दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर हादसा: बस में घुसी कार; दंपित और बेटी की मौत

हरियाणा के गुरुग्राम में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर गुरुवार सुबह भीषण सड़क हादसा हो गया। गांव धुनेला के पास तेज रफ्तार कार आगे चल रही बस के पिछले हिस्से में जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बस में फंस गई और उसका अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में कार सवार दंपती और उनकी बेटी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि परिवार के दो अन्य बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए।

बस के पिछले हिस्से में फंस गई कार
जानकारी के मुताबिक, कार तेज रफ्तार में एक्सप्रेसवे से गुजर रही थी। इसी दौरान चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और कार आगे चल रही टूरिस्ट बस से टकरा गई। टक्कर के बाद कार का अगला हिस्सा पूरी तरह पिचक गया और उसमें सवार लोग अंदर फंस गए। सूचना मिलते ही पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचे। बचाव अभियान चलाकर कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया। घायल दोनों बच्चों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने मृतकों के शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजने की कार्रवाई की। हादसे के कारण कुछ देर तक एक्सप्रेसवे पर यातायात भी प्रभावित रहा।
बालाजी से दर्शन कर दिल्ली लौट रहा था परिवार
पुलिस के मुताबिक, मृतक बम कुमार दिल्ली के रजोकरी गार्डन इलाके में परिवार के साथ रहते थे। वह पेशे से टैक्सी ड्राइवर थे और मूल रूप से बिहार के बांका जिले के भद्रा गांव के निवासी थे। परिवार करीब 14 साल से दिल्ली में किराए के मकान में रह रहा था। बताया गया कि बम कुमार पत्नी और बच्चों के साथ बालाजी के दर्शन कर दिल्ली लौट रहे थे। इसके लिए वह अपने एक दोस्त की कार लेकर गए थे। रास्ते में गांव लोहटकी के समीप सड़क किनारे खड़ी टूरिस्ट बस से उनकी कार पीछे से टकरा गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार की रफ्तार काफी तेज थी। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।




















