हैदराबाद में बनेगा देश का सबसे बड़ा AI डेटा सेंटर, 70 हजार करोड़ का होगा निवेश

TCS की सब्सिडियरी कंपनी हाइपरवॉल्ट AI डेटा सेंटर लिमिटेड इस मेगा प्रोजेक्ट को तैयार करेगी। सेंटर को बड़ी AI तकनीकों, भारी कंप्यूटिंग और हाई-स्पीड प्रोसेसिंग की जरूरतों को ध्यान में रखकर विकसित किया जाएगा।
264 एकड़ जमीन पर तैयार होगा कैंपस
TCS ने स्टॉक एक्सचेंज फाइलिंग में बताया कि प्रोजेक्ट के लिए हैदराबाद में 264 एकड़ जमीन तय कर ली गई है। इसे अलग-अलग फेज में तैयार किया जाएगा और पूरा होने के बाद यह भारत का सबसे बड़ा और आधुनिक AI सेंटर होगा।
ये भी पढ़ें: लापता पति की तलाश में दुबई से सतना पहुंची अश्विंदर, आरोप-ससुराल पक्ष ने पति को छुपाकर रखा
बड़ी टेक कंपनियों और AI स्टार्ट-अप्स को फायदा
कंपनी के मुताबिक, सेंटर को दुनिया की बड़ी टेक कंपनियों और AI स्टार्ट-अप्स की जरूरतों को ध्यान में रखकर बनाया जाएगा। यहां बड़े AI मॉडल की ट्रेनिंग, उन्हें चलाने और हाई-स्पीड प्रोसेसिंग के लिए सुपर-फास्ट ग्राफिक्स कार्ड्स का इस्तेमाल होगा।
पूरी तरह इको फ्रेंडली होगा सेंटर
यह AI सेंटर पूरी तरह इको-फ्रेंडली होगा। इसमें सौर-पवन जैसी ग्रीन एनर्जी का इस्तेमाल किया जाएगा और पानी की बर्बादी भी नहीं होगी। साथ ही, हाई-स्पीड इंटरनेट और पावर मैनेजमेंट सिस्टम के जरिए डेटा सेंटर का काम तेजी से और बिना रुकावट पूरा करने की तैयारी है। यह प्रोजेक्ट भारत के AI और डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर को नई मजबूती देने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।
हजारों लोगों को मिलेंगी नौकरियां
प्रोजेक्ट से स्थानीय लोगों को हजारों नौकरियां मिलने की उम्मीद है। इसके साथ ही बिजली, नेटवर्किंग, कंस्ट्रक्शन और इंजीनियरिंग जैसे क्षेत्रों से जुड़े कारोबार को भी बड़ा फायदा होगा।
ये भी पढ़ें: Tiago की छुट्टी? TATA ला रही है ये नई कार, लुक देखते रह जाएंगे!
लिक्विड कूलिंग से संभलेगी भारी कंप्यूटिंग
हाइपरवॉल्ट के CEO दीपेश किरण नंदा ने बताया कि सेंटर को भविष्य की तकनीकों को ध्यान में रखकर बनाया जा रहा है। भारी-भरकम कंप्यूटिंग और प्रोसेसर को ठंडा रखने के लिए एडवांस्ड लिक्विड कूलिंग और डायरेक्ट-टू-चिप कूलिंग तकनीक का इस्तेमाल होगा।




















