Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

हरदा में महिला के कत्ल की गुत्थी सुलझी: पुराने प्रेम प्रसंग में हत्या, आरोपी गिरफ्तार; लूटे गए सोने के जेवर बरामद

हरदा के टिमरनी में 57 वर्षीय महिला की हत्या और लूट के मामले का पुलिस ने एक सप्ताह में खुलासा किया। 50 से अधिक CCTV फुटेज खंगालकर आरोपी को गिरफ्तार किया गया और सोने के जेवर बरामद किए गए।
हरदा में महिला के कत्ल की गुत्थी सुलझी: पुराने प्रेम प्रसंग में हत्या, आरोपी गिरफ्तार; लूटे गए सोने के जेवर बरामद
वरिष्ठ अधिकारियों ने किया प्रकरण का खुलासा

टिमरनी थाना क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 7 स्थित ठाकुर बाबा मोहल्ले में 57 वर्षीय महिला की हत्या और लूट के मामले की गुत्थी पुलिस ने महज एक सप्ताह के भीतर सुलझाने का दावा किया है। पुलिस ने हत्या के आरोप में 60 वर्षीय व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपी की निशानदेही पर मृतका के लूटे गए सोने के आभूषण भी बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार मामले की जांच के दौरान 50 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। इसके साथ ही तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस आरोपी तक पहुंची।

24 अगस्त को घर में मिली थी महिला की लाश

टिमरनी थाना प्रभारी निरीक्षक मुकेश गौड़ ने बताया कि 24 अगस्त को वार्ड क्रमांक 13 निवासी अनुराग गौर ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट के अनुसार उनकी बड़ी बहन पुष्पा बाई, उम्र 57 वर्ष, वार्ड क्रमांक 7 के ठाकुर बाबा मोहल्ले के पास स्थित अपने पुराने मकान में अकेली रहती थीं। उनके पति और बेटे का पहले ही निधन हो चुका था। 24 अगस्त की सुबह करीब साढ़े 7 बजे पड़ोसियों के माध्यम से अनुराग को जानकारी मिली कि उनकी बहन की तबीयत खराब है और उनके शरीर में कोई हलचल नहीं हो रही है। साथ ही घर के दरवाजे भी खुले हुए थे। जब वे मौके पर पहुंचे तो पुष्पा बाई पलंग पर चित अवस्था में पड़ी मिलीं। उनके गले में हरे रंग का बिजली का तार कसा हुआ था।

गले और कान के सोने के आभूषण थे गायब

पुलिस के अनुसार महिला के गले में पहनी सोने के मोतियों की माला और कानों के कुंडल गायब थे। घटनास्थल पर सोने का एक मोती और दो मोबाइल फोन पलंग के पास पड़े मिले थे। फरियादी ने आशंका जताई थी कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनकी बहन की गला घोंटकर हत्या करने के बाद आभूषण लूट लिए हैं। रिपोर्ट के आधार पर टिमरनी थाने में अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या और लूट से संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

50 से अधिक CCTV कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपी तक पहुंची पुलिस

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक शशांक के निर्देशन में विशेष टीम बनाई गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित मिश्रा और एसडीओपी आकांक्षा तलैया के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक मुकेश गौड़ और उनकी टीम ने जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल और उसके आसपास लगे 50 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके अलावा तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिरों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने एक संदिग्ध व्यक्ति की पहचान की। पुलिस ने वार्ड क्रमांक 7 निवासी मधुसूदन गौर, उम्र 60 वर्ष को हिरासत में लेकर पूछताछ की।

ये भी पढ़ें: पहले इंजेक्शन, फिर मौत! छतरपुर में बुजुर्ग की मौत पर प्राइवेट क्लीनिक में हंगामा, CCTV दिखाकर डॉक्टर ने बताई पूरी कहानी

पूछताछ में आरोपी ने हत्या करना कबूला

पुलिस के मुताबिक पूछताछ के दौरान आरोपी ने हत्या की वारदात कबूल की। आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसका मृतका के साथ पुराना प्रेम प्रसंग था। पुलिस के अनुसार मृतका के कहीं अन्यत्र विवाह करने और टिमरनी छोड़कर जाने की बात से आरोपी नाराज था। इसी नाराजगी में उसने महिला के घर पहुंचकर बिजली के तार से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी महिला के सोने के आभूषण लेकर मौके से फरार हो गया।

आरोपी की निशानदेही पर जेवर बरामद

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर मृतका के लूटे गए सोने के मोती और टाप्स बरामद किए हैं। इसके बाद आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

ये भी पढ़ें: रीवा में जच्चा-बच्चा की मौत का मामला गरमाया, GMH पर उठे गंभीर सवाल,लापरवाही के आरोपों के बीच जांच समिति गठित 

इन अधिकारियों और कर्मचारियों की रही भूमिका

मामले का खुलासा करने में एसडीओपी आकांक्षा तलैया, विवेचक एवं निरीक्षक मुकेश गौड़, उप निरीक्षक मनोज दुबे, उप निरीक्षक संतोष श्रीवास्तव, उप निरीक्षक प्रियंका पाठक, सहायक उप निरीक्षक दिनेश सहित थाना पुलिस और साइबर टीम की भूमिका रही। पुलिस की त्वरित कार्रवाई के बाद स्थानीय नागरिकों ने भी हत्या और लूट के मामले का खुलासा करने वाली टीम की सराहना की है।

Uttam Tenguriya
By Uttam Tenguriya

हरदा जिला ब्यूरों - पीपुल्स समाचार संभागीय अध्यक्ष ( नर्मदापुरम) - पत्रकार कल्याण परिषद संचालक -...Read More

Latest Posts