ताजा खबरराष्ट्रीयस्वास्थ्य

HMPV Virus : भारत में तेजी से बढ़ रहे मामले, पुडुचेरी में 3 साल का बच्चा संक्रमित, सबसे ज्यादा केस गुजरात से सामने आए

चीन के बाद भारत में भी ह्यूमन मेटान्यूमोवायरस (HMPV) संक्रमण के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं, जो इस समय चिंता का विषय है। देश में HMPV के अब तक कुल 16 मामले सामने आए हैं। शनिवार (11 जनवरी) को असम में 10 महीने का बच्चा संक्रमित मिलने के बाद अब पुडुचेरी में तीन साल का बच्चा संक्रमित मिला है। अब तक सबसे ज्यादा मामले गुजरात से सामने आए हैं।

असम में मिले बच्चे का डिब्रूगढ़ में असम मेडिकल कॉलेज और अस्पताल (एएमसीएच) में इलाज चल रहा है। उसकी हालत स्थिर है। डॉ. ध्रुबज्योति भुइयां ने बताया कि बच्चे को चार दिन पहले सर्दी-जुकाम के लक्षणों के चलते सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। अब तक सबसे ज्यादा मामले गुजरात से सामने आए हैं।

HMPV वायरस के देश में 16 केस

महाराष्ट्र, गुजरात, कर्नाटक, तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल, यूपी, असम और राजस्थान में HMPV के केस सामने आए हैं। HMPV के केस सामने आने के बाद राज्यों ने भी सतर्कता बढ़ा दी है। पंजाब में बुजुर्गों और बच्चों को मास्क पहनने की सलाह दी गई है।

  • पहला केस – (6 जनवरी) कर्नाटक में 8 महीने का बच्चा
  • दूसरा केस – (6 जनवरी) कर्नाटक में 3 महीने का बच्ची
  • तीसरा केस – (6 जनवरी) गुजरात में 2 महीने का बच्चा
  • चौथा केस – (6 जनवरी) पश्चिम बंगाल में 5 महीने का बच्चा
  • 5वां केस – (6 जनवरी) तमिलनाडु में 69 साल का पुरुष
  • 6वां केस – (6 जनवरी) चेन्नई में 45 साल का पुरुष
  • 7वां केस – (7 जनवरी) नागपुर में 13 साल की लड़की
  • 8वां केस – (7 जनवरी) नागपुर में 7 साल का लड़का
  • 9वां केस – (8 जनवरी) मुंबई में 6 महीने की बच्ची
  • 10वां केस – (9 जनवरी) यूपी के लखनऊ में 60 साल की महिला
  • 11वां केस – (9 जनवरी) गुजरात में 8 साल का बच्चा
  • 12वां केस – (9 जनवरी) गुजरात के अहमदाबाद में एक 80 वर्षीय बुजुर्ग
  • 13वां केस – (10 जनवरी) राजस्थान में 6 महीने की बच्ची
  • 14वां केस – (10 जनवरी) गुजरात में 9 महीने का बच्चा
  • 15वां केस – (11 जनवरी) असम में 10 महीने का बच्चा
  • 16वां केस – (11 जनवरी) पुडुचेरी में 3 साल का बच्चा

HMPV को लेकर बोले स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा 

स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने 6 जनवरी को ह्यूमन मेटान्यूमोवायरस (HMPV) को लेकर कहा कि यह कोई नया वायरस नहीं है। इसकी पहचान पहली बार 2001 में हुई थी, जिसके बाद यह दुनिया भर में फैला। यह मुख्य रूप से हवा के माध्यम से फैलता है और सांस लेने के जरिए लोगों को संक्रमित करता है। यह वायरस सभी आयु वर्ग के लोगों को प्रभावित कर सकता है। मंत्री ने बताया कि विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) हालात पर नजर बनाए हुए है और जल्द ही भारत के साथ रिपोर्ट साझा करेगा।

चीन में कई जगह इमरजेंसी घोषित होने का दावा 

सोशल मीडिया में मरीजों का एक पोस्ट शेयर किया गया। इस पोस्ट के जरिए ये दावा किया जा रहा है की चीन में वायरस फैलने के बाद कई इलाकों में इमरजेंसी घोषित की गई है। दावे के मुताबिक, अस्पतालों और श्मशान घाटों में भीड़ बढ़ रही है। हालांकि, चीन ने ऐसी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

