आसमान तक उठता रहा धुआं!ग्रेटर नोएडा के शाहबेरी फर्नीचर मार्केट में भीषण आग, 8 दुकानें जलकर राख

नोएडा। उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा के शाहबेरी फर्नीचर मार्केट में बीती रात एक भीषण आग लग गई। आग इतनी भयानक थी कि देखते ही देखते कई दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। आग की ऊंची-ऊंची लपटें दूर से दिखाई दे रही थीं और पूरा इलाका धुएं से भर गया। इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया।
बताया जा रहा है कि आग सबसे पहले एक प्लास्टिक की दुकान में लगी थी। शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट को आग लगने की वजह माना जा रहा है। वहां आसपास ज्यादातर फर्नीचर और लकड़ी का सामान रखा हुआ था, इसलिए आग तेजी से फैलती चली गई। कुछ ही मिनटों में कई दुकानें आग की चपेट में आ गईं।
फर्नीचर मार्केट में मचा हड़कंप
आग लगते ही दुकानदारों और आसपास रहने वाले लोग घबरा गए। लोग अपनी दुकानों से सामान बचाने की कोशिश करते नजर आए, लेकिन आग इतनी तेजी से फैल रही थी कि किसी को संभलने का मौका नहीं मिला।
वीडियो में देखा गया कि आग की लपटें कई फीट ऊपर तक उठ रही थीं। आसपास की रिहायशी सोसाइटी में रहने वाले लोग अपने घरों की बालकनी और छतों से इस अग्निकांड का वीडियो बनाते दिखाई दिए। दुकानदारों के सामने उनका लाखों रुपए का सामान जलकर राख हो गया। लकड़ी, प्लास्टिक और फोम जैसी चीजों के कारण आग और ज्यादा भड़कती चली गई।
यह भी पढ़ें: आसनसोल में बवाल! लाउडस्पीकर को लेकर भड़की भीड़, पुलिस चौकी पर पथराव, गाड़ियों में तोड़फोड़
30 से ज्यादा फायर ब्रिगेड टीम मौके पर पहुंचीं
घटना की जानकारी मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। आग की गंभीरता को देखते हुए नोएडा और गाजियाबाद से भी दमकल की गाड़ियां बुलाई गईं। कुल मिलाकर 30 से ज्यादा दमकल की गाड़ियों ने आग बुझाने का काम किया। हालांकि, शाहबेरी मार्केट की गलियां काफी संकरी हैं। इसी वजह से दमकल की गाड़ियों को अंदर पहुंचने में परेशानी हुई। इसके बाद पुलिस और प्रशासन ने मिलकर रास्ता खाली कराया और ग्रीन कॉरिडोर बनाया, ताकि फायर ब्रिगेड की गाड़ियां जल्दी मौके तक पहुंच सकें।
यह भी पढ़ें: हैदराबाद-जयपुर स्पेशल एक्सप्रेस में लगी आग : दो AC कोच जले, स्टेशन पर मची अफरा-तफरी
8 दुकानें जलकर हुईं खाक
फायर विभाग के अनुसार इस भीषण आग में करीब 8 दुकानें पूरी तरह जल गईं। दुकानों में रखा फर्नीचर, लकड़ी, प्लास्टिक और अन्य सामान पूरी तरह राख हो गया। दुकानदारों को इस हादसे में लाखों रुपए का नुकसान हुआ है। कई दुकानदारों का कहना है कि उनकी पूरी मेहनत कुछ ही मिनटों में खत्म हो गई। सुबह होते ही लोग जली हुई दुकानों के बाहर खड़े दिखाई दिए और नुकसान का अंदाजा लगाते रहे।
शॉर्ट सर्किट की जताई आशंका
चीफ फायर ऑफिसर ने बताया कि सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीमें तुरंत मौके पर पहुंच गई थीं। आग पर अब पूरी तरह काबू पा लिया गया है। उन्होंने कहा कि शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट की वजह से आग लगने की आशंका है। फिलहाल पूरे मामले की जांच की जा रही है।
हादसे में कोई जनहानि नहीं
इस भीषण हादसे में राहत की बात यह रही कि किसी के घायल होने या जान जाने की खबर सामने नहीं आई है। आग देर रात लगी थी, इसलिए बाजार में ज्यादा भीड़ नहीं थी। समय रहते लोगों को वहां से बाहर निकाल लिया गया।











