अंतर्राष्ट्रीय

रूस के मिलिट्री ट्रेनिंग बेस पर हमला: ताबड़तोड़ फायरिंग में 11 सैनिकों की मौत, हाल ही में यूक्रेन ने उड़ाया था कर्च ब्रिज

यूक्रेन के साथ जारी जंग के बीच रूस के मिलिट्री बेस में दो हमलावरों ने गोलीबारी कर दी। इस घटना में 11 लोगों की मौत हो गई, जबकि 15 लोग घायल हो गए। रूस ने इसे आतंकी हमला करार दिया है। बता दें कि, रूस के राष्ट्रपति पुतिन ने एक दिन पहले ही चेतावनी दी है कि उनके देश की सेना के साथ नाटो सैनिकों की टकराहट से वैश्विक तबाही होगी।

कौन थे हमलावर?

रूसी रक्षा मंत्रालय ने इसे आतंकवादी हमला बताया है। रूस की सेना के अधिकारियों के मुताबिक गोलीबारी की घटना यूक्रेन के नजदीक आर्मी फायरिंग रेंज में हुई है। फायरिंग की घटना को 2 लोगों ने अंजाम दिया है, दोनों हमलावरों को रूस ने पूर्व सोवियत संघ का नागरिक बताया है। मंत्रालय के मुताबिक, जवाबी कार्रवाई में दोनों आतंकवादी मारे गए।

ये वही मिलिट्री बेस हैं, जहां यूक्रेन से लड़ने वाले नागरिकों को ट्रेनिंग दी जा रही थी। मारे गए लोग भी यूक्रेन से युद्ध लड़ना चाहते थे।

रूस-नाटो की सैन्य टक्कर में होगी ‘वैश्विक तबाही’ : पुतिन

रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने NATO की सेना को चेतावनी देते हुए कहा- अगर सीधे तौर पर उसकी सेना रूस के सैनिकों से टकराती है तो इससे वैश्विक तबाही हो सकती है। उन्होंने कहा कि वैश्विक तबाही का कारण बनने वाले ऐसे कदम किसी का भी भला नहीं करने वाले।

कजाखस्तान की राजधानी अस्ताना में एक प्रेस कांफ्रेंस को संबोधित करने के दौरान उन्होंने कहा कि, मुझे उम्मीद है कि NATO ऐसा कोई कदम नहीं उठाएगा, जिससे वैश्विक शांति भंग हो।

रूस ने यूक्रेन पर दागीं थीं 83 मिसाइलें

दरअसल, रूस को क्रीमिया से जोड़ने वाले कर्च रेलवे ब्रिज पर जोरदार धमाके के बाद बौखलाए रूस ने 10 अक्टूबर को यूक्रेन के 9 शहरों पर ताबड़तोड़ 83 मिसाइलें दागी थीं। इसके बाद NATO ने जंग में यूक्रेन की मदद करने का वादा किया था। G-7 देशों ने भी यूक्रेन के साथ खड़े रहने की बात कही है।

कर्च ब्रिज

बता दें कि, इस ब्रिज को क्रीमिया पर रूस के कब्जे के सिंबल के तौर पर देखा जाता था। वहीं धमाके पर यूक्रेन के प्रेसिडेंट ऑफिस में एडवाइजर हेड मायखाइलो पोडोल्याकी ने ट्वीट कर कहा था कि क्रीमिया, ब्रिज शुरुआत है। रूस को यूक्रेन से चुराई गई हर चीज वापस करनी होगी।

अन्य अंतर्राष्ट्रीय खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें…

संबंधित खबरें...

Back to top button