अंतर्राष्ट्रीय

इमरान खान का राष्ट्र के नाम संबोधन कैंसिल; आर्मी चीफ और ISI डीजी से मुलाकात के बाद लिया यू-टर्न

पाकिस्तान में जारी सियासी घमासान प्रधानमंत्री इमरान खान ने आर्मी चीफ से मुलाकात के बाद आज राष्ट्र को संबोधित करने का प्लान कैंसिल कर दिया है। वे आज शाम 7.30 बजे देश को संबोधित करने वाले थे। वहीं दावा किया जा रहा था कि इमरान खान आज ही इस्तीफा भी दे देंगे। इसी बीच आर्मी चीफ कमर जावेद बाजवा और ISI के डीजी नदीम अंजुम इमरान से मुलाकात करने पहुंचे थे। इसके बाद सियासत में नया मोड़ आया और प्रधानमंत्री का राष्ट्र के नाम संबोधन टाल दिया गया है।

ये भी पढ़ें: यूक्रेन में थमेगा युद्ध या रूस बना रहा मूर्ख! पुतिन ने कीव से सेना हटाने का किया ऐलान, लेकिन US को मॉस्को पर संदेह

2 मंत्रियों ने दिया इमरान की कैबिनेट से इस्तीफा

पीएम इमरान खान के राष्ट्र को संबोधन करने का ऐलान ऐसे समय पर आया, जब फ्लोर टेस्ट से पहले उन्हें एक बड़ा झटका लगा है। MQM के दो मंत्रियों ने इमरान की कैबिनेट से इस्तीफा दे दिया है। MQM इमरान खान की सरकार में सहयोगी पार्टी थी। इसके बाद बुधवार को ही MQM ने विपक्षी पार्टियों से समझौता कर लिया। इसके पहले बुधवार सुबह पीपीपी प्रमुख बिलावल भुट्टो जरदारी ने ट्वीट कर बताया कि संयुक्त विपक्ष और MQM के बीच एक समझौता हुआ है। राबता कमेटी MQM और PPP सीईसी समझौते की पुष्टि करेगी। कल इसकी जानकारी मीडियो का देंगे।

इमरान खान के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पेश

बता दें कि इमरान खान के खिलाफ विपक्ष ने अविश्वास प्रस्ताव पेश किया है। इस पर 31 मार्च से चर्चा होनी है, लेकिन इससे पहले MQM और पीपीपी के समझौते के बाद इमरान खान सरकार ने बहुमत खो दिया है। उधर, इमरान खान ने आरोप लगाया है कि कुछ लोग विदेशी फंड की मदद से पाकिस्तान में उनकी सरकार गिराने की कोशिश कर रहे हैं। इमरान सरकार में मंत्री असद उमर ने दावा किया है कि पीएम इमरान पाकिस्तान के चीफ जस्टिस को यह पत्र दिखाने के लिए तैयार हैं।

ये भी पढ़ें: 33 दिनों बाद भी थमता नजर नहीं आ रहा Russia-Ukraine War, अब तुर्की में होने वाली वार्ता पर सबकी नजर

ऐसा है पाकिस्तानी संसद का गणित

पाकिस्तान असेंबली में 342 सदस्य हैं। इसमें बहुमत के लिए 172 सदस्य होने जरूरी हैं। MQM के इमरान खान का साथ छोड़ने के बाद विपक्ष के पास 177 सदस्यों का समर्थन हो जाएगा। जबकि इमरान खान के पास 164 सदस्यों का समर्थन रह जाएगा। विपक्ष को इमरान खान की सरकार गिराने के लिए सिर्फ 172 सदस्यों की जरुरत है। जो अब संभव होता नजर आ रहा है। बता दें कि इमरान खान की पार्टी 2018 में सत्ता में आई थी और पाकिस्तान में अगला आम चुनाव अक्टूबर 2023 में होना है।

पार्टी के 2 दर्जन सांसद बागी

जानकारी के अनुसार, इमरान खान की पार्टी के करीब 2 दर्जन सांसद बागी हैं। इसके अलावा सरकार में सहयोगी पार्टियों MQMP, PMLQ और जम्हूरी वतन पार्टियों ने भी एक एक कर साथ छोड़ना शुरू कर दिया है। पहले जम्हूरी वतन पार्टी के नेता शाहजैन बुगती ने इमरान कैबिनेट से इस्तीफा दे दिया। साथ ही उन्होंने इमरान के खिलाफ विपक्ष का समर्थन देने का फैसला किया है। उधर, MQMP ने भी अब विपक्ष के साथ समझौता कर लिया है।

अंतर्राष्ट्रीय की अन्य खबरों के लिए यहां क्लिक करें…

संबंधित खबरें...

Back to top button