ताजा खबरभोपालमध्य प्रदेश

G-20 Summit : विदेशी डेलीगेट्स ने किया पन्ना टाइगर रिजर्व का भ्रमण, जंगली जानवर और पशु-पक्षियों के किए दीदार

पन्ना। मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले स्थित खजुराहो में आयोजित जी-20 की बैठक के बीच इस समूह के प्रतिनिधियों ने शनिवार को पन्ना टाइगर रिजर्व का भ्रमण किया। यहां पार्क के अंदर पीपरटोला और धुंधवा सेहा स्थल का डेलीगेट्स को भ्रमण कराया गया। टाइगर के अलावा पार्क में पाए जाने वाले अन्य जंगली जानवर व पशु-पक्षियों का दीदार किया।

खजुराहो में 23 फरवरी से जी 20 देश के संस्कृति कार्य समूह के प्रतिनिधि मंडल की तीन दिवसीय बैठक शुरू हो गई है। जिसमें 20 समूह देशों सहित 9 मित्र देश के डेलीगेट्स को महत्वपूर्ण स्थानों का भ्रमण भी कराया जा रहा है। इसी कड़ी में खजुराहो के पश्चिमी मंदिर समूह और अन्य स्थानों के भ्रमण के बाद इन देशों के प्रतिनिधि शनिवार सुबह पन्ना टाइगर रिजर्व के भ्रमण के लिए पहुंचें।

बुंदेली गीत और दिवारी नृत्य से किया स्वागत

पन्ना टाइगर रिजर्व के अधिकारियों द्वारा प्रतिनिधियों को वन्य जीवों तथा प्राकृतिक सौंदर्य के बारे में अवगत कराने के लिए सभी व्यवस्थाएं पहले ही कर ली गई थी। भ्रमण के लिए पहुंचने पर सभी का मड़ला गेट पर स्वागत किया गया, जहां उन्हें पन्ना जिले के आंवला से बने उत्पाद भेंट किए गए। उनका बुन्देली गीत व दिवारी नृत्य कार्यक्रम के साथ स्वागत किया गया।

समूह व मित्र देशों के प्रतिनिधि सहित लगभग 40 सदस्यों के दल ने सुबह पन्ना टाइगर रिजर्व के मड़ला गेट से इंट्री ली और पार्क भ्रमण करने के बाद प्रतिनिधिमंडल वापस खजुराहो रवाना हो गया।

बाघिन पी 151 के हुए दीदार

ये प्रतिनिधि आज सुबह जब भ्रमण के लिए यहां पहुंचे, तो पन्ना कलेक्टर संजय कुमार मिश्रा, क्षेत्र संचालक पन्ना टाइगर रिज़र्व ब्रजेन्द्र झा सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। खास मेहमानों को आंवला उत्पाद और प्रतीक चिन्ह भी भेंट किए गए। सभी मेहमानों को पन्ना टाइगर रिज़र्व के पीपरटोला और धुंधवा सेहा स्थल का भ्रमण कराया गया, यहां के खूबसूरत नज़रों व स्वच्छंद रूप से विचरण करते वन्य जीवों को देख विदेशी मेहमान बेहद खुश नजर आए।

हालांकि, इस दौरान उन्हें बाघिन पी 151 के शानदार नजारे मिले। बाघिन काफी देर तक जी 20 देश समूह के डेलीगेट्स की जिप्सियों के सामने बैठी रही। इस दौरान हर तरह की जानकारी देने के लिए पर्यटन विभाग के प्रशिक्षित गाइड्स उनके साथ मौजूद रहे।

इन देशों के प्रतिनिधि शामिल हैं

जी-20 समूह देश में भारत सहित यूके, अर्जेंटीना, आस्ट्रेलिया, ब्राजील, कनाडा, चीन, फ्रांस, जर्मनी, इंडोनेशिया, इटली, जापान, कोरिया गणराज्य, मेक्सिको, रूस, सऊदी अरब, दक्षिण अफ्रीका, तुर्किये और अमेरिका हैं। इसके अलावा यूरोपीय यूनियन भी शामिल है। मित्र देशों में बांग्लादेश, मिश्र, मॉरीशस, नीदरलैण्ड, नाइजीरिया, ओमान, सिंगापुर, स्पेन और यूएई देश हैं।

उल्लेखनीय है कि 1 दिसम्बर 2022 से 30 नवम्बर 2023 तक भारत को जी-20 की बैठकों की अध्यक्षता मिली है। इस अवधि में अलग-अलग स्थानों पर बैठक और भ्रमण का कार्यक्रम है।

ये भी पढ़ें: G-20 Summit : खजुराहो में आज से जी-20 संस्कृति कार्यकारी समूह की पहली बैठक, CM शिवराज सहित केंद्रीय मंत्री होंगे शामिल

मध्य प्रदेश की अन्य खबरों के लिए यहां क्लिक करें…

संबंधित खबरें...

Back to top button