हरसूद:नगर परिषद की बैठक में हंगामा, मीना बाजार की ई-टेंडर नीलामी का पार्षदों ने किया विरोध
नगर परिषद हरसूद की सामान्य सभा की बैठक शुक्रवार को कई अहम मुद्दों को लेकर आयोजित हुई लेकिन बैठक का सबसे बड़ा विवाद संत बुखारदास बाबा मेले और डोल ग्यारस मेले के मीना बाजार की ई-टेंडर के जरिए नीलामी का प्रस्ताव बन गया। जैसे ही मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) नृपत सिंह ने यह प्रस्ताव परिषद के सामने रखा, पार्षदों ने इसका जोरदार विरोध शुरू कर दिया। हंगामे के बीच सभी पार्षद ई-टेंडर प्रक्रिया के खिलाफ अपनी बात पर अड़े रहे और अंततः दोनों मामलों में उपस्थित सभी पार्षदों ने असहमति दर्ज कराई। बैठक में नगर की पेयजल व्यवस्था एमपीयूडीसी (MPUDC) को हस्तांतरित करने, पुनर्वास स्थल नया हरसूद में जलकर उपभोक्ता प्रभार लागू करने सहित कई अन्य प्रस्तावों पर भी चर्चा हुई। वहीं 15 अगस्त के स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों और आवश्यक व्यवस्थाओं को परिषद की सहमति से मंजूरी दी गई।
मीना बाजार की ई-टेंडर नीलामी पर पार्षदों का विरोध
बैठक के दौरान सीएमओ नृपत सिंह ने संत बुखारदास बाबा मेले और नया हरसूद के डोल ग्यारस मेले में लगने वाले मीना बाजार की ई-टेंडर के माध्यम से नीलामी का प्रस्ताव रखा। इस प्रस्ताव का सभी पार्षदों ने एक स्वर में विरोध किया। पार्षदों का कहना था कि दोनों मेले क्षेत्र की धार्मिक आस्था और परंपरा से जुड़े हैं। ऐसे आयोजनों को ठेके पर देना उचित नहीं है। उनका कहना था कि नगर परिषद को स्वयं इन मेलों का संचालन करना चाहिए। स्थिति को देखते हुए नगर परिषद अध्यक्ष मुकेश वर्मा और सीएमओ नृपत सिंह ने बहुमत के आधार पर निर्णय लेने की प्रक्रिया अपनाई। सीएमओ ने सभी पार्षदों से प्रस्ताव के पक्ष और विपक्ष में हस्ताक्षर कराए जिसमें उपस्थित सभी पार्षदों ने ई-टेंडर के प्रस्ताव पर असहमति दर्ज कराई।
पेयजल व्यवस्था MPUDC को सौंपने पर भी उठे सवाल
बैठक में पुनर्वास स्थल नया हरसूद और छनेरा के आठ वार्डों की पेयजल व्यवस्था एमपीयूडीसी को सौंपने का प्रस्ताव भी रखा गया। इस पर पार्षदों ने कहा कि पहले एमपीयूडीसी शहरवासियों को नियमित और पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराना सुनिश्चित करे। इसके बाद ही नया हरसूद और छनेरा में एक से अधिक मुख्य लाइन से जुड़े अवैध नल कनेक्शन हटाने की कार्रवाई की जाए और जलकर उपभोक्ता शुल्क लागू करने पर विचार किया जाए।
ये भी पढ़ें: CG NEWS : रायपुर फ्लाईओवर पर बेकाबू कार का कहर: महिला चालक ने कई लोगों को मारी टक्कर, कई घायल
टैंकर से पानी की नई दरें तय
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि किसी परिवार में शोक की स्थिति तथा सार्वजनिक कार्यों के लिए नगर परिषद की ओर से निःशुल्क पानी का टैंकर उपलब्ध कराया जाएगा। इसके अलावा निजी उपयोग के लिए पानी के टैंकर की दर 500 रुपये प्रति टैंकर और व्यावसायिक उपयोग के लिए 700 रुपये प्रति टैंकर निर्धारित की गई।
इन प्रस्तावों को भी मिली मंजूरी
सामान्य सभा में कई विकास कार्यों को भी स्वीकृति प्रदान की गई। इनमें प्रमुख रूप से-
- वार्ड क्रमांक 1 एवं 5 में आंगनवाड़ी भवन निर्माण।
- विभिन्न विकास कार्यों के लिए जारी ई-निविदाओं में प्राप्त दरों की स्वीकृति।
- जल प्रदाय एवं सफाई कर्मचारियों द्वारा लापरवाही बरतने पर वैधानिक कार्रवाई।
- वार्ड 13 स्थित मोनी बाबा आश्रम के पास मांगलिक भवन की बाउंड्रीवाल एवं अन्य विकास कार्य।
- वार्ड 4 एवं 7 में आरसीसी नाला निर्माण।
- वार्ड 6 स्थित इमामबाड़ा में उद्यान विकास।
- वार्ड 1 से 15 तक आरसीसी नाली निर्माण।
- वार्ड 14 के आदिवासी मोहल्ले में सीसी सड़क एवं नाली निर्माण कार्य।
ये भी पढ़ें: भिंड: जेल से बाहर आते ही बंदी का खुलासा, रिश्वत नहीं दी तो की गई मारपीट
बैठक में रहे मौजूद
बैठक में नगर परिषद अध्यक्ष मुकेश वर्मा, उपाध्यक्ष द्वारकाप्रसाद प्रजापति, सीएमओ नृपत सिंह, पार्षद रानी मुकेश बौरासी, रसीदा बी इशाहक जिद्दावत, जुबैदा बी सलीम खान, बसंती गौर, नसीम बी शबीर खान, सपना दिनेश यादव, भूषण चंदेल, जितेंद्र ठाकुर, फरीद खान, अर्जुन राजपूत, गजानंद बछानिया सहित नगर परिषद के सभी शाखा प्रभारी उपस्थित रहे।
Edited By: Sumit Shrivastava














