Team India A : श्रीलंका दौरे के लिए टीम इंडिया का ऐलान, तिलक वर्मा की कप्तानी में खेलेंगे वैभव सूर्यवंशी

स्पोर्ट्स डेस्क। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने जून 2026 में श्रीलंका में होने वाली ट्राई नेशन वनडे सीरीज के लिए इंडिया A टीम का ऐलान कर दिया है। चयन समिति ने इस बार युवा खिलाड़ियों पर भरोसा जताते हुए 15 सदस्यीय टीम चुनी है। टीम की कमान तिलक वर्मा को सौंपी गई है, जबकि रियान पराग को उपकप्तान बनाया गया है। सबसे ज्यादा चर्चा 15 साल के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी की हो रही है, जिन्हें पहली बार इंडिया A टीम में मौका मिला है।
श्रीलंका, अफगानिस्तान से टक्कर
इस ट्राई सीरीज में इंडिया A के अलावा श्रीलंका A और अफगानिस्तान A की टीमें हिस्सा लेंगी। सीमित ओवरों की यह पूरी सीरीज श्रीलंका के दांबुला में खेली जाएगी। इसके बाद इंडिया A टीम श्रीलंका A के खिलाफ दो मल्टी-डे मुकाबले भी खेलेगी, जिनका आयोजन गॉल में होगा। रेड बॉल सीरीज के लिए अलग टीम का ऐलान बाद में किया जाएगा। 9 जून से शुरू होने वाली इस सीरीज का फाइनल मुकाबला 21 जून को खेला जाएगा।
IPL के स्टार खिलाड़ियों को मौका
इंडिया A टीम में कई ऐसे खिलाड़ियों को शामिल किया गया है जिन्होंने घरेलू क्रिकेट और IPL 2026 में शानदार प्रदर्शन किया है। युवा बल्लेबाज प्रियांश आर्य, आयुष बदोनी, निशांत सिंधु और हर्ष दुबे जैसे नाम टीम में शामिल हैं। विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी प्रभसिमरन सिंह और कुमार कुशाग्र संभालेंगे। वहीं गेंदबाजी में यश ठाकुर, युद्धवीर सिंह, अंशुल कंबोज और अरशद खान को मौका मिला है। ऑलराउंडर के रूप में रियान पराग, निशांत सिंधु, हर्ष दुबे और विपराज निगम टीम को संतुलन देंगे।
ये भी पढ़ें: ‘ऐसी बल्लेबाजी नहीं चलेगी’ : SRH की हार के बाद श्रीकांत का फूटा गुस्सा, अभिषेक-हेड को लगाई फटकार
वैभव सूर्यवंशी ने प्रदर्शन से जीता भरोसा
वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल 2026 में अपने प्रदर्शन से सभी को प्रभावित किया। राजस्थान रॉयल्स के लिए खेलते हुए उन्होंने 11 मैचों में 440 रन बनाए। इस दौरान उनका सर्वाधिक स्कोर 103 रहा। उनका औसत 40.00 और स्ट्राइक रेट 236.55 रहा, जो उनकी आक्रामक बल्लेबाजी को दिखाता है। उन्होंने 1 शतक और 2 अर्धशतक लगाए, जबकि 38 चौके और 40 छक्के जड़े। इसी प्रदर्शन ने उन्हें टूर्नामेंट के सबसे विस्फोटक युवा बल्लेबाजों में शामिल कर दिया।
कम उम्र में ही बना चुके हैं कई रिकॉर्ड
वैभव सूर्यवंशी की प्रतिभा पहले ही क्रिकेट जगत में चर्चा का विषय बन चुकी है। आईपीएल 2025 ऑक्शन में मात्र 13 साल की उम्र में वह आईपीएल कॉन्ट्रैक्ट पाने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बने थे, जब राजस्थान रॉयल्स ने उन्हें 1.1 करोड़ रुपये में खरीदा था। इससे पहले वह भारत अंडर-19 टीम का हिस्सा रह चुके हैं। ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 के खिलाफ चार दिवसीय मुकाबले में उन्होंने 58 गेंदों में शतक लगाया था। 2024 और 2025 के ACC अंडर-19 एशिया कप में भी उन्होंने शानदार बल्लेबाजी की। रणधीर वर्मा अंडर-19 टूर्नामेंट में उनकी नाबाद 332 रन की पारी ने भी खूब सुर्खियां बटोरी थीं।
ये भी पढ़ें: Virat Kohli : 12वीं बार 400+ रन, रोहित शर्मा की बराबरी, विराट ने रायपुर में बनाए 5 बड़े रिकॉर्ड्स
अंडर-19 विश्व कप फाइनल में खेली थी ऐतिहासिक पारी
अंडर-19 विश्व कप 2026 के फाइनल में वैभव सूर्यवंशी ने इंग्लैंड के खिलाफ सिर्फ 80 गेंदों में 175 रन की तूफानी पारी खेली थी। इस पारी में उन्होंने 15 चौके और 15 छक्के लगाए थे, जिसकी बदौलत भारत ने खिताब अपने नाम किया। अब उनके शानदार प्रदर्शन का इनाम उन्हें इंडिया A टीम में चयन के रूप में मिला है। इंडिया A स्क्वॉड में तिलक वर्मा (कप्तान), प्रियांश आर्य, वैभव सूर्यवंशी, रियान पराग, आयुष बदोनी, निशांत सिंधु, हर्ष दुबे, सूर्यांश शेडगे, प्रभसिमरन सिंह, कुमार कुशाग्र, विपराज निगम, यश ठाकुर, युद्धवीर सिंह, अंशुल कंबोज और अरशद खान शामिल हैं।












