अंजान नंबर से दोस्ती, फिर वीडियो कॉल; मोबाइल में 28 महिलाओं के 32 वीडियो, डिजिटल सबूतों से सामने आएगा सच

ग्वालियर। अंजान नंबर से दोस्ती, फिर गुड मॉर्निंग-गुड नाइट से बातचीत और इसके बाद वीडियो कॉल तक पहुंचने के आरोपों से जुड़े मामले में स्थानीय रहवासी योगेश गुप्ता का मोबाइल पुलिस जांच के केंद्र में है। सनातन सेना की ओर से दिए गए आवेदन के बाद सामने आए इस मामले में मोबाइल की जांच के दौरान अब तक 32 वीडियो मिलने की बात सामने आई है। इनमें 28 अलग-अलग सनातन से संबंधित वीडियो या डिजिटल सामग्री होने का दावा किया जा रहा है। पुलिस इन वीडियो, चैट और सोशल मीडिया संपर्कों की जांच कर रही है।
फेसबुक-इंस्टाग्राम, टेलीग्राम पर तलाशता था संपर्क
आरोप है कि योगेश पहले ऐसे व्हाट्सऐप ग्रुपों में शामिल होता था, जहां बड़ी संख्या में अनजान लोग जुड़े रहते थे। वहां से महिलाओं के नंबर मिलने के बाद वह फेसबुक, इंस्टाग्राम और टेलीग्राम पर उन्हें तलाशता और संपर्क करता था। पहली बातचीत भी सामान्य तरीके से शुरू करने का आरोप है। वह कथित तौर पर कहता था- ‘आपका नंबर मेरे फोन में सेव है, क्या मैं आपको जानता हूं?’ इसके बाद मैसेजिंग के जरिए दोस्ती बढ़ाई जाती थी।
गुड मॉर्निंग-गुड नाइट से निजी बातचीत तक
आरोप है कि लगातार संपर्क बनाए रखने के लिए गुड मॉर्निंग-गुड नाइट मैसेज, रील और सामान्य बातचीत का सहारा लिया जाता था। कुछ समय बाद बातचीत निजी होने और वीडियो कॉल तक पहुंचने की बात सामने आई है। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि इस तरह योगेश कितनी महिलाओं के संपर्क में आया और इनमें से कितने मामलों में निजी बातचीत या वीडियो रिकॉर्ड किए गए।
सोशल मीडिया डेटा के आधार पर चल रही पड़ताल
जांच में सोशल क्लबों और सामाजिक संगठनों से जुड़ा एक और एंगल सामने आया है। आरोप है कि योगेश सामाजिक गतिविधियों और कार्यक्रमों के दौरान महिलाओं से परिचय बढ़ाता था और बाद में सोशल मीडिया के जरिए लगातार संपर्क में रहता था। पुलिस अब उसके मोबाइल और सोशल मीडिया अकाउंट्स से मिले डेटा के आधार पर यह पता लगाने में जुटी है कि सोशल क्लबों और संगठनों के माध्यम से उसके संपर्क में कितनी महिलाएं आईं और क्या इनमें से किसी के निजी वीडियो या चैट भी मोबाइल में मौजूद हैं।
ये भी पढ़ें: शादी के नाम पर मानव तस्करी-जीआरपी ने चार बांग्लादेशी युवतियों सहित 6 को किया गिरफ्तार , अलीगढ़ से पकड़ाया गिरोह
झांसी की महिला को शादी का झांसा देकर बुलाया
मामले में झांसी की एक महिला से करीब डेढ़ साल से संपर्क होने की बात भी सामने आई है। महिला का वैवाहिक विवाद और तलाक का मामला चलने की जानकारी है। आरोप है कि योगेश ने खुद को कंपनी का बड़ा अधिकारी बताकर महिला से दोस्ती बढ़ाई और शादी कर नया जीवन शुरू करने का भरोसा दिया। आरोप है कि हाल ही में महिला को ग्वालियर बुलाया गया। वह अपने छोटे बच्चे के साथ यहां आई थी। होटल में ठहरने के दौरान निजी क्षणों की रिकॉर्डिंग किए जाने का आरोप भी लगाया गया है। हालांकि इस आरोप की पुष्टि पुलिस जांच और महिला की औपचारिक शिकायत के बाद ही हो सकेगी।
मोबाइल में कई महिलाओं से जुड़े होने का दावा
मामले में सबसे अहम डिजिटल साक्ष्य योगेश के मोबाइल से मिलने की बात कही जा रही है। जांच में 32 वीडियो और 28 महिलाओं से संबंधित सामग्री मिलने का दावा है। इसके अलावा मोबाइल में कई नंबर, चैट, स्क्रीनशॉट और वीडियो कॉल से जुड़ी सामग्री भी मिलने की बात सामने आई है। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि ये वीडियो किस परिस्थिति में रिकॉर्ड किए गए, संबंधित महिलाओं की अनुमति थी या नहीं और क्या किसी निजी सामग्री को किसी अन्य व्यक्ति के साथ शेयर या सोशल मीडिया पर प्रसारित किया गया।
ये भी पढ़ें: ग्वालियर में शादी का झांसा देकर महिला सिपाही से दुष्कर्म का आरोप, उज्जैन के आरक्षक पर केस दर्ज
पुलिस जांच के तीन अहम बिंदु
- योगेश कितनी महिलाओं के संपर्क में था और संपर्क का माध्यम क्या था।
- मोबाइल में मिले वीडियो किस परिस्थिति में रिकॉर्ड किए गए।
- निजी वीडियो या चैट को कहीं शेयर, प्रसारित अथवा दबाव बनाने के लिए इस्तेमाल तो नहीं किया गया।
शिकायत मिलने के बाद तथ्यों पर होगी कार्रवाई
विश्वविद्यालय क्षेत्र के सीएसपी रवि भदौरिया ने कहा कि आरोपी पर फिलहाल स्थानीय स्तर पर कोई औपचारिक फरियाद दर्ज नहीं हुई है। झांसी की एक महिला द्वारा कानूनी कार्रवाई की इच्छा जताने की जानकारी सामने आई है। महिला के औपचारिक रूप से सामने आने और शिकायत देने के बाद तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।




















