अनाज मंडी में मोटे मुनाफे का झांसा, 1.43 करोड़ हड़पे; क्राइम ब्रांच ने सगे भाइयों को दबोचा

इंदौर। अनाज मंडी के कारोबार में मोटा मुनाफा कमाने का सपना दिखाकर कारोबारी से 1 करोड़ 43 लाख रुपए की कथित धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। इंदौर क्राइम ब्रांच ने कार्रवाई करते हुए मामले में दो सगे भाइयों गौरव जैन और आकाश जैन को गिरफ्तार किया है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार गौरव के खिलाफ पहले से आठ, जबकि आकाश के खिलाफ दो आपराधिक मामले दर्ज हैं।पुलिस के मुताबिक दोनों भाइयों ने कारोबारी को अनाज मंडी के कारोबार में रकम लगाने पर अच्छा मुनाफा मिलने का भरोसा दिलाया। मुनाफे के लालच में कारोबारी ने आरोपियों पर विश्वास किया और अलग-अलग समय पर उनके बताए बैंक खातों में कुल 1.43 करोड़ रुपए ट्रांसफर कर दिए। जब रकम वापस मांगने की बारी आई तो आरोपियों ने कथित तौर पर पैसा लौटाने से इनकार कर दिया। इसके बाद पीड़ित ने क्राइम ब्रांच में शिकायत की, जिसके आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों भाइयों को गिरफ्तार कर लिया।
ये भी पढ़ें: नेस्ले इंडिया के बेबी फूड पर FSSAI की कार्रवाई, दावों और बायोटिन की मात्रा को लेकर उठे सवाल
मुनाफे का लालच देकर करोड़ों का निवेश कराया
एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया के अनुसार बिचौली रोड स्थित अरावली परिसर निवासी कवलदीप सिंह रीन ने शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में उन्होंने बताया कि गौरव और आकाश ने उनसे अनाज मंडी के कारोबार में निवेश करने की बात कही थी।आरोपियों ने कारोबारी को बताया कि कारोबार में पैसा लगाने पर उसे अच्छा मुनाफा मिलेगा। भरोसा होने के बाद कवलदीप ने अलग-अलग समय पर बैंक खातों के जरिए रकम ट्रांसफर करना शुरू किया।एक बार रकम भेजने के बाद दोबारा निवेश के लिए भी दबाव और भरोसा बनाए रखा गया। इस तरह धीरे-धीरे कारोबारी द्वारा भेजी गई रकम 1 करोड़ 43 लाख रुपए तक पहुंच गई।
ये भी पढ़ें: बुखार में खाई जाने वाली पैरासिटामोल और BP की दवा फेल, अस्पतालों ने तुरंत रोका वितरण
रकम वापस मांगते ही सामने आया असली चेहरा
निवेश के बाद कारोबारी को उम्मीद थी कि उसे वादा किए गए मुनाफे के साथ मूल रकम भी वापस मिल जाएगी। लेकिन तय समय पर रकम नहीं मिली। कवलदीप ने जब अपनी मूल रकम और मुनाफे की राशि वापस मांगी तो आरोपियों ने कथित तौर पर रकम लौटाने से इनकार कर दिया।इसके बाद कारोबारी ने अपने स्तर पर रकम वापस लेने के प्रयास किए, लेकिन सफलता नहीं मिली। आखिरकार उसने मामले की शिकायत इंदौर क्राइम ब्रांच में की।
ये भी पढ़ें: डॉ. मोहन भागवत बोले- धर्म भारत के DNA में, यह हमारे अस्तित्व के प्रारंभ से अंत तक रहता है
बैंक ट्रांजैक्शन की जांच के बाद शिकंजा
शिकायत मिलने के बाद क्राइम ब्रांच ने मामले की प्राथमिक जांच शुरू की। पुलिस ने शिकायत में बताए गए बैंक लेनदेन और अन्य तथ्यों की पड़ताल की। जांच के बाद पुलिस ने दोनों भाइयों को हिरासत में लेकर पूछताछ की और शुक्रवार को उनकी गिरफ्तारी की।अब पुलिस आरोपियों से यह पता लगाने में जुटी है कि 1.43 करोड़ रुपए की रकम कहां-कहां ट्रांसफर की गई और उसका इस्तेमाल किस तरह किया गया। साथ ही पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस मामले में अन्य लोग तो शामिल नहीं हैं।
ये भी पढ़ें: डॉ. मोहन भागवत बोले- धर्म भारत के DNA में, यह हमारे अस्तित्व के प्रारंभ से अंत तक रहता है
दोनों भाइयों का पहले से आपराधिक रिकॉर्ड
पुलिस रिकॉर्ड ने मामले को और गंभीर बना दिया है। जांच के मुताबिक गौरव जैन के खिलाफ पहले से आठ आपराधिक मामले दर्ज हैं। वहीं उसके भाई आकाश जैन के खिलाफ दो मामले दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।


















