Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

पहले इंजेक्शन, फिर मौत! छतरपुर में बुजुर्ग की मौत पर प्राइवेट क्लीनिक में हंगामा, CCTV दिखाकर डॉक्टर ने बताई पूरी कहानी

छतरपुर में 80 वर्षीय बुजुर्ग की इलाज के दौरान मौत के बाद निजी क्लीनिक में जमकर हंगामा हुआ। परिजनों ने डॉक्टर पर गलत इंजेक्शन लगाने का आरोप लगाया और कार्रवाई की मांग की। पुलिस के पहुंचने पर डॉक्टर ने CCTV फुटेज दिखाया। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत की असली वजह साफ होने की उम्मीद है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पहले इंजेक्शन, फिर मौत! छतरपुर में बुजुर्ग की मौत पर प्राइवेट क्लीनिक में हंगामा, CCTV दिखाकर डॉक्टर ने  बताई पूरी कहानी
इंजेक्शन के बाद मौत, क्लीनिक में हंगामा

छतरपुर। मध्य प्रदेश के छतरपुर में एक बुजुर्ग की मौत के बाद निजी क्लीनिक में विवाद खड़ा हो गया। 80 वर्षीय सुम्मेर सिंह इलाज के लिए बिजावर रोड स्थित क्लीनिक पहुंचे थे। परिवार का आरोप है कि ड्रेसिंग के दौरान उन्हें इंजेक्शन लगाया गया और कुछ ही देर बाद उनकी हालत बिगड़ गई। इसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया लेकिन रास्ते में उनकी मौत हो गई। बुजुर्ग की मौत से नाराज परिजन वापस क्लीनिक पहुंचे और डॉक्टर पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया। हंगामे की सूचना पर सिविल लाइन पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

ड्रेसिंग कराने पहुंचे थे बुजुर्ग, कुछ देर बाद बिगड़ी हालत

सुम्मेर सिंह की तीन दिन पहले सर्जरी हुई थी। वह अपनी पत्नी के साथ ड्रेसिंग बदलवाने के लिए बिजावर रोड स्थित निजी क्लीनिक पहुंचे थे। परिजनों का आरोप है कि ड्रेसिंग के दौरान डॉक्टर ने उन्हें एक इंजेक्शन दिया। इसके बाद अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। परिवार का कहना है कि इंजेक्शन लगाने के कुछ मिनट बाद ही बुजुर्ग की मौत हो गई। हालांकि डॉक्टर ने इलाज में लापरवाही के आरोपों से इनकार किया है। उनका कहना है कि मरीज की हालत पहले से गंभीर थी और प्राथमिक उपचार के साथ ऑक्सीजन दी गई। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाने की सलाह भी दी गई थी।

ये भी पढ़ें: ग्वालियर में 17 वर्षीय नाबालिग का झाड़ियों में मिला शव, परिजनों ने बॉयफ्रेंड पर लगाए गंभीर आरोप

मौत के बाद क्लीनिक पहुंचे परिजन

बुजुर्ग को जिला अस्पताल ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। इसके बाद गुस्साए परिजन वापस निजी क्लीनिक पहुंचे। यहां उन्होंने डॉक्टर से इलाज को लेकर जवाब मांगा। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और क्लीनिक के बाहर हंगामा शुरू हो गया। परिजनों की ओर से गेट पर लात-घूंसे चलाने और तोड़फोड़ किए जाने की बात भी सामने आई है। हंगामे के दौरान परिवार के कुछ सदस्यों ने डॉक्टर पर गलत इंजेक्शन लगाने का आरोप लगाया। घटना का वीडियो भी सामने आया है।

पुलिस पहुंची तो डॉक्टर ने दिखाया CCTV

हंगामे की जानकारी मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस की मौजूदगी में डॉक्टर ने परिजनों को क्लीनिक का CCTV फुटेज दिखाया। फुटेज में बुजुर्ग को स्ट्रेचर पर लेटे हुए देखा जा सकता है। उनकी हालत बिगड़ने के बाद डॉक्टर द्वारा जांच करने और ऑक्सीजन देने का घटनाक्रम भी दिखाई देता है। CCTV देखने के बाद स्थिति कुछ शांत हुई। हालांकि, कुछ परिजन इसके बाद भी इंजेक्शन को लेकर सवाल उठाते रहे और पूरे मामले की जांच की मांग की।

ये भी पढ़ें: राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ के लिए कांग्रेस का बैकअप भी तैयार: खंडवा रोड से खालसा स्टेडियम तक खोज रहे हैं विकल्प

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से सामने आएगी मौत की वजह

डॉक्टर ने कहा कि अगर इंजेक्शन या इलाज को लेकर कोई संदेह है तो पोस्टमार्टम कराया जाना चाहिए। इससे मौत की वास्तविक वजह पता चल सकेगी। पुलिस ने भी परिजनों को जांच का भरोसा दिया है। छतरपुर CSP के मुताबिक, बुजुर्ग के शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि मौत किस वजह से हुई। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है।

Aditi Rawat
By Aditi Rawat

अदिति रावत | MCU, भोपाल से M.Sc.(न्यू मीडिया टेक्नॉलजी) | एंकर, न्यूज़ एक्ज़िक्यूटिव की जिम्मेदारिय...Read More

Latest Posts