राष्ट्रीय

रामचरित मानस बकवास, सरकार को इसे बैन कर देना चाहिए : सपा नेता स्वामी प्रसाद मौर्य

नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश चुनावों से ऐन पहले भाजपा छोड़कर सपा में शामिल हुए स्वामी प्रसाद मौर्य का रामचरित मानस को लेकर एक विवादित बयान सामने आया है। स्वामी प्रसाद मौर्य का जो वीडियो सामने आया है, उसमें वे कह रहे हैं – कई करोड़ लोग रामचरित मानस नहीं पढ़ते हैं। यह सब बकवास है। एक वीडियों में वे कह रहे हैं- ढोल गंवार शूद्र पशु नारी, सकल ताड़ना के अधिकारी! इस तरह लिखने वाली पुस्तकें अनुमन्य कैसे हैं। इन्हें तो बहुत पहले जब्त कर लेना चाहिए था। इस प्रकार के अपवादजनक श्लोक, दोहे या चौपाई हैं, उनको खत्म किया जाना चाहिए।

आपत्तिजनक अंश हटाएं या बैन करें

मौर्य यहीं नहीं रुके, उन्होंने कहा कि सरकार को इसका संज्ञान लेते हुए रामचरित मानस के आपत्तिजनक अंशों को बाहर कर देना चाहिए या पूरी किताब को ही बैन कर देना चाहिए। उन्होंने कहा कि गोस्वामी तुलसीदास की रामचरितमानस में ऐसे अंश हैं, जिन पर हमें आपत्ति है। उन्होंने कहा कि किसी भी धर्म में किसी को भी गाली देने का अधिकार नहीं है। रामचरित मानस की चौपाई ढोल, गंवार, शूद्र, पशु नारी में शूद्रों का अपमान किया गया है।

सत्यानाश हो ऐसे धर्म का

स्वामी प्रसाद ने ब्राह्मणों को पूजनीय बताने पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा- ब्राह्मण भले ही दुराचारी, अनपढ़ और गंवार हो, लेकिन उसे पूजनीय बताया गया है, लेकिन शूद्र कितना भी विद्वान हो, उसका सम्मान नहीं करना है। क्या यही धर्म है? अगर यही धर्म है तो ऐसे धर्म का सत्यानाश हो, जो हमारा सत्यानाश चाहता है।

बागेश्वर सरकार पर भी हमला

बागेश्वर धाम को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच स्वामी प्रसाद मौर्य ने कहा कि यह देश का दुर्भाग्य है कि धर्म के ठेकेदार ही धर्म को नीलाम कर रहे हैं। ऐसी दकियानूसी सोच वाले बाबा समाज में रूढ़िवादी परंपरा और अंधविश्वास पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जब बाबा के पास सभी बीमारियों की दवा है तो सरकार बेवजह मेडिकल कॉलेज और अस्पताल चला रही है।

बिहार के शिक्षामंत्री ने भी की थी टिप्पणी

कुछ समय पहले बिहार के शिक्षामंत्री चंद्रशेखर ने भी रामचरित मानस को लेकर विवादित टिप्पणी की थी। उनके बयान पर जमकर हंगामा हुआ था। चंद्रशेखर ने रामचरित मानस को नफरत फैलाने वाला और समाज को वर्गों में बांटने वाला ग्रंथ बताया था। चंद्रशेखर के इस बयान पर कई जिलों में एफआईआर हुई है। रविवार को भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनके बयान के विरोध में कई जगह रामचरित मानस का पाठ भी किया। बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कहा था- चंद्रशेखर गंवार हैं, उनके पास समय हो तो मेरे पास आएं। मैं उन्हें रामचरित मानस पढ़ाऊंगा।

यह भी पढ़ें भगवान राम दिन भर शराब पीते थे, आदर्श कैसे हो सकते हैं… कन्नड़ लेखक के जहरीले बयानों पर भड़के लोग

संबंधित खबरें...

Back to top button