इंदौरताजा खबर

कांग्रेस के अदने नेता शेखर पटेल के बिगड़े बोल पर घिरी कांग्रेस

इंदौर। केंद्र सरकार पर अडाणी समूह को अनुचित मदद पहुंचाने का आरोप लगाते हुए इंदौर शहर कांग्रेस ने सुबह यहां विजय नगर थाना क्षेत्र स्थित सत्यसांई चौराहे पर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान एक कांग्रेस नेता चंद्रशेखर पटेल के बिगड़े और अमर्यादित बोल कांग्रेस को भारी पड़ते दिखाई दे रहे हैं।

दरअसल, भाजपा ने भी मैदान पकड़ते हुए कांग्रेस नेताओं पर कार्रवाई की मांग को लेकर पुलिस अधिकारियों का रुख किया। पुलिस ने भी बगैर अनुमति धरना प्रदर्शन और आपत्तिजनक बोल को लेकर दो पृथक-पृथक प्रकरण कांग्रेस नेताओं के विरुद्ध दर्ज किए है। इस मुद्दे पर भाजपा सरकार के खिलाफ आक्रामक हो रही कांग्रेस अब बचाव की मुद्रा में है, जबकि भाजपा इस मुद्दे पर पार्टी को घेरने में लगी है।

भाजपा ने किया घेराव, कांग्रेस नेताओं पर केस

पटेल के बयान से नाराज नगर भाजपा के नेताओं ने शुक्रवार शाम डीसीपी संपत उपाध्याय के कार्यालय का घेराव किया। शहर अध्यक्ष गौरव रणदिवे व पार्षदों सहित 200 भाजपा कार्यकर्ताओं ने आरोपी कांग्रेस नेताओं के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। बयान का वीडियो देखकर डीसीपी के निर्देश पर टिप्पणी करने वाले कांग्रेस नेता शेखर पटेल पर विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया है। उधर, विजय नगर थाना टीआई रवींद्र गुर्जर ने बताया कि शेखर के अलावा चिंटू चौकसे, शिवलाल गुर्जर, गब्बर पंवार, राजू भदौरिया, बाबूलाल यादव और अन्य के विरुद्ध भी धारा 188 (बगैर अनुमति धरना-प्रदर्शन) के तहत केस दर्ज किया। उधर भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश सोनकर ने भी शेखर पटेल पर कार्रवाई की मांग की है।

कांग्रेस क्यों कर रही है विरोध ?

कांग्रेस का केंद्र सरकार पर आरोप है कि केंद्र सरकार ने अडाणी समूह को करोड़ों रुपए का कर्ज दिया है, जिससे एलआईसी के 29 करोड़ पॉलिसीधारक और एसबीआई के 45 करोड़ खाताधारकों के निवेश पर संकट खड़ा हो गया है। कांग्रेस का आरोप है कि इन दो संस्थाओं में लगे देश की जनता के पैसे पर केंद्र की दूषित मंशा के चलते संकट खड़ा हो गया है। कांग्रेस के देशव्यापी आह्वान के बाद इंदौर नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष चिंटू चौकसे और कांग्रेस राजू भदौरिया की अगुआई में शुक्रवार सुबह सत्यसांई चौराहे के समीप कांग्रेस ने आंदोलन किया। इसी दौरान शेखर पटेल ने सीएम को लेकर अशोभनीय टिप्पणी की है।

कार्यकर्ता पर हो सकती है कार्रवाई – शहर कांग्रेस

इस मामले में पूछने पर कांग्रेस के शहर प्रभारी महेंद्र जोशी ने कहा- अमर्यादित शब्दों का इस्तेमाल कांग्रेस की संस्कृति नहीं है। भावावेश में कोई अनुचित बात निकल गई है, तो मैं इसकी जांच करके यथोचित कार्रवाई करूंगा। भाजपा के लोग हमारे नेताओं के बारे में अनर्गल टिप्पणी करते हैं, लेकिन हमारी पार्टी में शिष्टाचार प्राथमिकता है।

संबंधित खबरें...

Back to top button