
कोलकाता। बीआर चोपड़ा के टीवी सीरियल ‘महाभारत’ में द्रौपदी का किरदार निभाने वाली और बीजेपी नेता रूपा गांगुली की गिरफ्तारी ने एक बार फिर राजनीतिक विवाद को जन्म दिया है। कोलकाता में छात्र की मौत के बाद स्थानीय लोगों का गुस्सा बढ़ा और इसी बीच भाजपा नेताओं ने रिहाई की मांग को लेकर धरना दिया। रूपा गांगुली पुलिस थाने के सामने बुधवार रात से ही धरने पर बैठी थीं। गुरुवार को पुलिस ने उन पर सरकारी कार्य में बाधा डालने का आरोप लगाते हुए गिरफ्तार किया। गांगुली का कहना था कि उन्होंने शांति से प्रदर्शन किया।
क्या है मामला ?
दरअसल ये पूरा मामला बीते रोज बुधवार की सुबह एक छात्र की मौत से जुड़ा है। कोलकाता के बांसद्रोणी इलाके में जेसीबी से रोड की मरम्मत का कार्य चल रहा था। तभी बांसद्रोणी इलाके के वॉर्ड नंबर 113 का रहने वाला छात्र यहां से गुजरा और जेसीबी की चपेट में आ गया। जेसीबी की चपेट में आने से छात्र के सिर में गंभीर चोटें आ गईं और बेहोश हो गया। इसके बाद आनन-फानन में छात्र को अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टर्स ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद नाराजगी बढ़ गई। वहीं इस पूरे हादसे के बाद मौके पर तनाव बढ़ गया और लोगों ने नारेबाजी शुरू कर दी। स्थानीय लोगों का कहना था कि हादसे के बावजूद मौके पर टीएमसी की स्थानीय पार्षद अनीता मजूमदार नहीं पहुंचीं। लोग पार्षद को तत्काल मौके पर बुलाने के लिए अड़ गए और विरोध-प्रदर्शन करने लगे।
बीजेपी कार्यकर्ताओं को ले लिया था हिरासत में
इस दौरान कोलकाता पुलिस ने सरकारी कार्य में बाधा डालने के आरोप में 5 लोगों को गिरफ्तार कर लिया। बीजेपी का आरोप था कि कोलकाता पुलिस ने पार्टी नेता रूबी मंडल और उनके समर्थकों को चुन-चुनकर गिरफ्तार किया है। जब इस बात की जानकारी पूर्व राज्यसभा सांसद रूपा गांगुली मिली तो वे बांसद्रोणी पुलिस स्टेशन पहुंचीं और न्याय की मांग करते हुए थाने के बाहर धरने पर बैठ गईं।
गांगुली ने आरोप लगाया
भाजपा नेता गांगुली भी यहां शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन कर रही थीं। इसी दौरान पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। अपनी गिरफ्तारी के बाद रूपा ने कहा, ‘मैं किसी को परेशान नहीं कर रही थी, न ही किसी के कार्या में बाधा डाल रही थी। मैं शांति से उस बच्चे के लिए न्याय मांग रही थी।’ गांगुली ने आरोप लगाया कि पुलिस ने उन्हें अपना बैग तक ले जाने नहीं दिया। वहीं, पुलिस के मुताबिक गांगुली को पुलिसकर्मियों के काम में बाधा पहुंचाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।
कौन हैं रूपा गांगुली?
रूपा गांगुली हिंदी और बांग्ला सिने जगत का चर्चित नाम हैं। रूपा गांगुली वर्तमान में भाजपा नेता हैं और राज्यसभा सांसद भी रह चुकी हैं। रूपा गांगुली ने 90 के दशक में प्रसारित हुआ टीवी सीरियल महाभारत में द्रौपदी का किरदार निभाया था। इस किरदार ने रूपा को पूरे देशभर में पहचान दिलाई। इस सीरियल के बाद कई प्रोजेक्ट्स काम किया और फिर सियासी दामन थाम लिया। अब रूपा गांगुली बंगाल में भाजपा की बड़ी नेताओं में गिनी जाती हैं।