सूर्या चौहान हत्याकांड:मुख्य आरोपी असद एनकाउंटर में ढेर, पुलिस मुठभेड़ के बाद अस्पताल में हुई मौत

गाजियाबाद के चर्चित सूर्या चौहान हत्याकांड में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। बकरीद के दिन हुई हत्या के मुख्य आरोपी असद की पुलिस मुठभेड़ में मौत हो गई है। पुलिस के अनुसार, असद पर 50 हजार रुपए का इनाम घोषित था और वह लंबे समय से फरार चल रहा था।
मुख्य आरोपी असद एनकाउंटर में ढेर, पुलिस मुठभेड़ के बाद अस्पताल में हुई मौत

गाजियाबाद के थाना खोड़ा क्षेत्र में हुए चर्चित सूर्या चौहान हत्याकांड के मुख्य आरोपी असद की पुलिस मुठभेड़ में मौत हो गई है। बकरीद के दिन हुई इस हत्या ने पूरे इलाके को झकझोर दिया था। घटना के बाद परिजनों के साथ-साथ कई हिंदू संगठनों ने भी आरोपियों की गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की थी। लगातार प्रदर्शन और विरोध के बीच पुलिस मुख्य आरोपी असद की तलाश में जुटी हुई थी।

सूर्या चौहान की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई थी। इस घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया था। पुलिस ने मामले में पहले ही तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था, लेकिन मुख्य आरोपी असद लगातार फरार चल रहा था।

पुलिस को मिली थी असद के आने की गुप्त सूचना

पुलिस के अनुसार, बीती रात खोड़ा और इंदिरापुरम पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपी असद अपने कुछ साथियों से मिलने इलाके में आने वाला है। जानकारी यह भी थी कि वह अपने दोस्तों से पैसे लेकर कहीं दूर भागने की तैयारी कर रहा था। सूचना मिलते ही पुलिस की कई टीमें सक्रिय हो गईं। इलाके में चेकिंग अभियान शुरू किया गया और संभावित रास्तों पर घेराबंदी कर दी गई। पुलिस लगातार असद की तलाश में दबिश दे रही थी और उसके हर मूवमेंट पर नजर रखी जा रही थी।

घेराबंदी के दौरान पुलिस पर की फायरिंग

पुलिस के मुताबिक, देर रात एक बाइक पर दो युवक आते दिखाई दिए। पुलिस टीम ने उन्हें रोकने की कोशिश की, लेकिन आरोपी असद ने रुकने के बजाय पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुई फायरिंग से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की। दोनों तरफ से कई राउंड गोलियां चलीं। इस दौरान एक पुलिसकर्मी भी घायल हो गया। 

पुलिस की जवाबी कार्रवाई में असद को गोली लगी और वह गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार होने में सफल रहा।

यह भी पढ़ें: सड़क पर ‘फौजी’ बनकर गुंडागर्दी: महिला बाउंसर और पति को पीटा

अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

मुठभेड़ के बाद पुलिस ने घायल असद को तुरंत अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए इलाज शुरू किया, लेकिन कुछ समय बाद उसे मृत घोषित कर दिया गया। घटनास्थल से पुलिस ने आरोपी की बाइक और हथियार भी बरामद किए हैं। पुलिस ने पूरे इलाके में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है और फरार आरोपी की तलाश की जा रही है।

असद पर था 50 हजार रुपए का इनाम

सूर्या चौहान हत्याकांड के बाद से ही असद पुलिस की गिरफ्त से बाहर था। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही थी। आरोपी की जानकारी देने वाले के लिए पुलिस ने 50 हजार रुपए का इनाम भी घोषित किया था।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि असद इस मामले का मुख्य आरोपी था और हत्या के बाद से लगातार अपना ठिकाना बदल रहा था।

यह भी पढ़ें: कैफे के बाहर खूनी बवाल: तीन युवतियों ने ब्लेड और बोतल से किया हमला

मुठभेड़ में चलीं कई राउंड गोलियां

पुलिस सूत्रों के अनुसार, मुठभेड़ के दौरान करीब सात राउंड गोलियां चलीं। आरोपी असद ने पहले पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। इस दौरान घायल हुए पुलिसकर्मी का अस्पताल में इलाज चल रहा है। अधिकारियों का कहना है कि उसकी हालत अब खतरे से बाहर बताई जा रही है।

सूर्या की मां ने कहा- इंसाफ मिला

असद की मौत की खबर मिलने के बाद सूर्या चौहान के परिवार ने प्रतिक्रिया दी है। सूर्या की मां ने कहा कि उन्हें कहीं न कहीं इंसाफ मिला है, लेकिन अभी भी उनका दर्द कम नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि इस मामले में शामिल अन्य आरोपियों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। उनका कहना है कि जब तक सभी दोषियों को सजा नहीं मिलती।

क्या था पूरा मामला?

जानकारी के अनुसार, बकरीद के दिन आरोपी असद ने सूर्या चौहान को कुर्बानी दिखाने के बहाने बुलाया था। आरोप है कि वहां ले जाकर उसकी चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। घटना सामने आने के बाद पूरे इलाके में गुस्सा फैल गया था। बड़ी संख्या में लोगों ने विरोध प्रदर्शन किए थे। कई सामाजिक और हिंदू संगठनों ने भी इस मामले को लेकर आवाज उठाई थी और मुख्य आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की थी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू करते हुए कई आरोपियों को गिरफ्तार किया, लेकिन मुख्य आरोपी असद लगातार फरार था।

फरार आरोपी की तलाश जारी

हालांकि इस मुठभेड़ के दौरान असद का एक साथी भागने में सफल रहा। पुलिस उसकी पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार अभियान चला रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस का दावा है कि जल्द ही फरार आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Garima Vishwakarma
By Garima Vishwakarma

गरिमा विश्वकर्मा | People’s Institute of Media Studies से B.Sc. Electronic Media की डिग्री | पत्रकार...

Latest Posts