रोहित-कोहली ने बनाया बड़ा रिकॉर्ड :बुमराह को पहली ही गेंद पर विकेट; कार्डिफ वनडे में दिखे कई यादगार मोमेंट्स

स्पोर्ट्स डेस्क। इंग्लैंड ने दूसरे वनडे में भारत को 4 विकेट से हराकर सीरीज में शानदार जीत दर्ज की। कार्डिफ के सोफिया गार्डन्स में खेले गए मुकाबले में सिर्फ रोमांचक क्रिकेट ही नहीं, बल्कि कई रिकॉर्ड और दिलचस्प घटनाएं भी देखने को मिलीं। विराट कोहली और रोहित शर्मा ने साझेदारी का नया मुकाम हासिल किया, वहीं जसप्रीत बुमराह ने पहली ही गेंद पर विकेट लेकर इतिहास रच दिया। मैच के दौरान एक शॉट से मैदान पर बैठा सीगल पक्षी भी घायल हो गया, जिससे कुछ देर खेल रोकना पड़ा।
रोहित-कोहली ने पूरे किए 8 हजार साझेदारी रन
रोहित शर्मा और विराट कोहली ने इंटरनेशनल क्रिकेट में 8,021 रन की साझेदारी पूरी कर ली। कार्डिफ वनडे में दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 60 रन जोड़े। इसके साथ ही यह जोड़ी भारत की तीसरी सबसे सफल इंटरनेशनल साझेदारी बन गई। इस सूची में पहले स्थान पर सचिन तेंदुलकर और सौरव गांगुली, जबकि दूसरे स्थान पर सचिन तेंदुलकर और राहुल द्रविड़ हैं।
कोहली ने की विवियन रिचर्ड्स की बराबरी
विराट कोहली ने 65 रन की पारी खेलते हुए इंग्लैंड के खिलाफ अपना 14वां 50+ स्कोर बनाया। इस उपलब्धि के साथ उन्होंने वेस्टइंडीज के महान बल्लेबाज सर विवियन रिचर्ड्स की बराबरी कर ली। इंग्लैंड के खिलाफ सबसे ज्यादा 50+ स्कोर बनाने का रिकॉर्ड श्रीलंका के कुमार संगकारा के नाम है, जिन्होंने 15 बार यह कारनामा किया है।
यह भी पढ़ें: मुंबई इंडियंस के अगले कप्तान बन सकते हैं बुमराह! हार्दिक की ट्रेड डील संभव, इंग्लैंड में होगी मैनेजमेंट की अहम मीटिंग
मैच के 3 बड़े मोमेंट्स
बुमराह ने पहली ही गेंद पर रचा इतिहास
जसप्रीत बुमराह ने इंग्लैंड की पारी की पहली गेंद पर ही बेन डकेट को विकेटकीपर ईशान किशन के हाथों कैच आउट कराया। वह इंग्लैंड के खिलाफ वनडे में पहली गेंद पर विकेट लेने वाले पहले भारतीय गेंदबाज बन गए। डकेट बिना खाता खोले पवेलियन लौटे।
बुमराह ने मैच की पहली ही गेंद पर बेन डकेट को आउट किया
जो रूट ने कोहली को छोड़ा पीछे
इंग्लैंड के अनुभवी बल्लेबाज जो रूट ने नाबाद 99 रन की मैच जिताऊ पारी खेली। इसके साथ ही वनडे में रन चेज के दौरान उनका बल्लेबाजी औसत 91.59 पहुंच गया। अब इस सूची में उनसे आगे केवल महेंद्र सिंह धोनी (102.71) हैं, जबकि विराट कोहली तीसरे स्थान पर खिसक गए। रूट वनडे में 99 रन पर नाबाद रहने वाले इंग्लैंड के पहले बल्लेबाज भी बने।

अय्यर का शॉट सीगल को लगा
भारत की पारी के दौरान श्रेयस अय्यर का एक जोरदार शॉट मैदान पर बैठे सीगल पक्षी को लग गया। पक्षी के घायल होने पर इंग्लैंड के खिलाड़ी जैकब बेथेल ने उसे उठाकर मैदान के बाहर मौजूद स्टाफ को सौंपा। वहीं, जोफ्रा आर्चर और गुरनूर बरार के बीच बाउंसर गेंदों को लेकर हल्की नोकझोंक भी देखने को मिली। दूसरी ओर, जसप्रीत बुमराह ने बल्ले से भी कमाल दिखाते हुए एक ओवर में 18 रन बटोरे। इंग्लैंड की पारी में गुरनूर बरार की एक शॉर्ट गेंद हैरी ब्रूक के हेलमेट पर लगी, जिसके बाद उनका कनकशन टेस्ट किया गया। हालांकि, जांच के बाद ब्रूक ने अपनी बल्लेबाजी जारी रखी।
मुकाबले के दौरान श्रेयस अय्यर का शॉट सीगल पक्षी को लगा











