Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

GIS-2027 की तैयारियां तेज, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में सतगढ़ी में होगा आयोजन

भोपाल के सतगढ़ी स्मार्ट इंडस्ट्रियल पार्क में जनवरी में प्रस्तावित GIS-2027 की तैयारियां तेज हो गई हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में होने वाले समिट को लेकर सड़कों, पर्यटन मार्गों, सफाई और आयोजन स्थल की व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई।
GIS-2027 की तैयारियां तेज, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में सतगढ़ी में होगा आयोजन
GIS-2027 की तैयारियां तेज

भोपाल। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल के सतगढ़ी स्थित स्मार्ट इंडस्ट्रियल पार्क में अगले साल जनवरी में प्रस्तावित ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट यानी GIS-2027 को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। प्रस्तावित समिट प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में आयोजित किया जाना है। इसी को देखते हुए प्रशासन ने विभिन्न विभागों के साथ तैयारियों की समीक्षा शुरू कर दी है। बुधवार को भोपाल संभाग के कमिश्नर कर्मवीर शर्मा ने संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर आयोजन की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि समिट से जुड़ी व्यवस्थाओं में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। सभी विभाग आपसी तालमेल के साथ मिशन मोड में काम करते हुए तय समय-सीमा में अपने काम पूरे करें।

‘सप्तधारा’ विजन पर केंद्रित होगा GIS-2027

बैठक में बताया गया कि GIS-2027 मध्यप्रदेश की औद्योगिक क्षमता और निवेश के अवसरों को अंतरराष्ट्रीय मंच पर सामने रखने का महत्वपूर्ण अवसर होगा। प्रस्तावित समिट की परिकल्पना ‘सप्तधारा’ विजन पर आधारित है। इसके तहत मैन्युफैक्चरिंग, कृषि एवं खाद्य क्षेत्र, तकनीक एवं नवाचार, गतिशक्ति यानी अधोसंरचना, रक्षा क्षेत्र, हरित एवं नीली अर्थव्यवस्था और सॉफ्ट पावर जैसे सात प्रमुख क्षेत्रों पर चर्चा प्रस्तावित है। बैठक में एमपीआईडीसी के प्रबंध संचालक चंद्रमौली शुक्ला और नगर निगम आयुक्त संस्कृति जैन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

विदेशी मेहमानों के लिए पर्यटन स्थलों तक बेहतर कनेक्टिविटी

कमिश्नर कर्मवीर शर्मा ने कहा कि GIS-2027 में शामिल होने वाले अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधियों और अन्य अतिथियों के लिए मध्यप्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थलों के भ्रमण की योजना भी बनाई जा सकती है। इनमें विश्व धरोहर स्थल सांची के बौद्ध स्तूप, भीमबेटका की प्रागैतिहासिक शैलकला, भोजपुर का ऐतिहासिक शिव मंदिर और उज्जैन जैसे प्रमुख स्थल शामिल हैं। इसे ध्यान में रखते हुए इन पर्यटन स्थलों से जुड़े प्रमुख मार्गों को सुगम, व्यवस्थित और आकर्षक बनाने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन का लक्ष्य है कि बाहर से आने वाले प्रतिनिधियों को यात्रा के दौरान मध्यप्रदेश की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत का बेहतर अनुभव मिल सके।

सड़कों और चौराहों के काम तत्काल शुरू करने के निर्देश

बैठक में पीडब्ल्यूडी, एनएचएआई, नगर निगम और एमपीआरडीसी के अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में आने वाली सड़कों, चौराहों और संपर्क मार्गों के सुधार तथा जरूरी मरम्मत कार्य जल्द शुरू कराने के निर्देश दिए गए। प्रमुख मार्गों पर आधुनिक और स्पष्ट साइनेज लगाने, डायवर्जन की मार्किंग व्यवस्थित करने और सौंदर्यीकरण के काम गुणवत्ता के साथ पूरा करने को कहा गया। इन व्यवस्थाओं का उद्देश्य समिट के दौरान अतिथियों का आवागमन सुरक्षित और सुगम बनाए रखना है।

