
भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के लाल परेड मैदान में रविवार को स्वतंत्रता दिवस समारोह की फुल ड्रेस परेड एवं फाइनल रिहर्सल हुई। इस दौरान पुलिस महानिदेशक सुधीर सक्सेना, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक फरीद शापू एवं कलेक्टर भोपाल आशीष सिंह सहित अन्य अधिकारियों ने स्वतंत्रता दिवस समारोह की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
परेड की सलामी के बाद किया संदेश का वाचन
फुल ड्रेस परेड के फाइनल रिहर्सल के दौरान 7वीं बटालियन के प्रधान आरक्षक रामचन्द्र सिंह कुशवाहा ने प्रतीक स्वरूप मुख्य अतिथि की भूमिका निभाई और ध्वजारोहण, राष्ट्रीय धुन एवं परेड द्वारा सलामी के बाद परेड का निरीक्षण कर संदेश का वाचन किया। उसके बाद परेड का विसर्जन कर कार्यक्रम संपन्न हुआ। फाइनल परेड रिहर्सल का नेतृत्व भारतीय पुलिस सेवा की सहायक पुलिस आयुक्त इंदौर सोनाक्षी सक्सेना ने किया। सहायक परेड कमांडर की भूमिका उप पुलिस अधीक्षक एटीएस भोपाल राहुल कुमार सैयाम ने निभाई।
18 टुकड़ियों ने लिया हिस्सा
संयुक्त रिहर्सल परेड में पुलिस बैण्ड सहित कुल 18 टुकड़ियों ने भाग लिया। इनमें राजस्थान प्रदेश पुलिस बल, विशेष सशस्त्र बल (उत्तरी जोन), महिलाओं का विशेष सशस्त्र बल, जिला बल एवं रेल की संयुक्त टुकड़ी, हॉकफोर्स, एसटीएफ, जिला पुलिस बल, जेल विभाग, शासकीय रेल पुलिस, नगर सेना (होमगार्ड), NCC (सीनियर विंग गर्ल्स), NCC (सीनियर डिवीजन), गाइड गर्ल्स, स्काउट्स बॉयज, शौर्य दल, लाड़ली बहना तथा अश्वरोही टीम शामिल है।
सभी दलों के प्लाटून कमाण्डरों ने दिया परिचय
प्रतीक स्वरूप संदेश वाचन के बाद राष्ट्रपति पदक प्राप्त 64 अधिकारियों एवं कर्मचारियों व अन्य दो विभूतियों ने भी मुख्य अतिथि से पदक अलंकरण प्राप्त करने का अभ्यास किया। अंत में परेड कमाण्डर और परेड में शामिल सभी दलों के प्लाटून कमाण्डरों ने मुख्य अतिथि को अपना परिचय देने का अभ्यास भी किया।
कार्यक्रम की सभी व्यवस्थाओं की जांच
रिहर्सल के दौरान स्टेडियम में नागरिकों के आने-जाने व सुरक्षा व्यवस्था सहित स्टेडियम के यातायात, पार्किंग एवं अन्य सभी व्यवस्थाओं की भी बारीकी से जांच की गई। इस अवसर पर पुलिस मुख्यालय के वरिष्ठ अधिकारियों सहित जिला प्रशासन व भोपाल पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।