जबलपुरमध्य प्रदेश

बागेश्वर धाम के दरबार में नहीं ले गया पति, तो पत्नी ने कर लिया सुसाइड; इस वजह से परेशान थी महिला

जबलपुर। बागेश्वर धाम सरकार के प्रति अटूट श्रद्धा एक महिला के लिए जानलेवा साबित हुई। महिला इस बात से दुखी थी कि उसका पति उसे धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री के दरबार में नहीं ले जा पाया था। हैरान करने वाला ये मामला जबलपुर के अधारताल थाना क्षेत्र के कंचनपुर इलाके का है। यहां रहने वाली पल्लवी चौधरी ने अपने दो मासूम बच्चों को छोड़कर फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। पल्लवी के सुसाइड करने के बाद पूरे परिवार में मातम पसर गया है।

रोज प्रवचन सुनती थी पल्लवी

अधारताल थाना क्षेत्र के कंचनपुर में सुनील चौधरी अपनी पत्नी, दो बच्चों और अपनी मां के साथ रहते थे। बुजुर्ग मां को गंभीर बीमारी है और परिवार की आर्थिक स्थिति भी ठीक नहीं है। वह दोनों बच्चों को पढ़ाने के साथ ही अपनी बीमार मां का इलाज भी जैसे-तैसे करवा रहे हैं। संदीप ने बताया कि पल्लवी रोज पंडित धीरेंद्र शास्त्री के प्रवचन सुनती थी और घर की समस्याओं को खत्म करने के लिए धीरेंद्र शास्त्री जो भी उपाय वीडियो में बताते, उनको करती थी।

नासमझी से उजड़ा परिवार

दरअसल, जबलपुर के पनागर में 25 से 31 मार्च तक धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री की कथा का आयोजन था। जब पल्लवी को ये पता चला तो उसने 27 मार्च को पति से जिद की कि उसे कथा सुनने और दर्शन करने जाना है। लेकिन, उसी दिन संदीप अपनी बीमार मां का इलाज करवाने के लिए उन्हें अस्पताल लेकर चला गया और डॉक्टर के ना मिलने की वजह से उसे लौटने में कुछ देर हो गई। इधर, घर पर कथा में जाने का इंतजार कर रही पल्लवी ने तैश में आकर घर में ही फंदा लगाकर सुसाइड कर लिया।

वहीं संदीप जब घर लौटा तो खिड़की से पल्लवी को फांसी के फंदे पर लटका हुआ देखा। उसने पड़ोसियों के साथ मिलकर घर का दरवाजा तोड़ा और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

बिहार के मुंगेर की रहने वाली थी मृतका

जानकारी के मुताबिक, मृतका बिहार के मुंगेर जिले की रहने वाली थी। उसकी शादी 14 साल पहले जबलपुर निवासी सुनील चौधरी से हुई थी। मृतका के दो बच्चे भी हैं, जिसमें एक 12 साल का लड़का और 7 साल की एक लड़की है।

ये भी पढ़ें: जबलपुर : बागेश्वर धाम वाले धीरेंद्र शास्त्री के दरबार में डेढ़ साल की बच्ची की मौत, दम घुटने की आशंका, जांच में जुटी पुलिस

फिर सुर्खियों में आए बागेश्वर धाम

बता दें कि मध्य प्रदेश के छतरपुर में जन्में और बागेश्वर धाम सरकार के नाम से मशहूर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री पिछले कई दिनों से चर्चाओं में चल रहे हैं। कई लोग उनपर आरोप लगा रहे हैं, तो कई लोग उनका खुलकर समर्थन भी कर रहे हैं। धीरेंद्र शास्त्री आए दिन ऐसे बयान देते हैं जिनसे वह लोगों के बीच चर्चाओं में हैं। अब एक बार फिर धीरेंद्र शास्त्री सुर्खियों में आए है।

मध्य प्रदेश की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

संबंधित खबरें...

Back to top button