
मध्यप्रदेश में बारिश और ओलावृष्टि के बाद से ठिठुरन बढ़ गई है। प्रदेश में शीतलहर ने जोर पकड़ लिया है। उत्तरी बर्फीली हवाओं के चलते कंपकंपाने वाली ठंड पड़ रही है। पिछले 24 घंटे में उज्जैन में सबसे कम तापमान 4.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। वहीं भोपाल, इंदौर और अन्य शहरों में रात का पारा 8 डिग्री सेल्सियस से नीचे आ गया है।
4 प्रमुख शहरों में रात का तापमान
शहर | तापमान (डिग्री सेल्सियस) |
ग्वालियर | 7.0 |
इंदौर | 7.4 |
भोपाल | 8.0 |
जबलपुर | 13.3 |
उज्जैन में सबसे सर्द रात
मौसम विभाग के मुताबिक, 24 घंटे के दौरान उज्जैन में तापमान सामान्य से 4.7 डिग्री सेल्सियस कम रहा। यहां न्यूनतम तापमान 4.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। वहीं प्रदेश के कई जिलों में रात का पारा 10 डिग्री से नीचे बना रहा।
इन जिलों में रात का पारा 10 डिग्री से नीचे
शहर | तापमान (डिग्री सेल्सियस) |
उज्जैन | 4.5 |
शाजापुर | 5.4 |
रतलाम | 5.6 |
धार | 6.0 |
राजगढ़ | 6.0 |
गुना | 6.2 |
खरगोन | 7.0 |
पचमढ़ी | 7.2 |
सिवनी | 7.2 |
सागर | 8.2 |
रायसेन | 8.5 |
नौगांव | 9.4 |
यहां हुई बारिश
मौसम विभाग के मुताबिक, पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के रीवा, शहडोल, जबलपुर संभागों के जिलों में कहीं-कहीं बारिश हुई है। मंडला और छिंदवाड़ा में हल्की बौछारें पड़ीं। बरघाट, केवलारी, नैनपुर, वेंकटनगर, करांजिया, लांजी, मोहगांव, अमरकंटक, बिछिया, अमरपुर, मलाजखंड में बारिश हुई है।
शीतलहर की चपेट में ये जिले
प्रदेश के उज्जैन, चंबल, सागर, ग्वालियर संभाग में कोहरा रहा। वहीं सागर, दमोह, भोपाल, रायसेन, राजगढ़, इंदौर, धार, शाजापुर, उज्जैन, सिवनी, टीकमगढ़, खरगोन, रतलाम, गुना में शीतल दिन दर्ज किया गया है।
इन जिलों में बारिश की संभावना
जानकारी के मुताबिक, अगले 24 घंटे में सीधी, सतना, अनूपपुर, डिंडौरी, उमरिया, बालाघाट, मंडला, सिवनी जिलों में कहीं-कहीं बौछारें पड़ सकती हैं। वहीं उज्जैन संभाग के जिलों में कहीं-कहीं शीतलहर चलने की संभावना है।
ये जिले रहेंगे ठंडे
भोपाल, उज्जैन संभाग के जिलों तथा सिवनी, दमोह, सागर, टीकमगढ़, धार, इंदौर, गुना जिलों में तीव्र शीतल दिन रहेगा यानी दिन का तापमान कम रहेगा।