ताजा खबरभोपालमध्य प्रदेश

सात दिन तक संगठन और दावेदारों की रिपोर्ट तैयार करेंगे समन्वयक

लोकसभा चुनाव के लिए कांग्रेस आज से 29 क्षेत्रों में होगी सक्रिय

भोपाल। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी द्वारा लोकसभा चुनाव में संगठन की मजबूती और प्रत्याशी चयन के लिए प्रदेश के सभी 29 संसदीय क्षेत्रों के लिए समन्वयक नियुक्त किए हैं। ये समन्वयक 18 से 24 जनवरी तक विभिन्न लोकसभा क्षेत्रों के विधानसभा क्षेत्रों में पहुंचकर कांग्रेस नेताओं, कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से बातचीत करेंगे। कांग्रेस ने इस बार लोकसभा चुनाव के लिए फरवरी में प्रत्याशी घोषित करने की तैयारी की है।

विधानसभा चुनाव के परिणाम के बाद कांग्रेस की समीक्षा बैठक में कई वरिष्ठ नेताओं ने प्रत्याशी की घोषणा जल्दी करने की बात कही थी। इसकी वजह है कि लोकसभा क्षेत्र में 7-8 विधानसभा क्षेत्र होते हैं। प्रत्याशी सभी क्षेत्रों में पहुंच सकें इसके लिए पर्याप्त समय मिलना जरूरी है। अगर पार्टी फरवरी में प्रत्याशी घोषित कर देती है तो उन्हें अपनी कार्ययोजना बनाने और उसके अनुसार प्रचार-प्रसार के लिए पर्याप्त समय भी मिल सकेगा।

समन्वयकों के जिम्मे हैं ये तीन तरह के काम

1. समन्वयकों को क्षेत्र में संगठन स्तर पर काम करना है। लोकसभा क्षेत्र में संगठन की क्या स्थिति है, जिला, ब्लॉक, सेक्टर, मंडल और बूथ लेवल पर कार्यकर्ताओं की सूची अपडेट है या नहीं के बारे में पता करना है।

2. लोकसभा चुनाव में उम्मीदवारों के पैनल में नाम के लिए पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, जिला अध्यक्ष, जिला प्रभारी, विधानसभा प्रभारी, विधायक, पूर्व विधायक, नगर निगम, नगर पालिका, नगर परिषद और जिला, जनपद पंचायतों और ग्राम पंचायतों के पदाधिकारियों से राय लेनी है।

3. पार्टी के अभियानों को लेकर पार्टीजनों से बातचीत करनी है। इनमें प्रमुख रूप से भारत जोड़ो न्याय यात्रा और डोनेट फॉर देश कैंपेन के लिए पार्टी नेताओं-कार्यकर्ताओं को जागरूक करना है।

30 जनवरी तक सौंपना है रिपोर्ट

पार्टी के समन्वयकों को संगठन की गतिविधियों की रिपोर्ट 30 जनवरी तक सौंपनी है। इसके साथ ही लोकसभा क्षेत्र के लिए दो से तीन नामों का पैनल भी बनाकर एआईसीसी को देना है। ये नए या पुराने हो सकते हैं। चुनाव लड़ने के इच्छुक दावेदारों के बारे में गणमान्य जनों से फीडबैक भी मायने रखेगा।

प्रत्याशी तय करने के लिए तीन तरह की प्रक्रिया

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी लोकसभा क्षेत्र के प्रत्याशी तय करने के लिए तीन तरह की प्रक्रिया अपना रही है। एक सर्वे एआईसीसी की तरफ से किया जा रहा है। दूसरा ओपिनियन प्रभारियों की रिपोर्ट से मिलेगा और तीसरी रिपोर्ट समन्वयकों के द्वारा दी जाएगी। इसके बाद केंद्रीय चुनाव समिति प्रत्याशी के नाम का फैसला करेगी।

कांग्रेस पार्टी अपने वरिष्ठ नेताओं, युवा नेताओं और पदाधिकारियों के साथ मिलकर संगठन की कमियों पर काम करेगी। विधानसभा चुनाव में हम बूथ और संगठन स्तर पर कहां कमजोर रहे इस पर मंथन कर बेहतर परिणाम के लिए मेहनत करेंगे। -दीपक जोशी, समन्वयक, होशंगाबाद

पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से मिले निर्देश के अनुसार हम गुरुवार से निर्धारित लोकसभा क्षेत्रों में संगठन नेताओं-कार्यकर्ताओं के बीच पहुंचेंगे। चुनाव के पहले यह एक्सरसाइज पार्टी नेताओं में नई ऊर्जा का संचार करेगी। -डॉ. अशोक मर्सकोले, समन्वयक शहडोल

संबंधित खबरें...

Back to top button