
इस्लामाबाद। पाकिस्तान में एक बार फिर सेना और पुलिस पर आतंकी हमला हुआ है। सोमवार को बलूचिस्तान में कांस्टेबुलरी वैन (पुलिस वैन) पर आत्मघाती हमला हुआ। एक सुसाइड बॉम्बर ने बाइक से पुलिस वैन में टक्कर मार दी। इसके बाद हुए धमाके में 9 पुलिसकर्मियों की मौत हो गई, जबकि 15 घायल बताए जा रहे हैं। पिछले 2 महीने में पुलिस पर हुआ ये चौथा बड़ा हमला है।
कहां हुआ धमाका
पुलिस टीम पर ये हमला ब्लूचिस्तान के बोलान इलाके में हुआ। पाकिस्तानी मीडिया के अनुसार, यह इलाका सिबी और कच्छी सीमा पर स्थित है। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि, वैन बलूचिस्तान के सिबी से क्वेटा लौट रही थी। इस बीच जब वैन काछी सीमा से लगे कंबरी पुल पर पहुंची तो अचानक धमाका हो गया। । इलाके की घेराबंदी कर तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।
किसी आतंकी ग्रुप ने नहीं ली जिम्मेदारी
बलूचिस्तान के CM अब्दुल कुद्दुस बिजेन्जो ने इसे आतंकी हमला बताया है। हालांकि, इस घटना की अब तक किसी आतंकी ग्रुप ने जिम्मेदारी नहीं ली है। लेकिन शक तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान यानी TTP पर है। बता दें कि पाकिस्तान में नवंबर 2022 में तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) और सरकार के बीच बातचीत टूटने के बाद से हमलों में तेजी आई है। TTP पहले भी पाकिस्तान पुलिस पर बड़े हमले कर चुका है।
TTP द्वारा किए गए तीन बड़े हमले
पहला: इस्लामाबाद, 23 दिसंबर 2022
इस्लामाबाद के रेड जोन में रूटीन चेक के लिए पुलिस ने एक टैक्सी को रोका तो ड्राइवर ने खुद को बम से उड़ा लिया। इस हमले में एक अफसर समेत कुल 4 पुलिसवालों की मौत हो गई और 6 लोग गंभीर रूप से घायल हुए।
दूसरा: पेशावर, 30 जनवरी 2023
पेशावर की पुलिस लाइन्स की मस्जिद में फिदायीन हमला हुआ था। मस्जिद में उस समय दोपहर की नमाज के लिए करीब 500 लोग मौजूद थे। फिदायीन हमलावर बीच की एक लाइन में मौजूद था। उसने खुद को उड़ा लिया। इस हमले में 110 पुलिसवाले मारे गए। इस हमले की जिम्मेदारी तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) ने ली थी।
तीसरा: कराची, 18 फरवरी 2023
कराची के शराह-ए-फैसल इलाके में स्थित 5 मंजिला पुलिस हेडक्वार्टर में कुछ आतंकियों ने हमला कर दिया था। हमले में एक पुलिस अफसर, एक रेंजर समेत 4 की जान चली गई और 18 लोग घायल हुए हैं। सुरक्षाबलों की जवाबी कार्रवाई में तीन आतंकी भी मारे गए। हमले की जिम्मेदारी TTP ने ली थी।