चीन के CDC ने अस्थमा और क्रोनिक ऑब्सट्रक्टिव पल्मोनरी डिजीज से पीड़ित लोगों में संक्रमण का अधिक खतरा बताया है। खांसने और छींकने से वायरस तेजी से फैल सकता है, और गंभीर मामलों में यह ब्रोंकाइटिस और निमोनिया का कारण बन सकता है। रॉयटर्स के अनुसार, चीन इस वायरस पर काबू पाने के लिए निगरानी सिस्टम का परीक्षण कर रहा है।

सर्दियों में HMPV वायरस का खतरा 

HMPV वायरस की पहचान सबसे पहले 2001 में हुई थी। एक डच रिसर्चर ने इस संक्रमण का पता लगाया था। हालांकि, ये वायरस पिछले 6 दशकों से मौजूद है। ये वायरस सभी तरह के मौसम में वातावरण में मौजूद होता है, लेकिन इसके सबसे ज्यादा फैलने का खतरा सर्दियों में होता है।

कितना खतरनाक है HMPV?

ह्यूमन मेटान्यूमोवायरस (HMPV) एक एयरबोर्न डिजीज यानी वायुजनित रोग है, जो गंभीर साबित हो सकता है। यह हवा के जरिए तेजी से फैलने के कारण अत्यधिक संक्रामक होता है और फेफड़ों को प्रभावित कर गंभीर स्थिति उत्पन्न कर सकता है। HMPV वायरस से संक्रमित होने पर मरीजों में सर्दी और कोविड-19 जैसे लक्षण दिखाई देते हैं। इसका सबसे ज्यादा असर छोटे बच्चों पर देखा जा रहा है। इनमें 2 साल से कम उम्र के बच्चे सबसे ज्यादा प्रभावित हैं।

इस स्थिति से निपटने के लिए तैयार है भारत 

भारत में, डायरेक्टर जनरल ऑफ हेल्थ सर्विसेज (DGHS) अतुल गोयल ने कहा कि मेटान्यूमोवायरस के बारे में चिंता करने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने बताया कि चीन में इसका प्रकोप गंभीर है, लेकिन भारत में यह एक सामान्य रेस्पिरेटरी वायरस है। गोयल ने कहा कि यह आमतौर पर जुकाम या फ्लू जैसे लक्षण पैदा करता है।

गोयल ने कहा कि सर्दी के दिनों में रेस्पिरेटरी वायरस इन्फेक्शन होते हैं। हमारे अस्पताल और इंस्टीट्यूशंस इसको हैंडल करने के लिए तैयार हैं।

HMPV के लक्षण

चीन के रोग नियंत्रण एवं रोकथाम केंद्र (CDC) के मुताबिक, इससे संक्रमित मरीजों में सर्दी और कोरोना जैसे लक्षण दिखाई देते हैं। इस वायरस के प्रमुख लक्षणों में खांसी, बुखार, नाक बंद होना, गले में घरघराहट और सांस लेने में कठिनाई शामिल हैं। इससे सबसे अधिक प्रभावित हो रहे दो साल से कम उम्र के बच्चों के सात ही, पहले से सांस की बीमारियों जैसे अस्थमा और क्रोनिक ऑब्सट्रक्टिव पल्मोनरी डिजीज (COPD) से ग्रसित मरीजों में भी देखने को मिल रहा है।

कैसे फैलता है संक्रमण

HMPV वायरस खांसने और छींकने से फैलता है। फैलने का खतरा अधिक है। वायरस का असर ज्यादा होने पर इससे ब्रोंकाइटिस और निमोनिया भी हो सकता है। चीन में HMPV के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं।

कैसे करें बचाव

  • कम से कम 20 सेकंड तक साबुन से हाथ धोएं
  • चेहरे को हाथ साफ किए बिना न छुएं
  • भीड़ वाले इलाकों में मास्क पहनें।

पांच साल पहले कहर बरपा चुका है कोविड

यह स्थिति 2019 में चीन के वुहान से फैले कोरोना वायरस की याद दिला रही है। तब इसे रहस्यमयी निमोनिया समझा गया था, लेकिन यह सार्स-कोव-2 वायरस निकला। जिसके तहत 70 करोड़ से अधिक मामले दर्ज किए गए और 70 लाख से अधिक मौतें हुईं। 30 जनवरी 2020 को, विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने इसे वैश्विक महामारी घोषित किया।

संबंधित खबरें...

Back to top button