घट सकती है।
  • भारतीय उद्योगों में निर्यात बढ़ने से रोजगार के नए अवसर पैदा हो सकते हैं।
  • व्यापार बढ़ने से अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलने की उम्मीद है।

Garima Vishwakarma
By Garima Vishwakarma

गरिमा विश्वकर्मा | People’s Institute of Media Studies से B.Sc. Electronic Media की डिग्री | पत्रकार...Read More

नई दिल्ली
--°
बारिश: -- mmह्यूमिडिटी: --%हवा: --
Source:AccuWeather
icon

Latest Posts