आयोजन स्थल, पार्किंग और हेलीपैड की भी समीक्षा

बैठक में सतगढ़ी के स्मार्ट इंडस्ट्रियल पार्क में प्रस्तावित आयोजन स्थल की व्यवस्थाओं पर भी विस्तार से चर्चा हुई। पार्किंग, आयोजन स्थल तक पहुंचने वाली सड़क और प्रस्तावित हेलीपैड से संबंधित तैयारियों की जानकारी अधिकारियों से ली गई। कमिश्नर ने भोपाल एयरपोर्ट से आयोजन स्थल तक जाने वाले प्रमुख मार्गों के रेस्टोरेशन का काम तत्काल शुरू कराने को कहा। संबंधित विभागों को बजट की जरूरत से जुड़े प्रस्ताव और डिमांड लेटर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि जहां आवश्यक हो, सैद्धांतिक अनुमति के आधार पर जरूरी कार्य शुरू किए जाएं ताकि बाद में समय की कमी के कारण तैयारियों पर असर न पड़े।

ये भी पढ़ें: जबलपुर: कृषि विश्वविद्यालय में प्रशिक्षण, खेत में एआई की एंट्री आसान नहीं; मिट्टी से मौसम तक कई फैक्टर बन रहे चुनौती

शहर की सफाई और सौंदर्यीकरण पर भी रहेगा जोर

GIS-2027 की तैयारियों के तहत भोपाल शहर के प्रमुख मार्गों के रेस्टोरेशन के साथ विशेष स्वच्छता अभियान चलाने की योजना पर भी चर्चा हुई। प्रमुख चौराहों, सार्वजनिक स्थानों, उद्यानों और शहर के प्रवेश द्वारों के सौंदर्यीकरण का काम भी समयबद्ध तरीके से शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन का फोकस शहर को समिट के दौरान साफ-सुथरा और व्यवस्थित रखने पर है।

स्थानीय उद्योगपतियों की भी होगी भागीदारी

बैठक में GIS-2027 में अंतरराष्ट्रीय निवेशकों के साथ मध्यप्रदेश के स्थानीय उद्योगपतियों और औद्योगिक संगठनों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर भी चर्चा हुई। कमिश्नर कर्मवीर शर्मा ने एमएसएमई विभाग को निर्देश दिए कि दिसंबर तक अभियान चलाकर संभाग के सभी जिलों के औद्योगिक संगठनों, उद्योग संघों और स्थानीय उद्यमियों के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। इन बैठकों के जरिए स्थानीय उद्योगों की मूलभूत समस्याओं की जानकारी लेकर उनके समाधान के लिए जरूरी कार्रवाई तय करने को कहा गया है। इसका उद्देश्य स्थानीय उद्योगों को भी समिट से जोड़ना और निवेश से जुड़े अवसरों तक उनकी पहुंच बढ़ाना है।

ये भी पढ़ें: 24 सितंबर को पचोर आएंगे CM मोहन यादव, कलेक्टर ने तैयारियों की समीक्षा की

‘अतिथि देवो भव:’ की परंपरा के अनुरूप तैयारी

कमिश्नर कर्मवीर शर्मा ने कहा कि ‘अतिथि देवो भव:’ की भारतीय परंपरा के अनुरूप GIS-2027 में भोपाल आने वाले अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधियों और गणमान्य अतिथियों के सामने शहर की समृद्ध, स्वच्छ और पर्यावरण-अनुकूल छवि प्रस्तुत की जानी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि शहर का वातावरण ऐसा तैयार किया जाए कि यहां आने वाले प्रतिनिधि भोपाल और मध्यप्रदेश की सकारात्मक स्मृतियां लेकर लौटें।

कमिश्नर ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करते हुए तय समय-सीमा में तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए हैं। जनवरी में प्रस्तावित GIS-2027 को देखते हुए आने वाले महीनों में शहर के बुनियादी ढांचे, यातायात व्यवस्था, पर्यटन मार्गों और आयोजन स्थल से जुड़ी तैयारियों पर प्रशासन का फोकस रहेगा।

Sumit  Shrivastava
By Sumit Shrivastava

सुमित श्रीवास्तव एक अनुभवी मीडिया प्रोफेशनल, बिजनेस पत्रकार और शोधकर्ता हैं। मास कम्युनिकेशन में M.P...Read More

Latest Posts