
लोगों के जीवन में रंगों का बहुत महत्व होता है। ऐसे में जब रंगों का त्योहार कहे जाने वाले होली के आते ही माहौल भी रंगीन हो जाता है। हर किसी को इस त्योहार का बेसब्री से इंतजार रहता है। वहीं होली के जश्न में फिल्मी गानों का जिक्र ना हो तो होली का मजा अधूरा रह जाता है। बॉलीवुड में कई ऐसी फिल्में बनी हैं जिनमें होली का त्योहार बड़ी धूमधाम से मनाते दिखाया गया है। इनमें से कई ऐसी भी हैं, जिनमें होली की धूमधाम के बाद अचानक ही एक अलग ही मोड देखने को मिला है। तो चलिए आज होली पर बनी ऐसी ही फिल्मों के बारे में जानते हैं-

शोले (1975)
साल 1975 में रिलीज हुई फिल्म ‘शोले’ में वीरू और बसंती की होली तो आपको याद ही होगी। इसके ‘होली के दिन दिल खिल जाते हैं’सॉन्ग में हेमा मालिनी और धर्मेंद्र के बीच नोकझोंक भरा रोमांस देखने को मिला। फिल्म में ये गाना टर्निंग पॉइंट भी साबित हुआ। फिल्म में होली मनाने के बाद गब्बर ने एंट्री मारकर जय-वीरू को बंदी बना लिया है। जिससे फिल्म में खुशी और मस्ती वाले सीन के बाद बिल्कुल इंटेंस सीन शुरू हो गया। हालांकि, गब्बर की कैद से छूट कर वापस लौटे जय- वीरू को बाद में पता चलता है कि ठाकुर के हाथ नहीं है और फिर यह कहानी एक नया मोड़ ले लेती है।

सिलसिला (1981)
बॉलीवुड के शहंशाह अमिताभ बच्चन, अभिनेत्री रेखा, जया बच्चन और संजीव कुमार स्टारर फिल्म सिलसिला का सॉन्ग ‘रंग बरसे भीगे चुनरवाली’ आज भी होली का मजा दोगुना कर देता है। 1981 में आई फिल्म के इस गाने में अमिताभ बच्चन भांग पी लेते हैं और रेखा के साथ जबरदस्त डांस करते हैं। इस गाने के बाद फिल्म में नया मोड़ तब आता है जब सबके सामने नशे में धुत अमिताभ बच्चन रेखा के बेहद करीब आ जाते हैं। इसके बाद फिल्म में दोनों का अतीत एक बार फिर सबके सामने आ जाता है। इस फिल्म को यश चोपड़ा द्वारा निर्देशित और निर्मित किया गया था।

डर (1993)
शाहरुख खान, जूही चावला और सनी देओल स्टारर फिल्म ‘डर’ का गाना ‘अंग से अंग लगाना’ आज भी काफी फेमस है। इस गाने में जूही चावला, सनी देओल, अनुपम खेर होली खेलते नजर आए हैं। इस बीच विलेन के रोल में शाहरुख खान की एंट्री फिल्म में एक नया मोड़ लेती है। शाहरुख वहां पहुंच जाते हैं और जूही को रंग लगाते हैं। होली के दौरान चेहरे पर रंग लगाए शाहरुख जूही को गुलाल लगाते हैं, जिसके बाद कहानी में नया मोड़ देखने को मिलता है। फिल्म में शाहरुख एक सनकी आशिक में किरदार में नजर आए हैं, जो जूही चावला से एक एकतरफा प्यार करता है।

बागबान (2003)
‘बागबान’ में जहां एक ज्वॉइंट फैमिली की कहानी को दिखाया गया था। जिसे देखकर आज भी लोगों की आंखों से आंसू निकल आते हैं। वहीं, इस फिल्म का गाना ‘होली खेले रघुवीरा अवध में’ काफी ज्यादा लोकप्रिय हुआ। इस गाने के बाद फिल्म में एक अलग ही मोड़ देखने को मिलता है। फिल्म में इस होली के बाद दो प्यार करने वाले अलग हो गए। वहीं, उनके बच्चों द्वारा भी उन्हें जरा भी इज्जत और सम्मान नहीं मिला।

वक्त- द रेस अगेंस्ट टाइम (2005)
‘लेट्स प्ले होली’ सॉन्ग भी होली के फेमस गानों की लिस्ट में शामिल है। जिसे फिल्म ‘वक्त- द रेस अगेंस्ट टाइम’ में फिल्माया गया था। इस फिल्म में अक्षय और प्रियंका के बीच जबरदस्त केमिस्ट्री देखने को मिली थी। इस फिल्म में ट्विस्ट तब आता है जब इस गाने के अंत में प्रियंका चोपड़ा की प्रेग्नेंसी के बारे में पता चलता है। ऐसे में अक्षय को उनकी जिम्मेदारी समझाने के लिए फिल्म में उनके पिता बने अमिताभ बच्चन घर से बेघर कर देते हैं।
ये भी पढ़ें- Holi 2022 : दुल्हन मायके और दूल्हा ससुराल में मनाते हैं पहली होली, जानें इसके पीछे क्या है मान्यता