Happy New Year 2025 : नए साल की दस्तक हो चुकी है। आज साल 2025 का पहला सवेरा है। हर साल की इस बार भी हमारे देश में नए साल में नए-नए रिजोल्यूशन के साथ खूब हर्ष और उल्लास के साथ सेलिब्रेट किया गया। हर देश में नए साल को सेलिब्रेट करने का अपना अलग-अलग तरीका और अंदाज है। कहीं अंगूर खाने की रिवायत है, तो कहीं किस के साथ नए साल का स्वागत किया जाता है। आइए जानते हैं, अलग-अलग देशों के कुछ दिलचस्प परंपराओं के बारे में जो नए साल को खास और यादगार बनाती हैं।
चेक गणराज्य में सेब काटकर भविष्यवाणी करने की परंपरा
चेक गणराज्य में नया साल मनाने का तरीका बेहद अनोखा और पारंपरिक है। यहां लोग सेब को बीच से काटकर यह अनुमान लगाते हैं कि आने वाला साल कैसा रहेगा। अगर सेब के अंदर बीज तारे के आकार में दिखे, तो इसे शुभ संकेत माना जाता है। इसका मतलब होता है कि आने वाला साल खुशियों और सफलताओं से भरा होगा। अगर बीज क्रॉस के आकार में हों, तो यह साल मुश्किलों और चुनौतियों से भरा हो सकता है।
स्पेन और लैटिन अमेरिका में 12 अंगूर खाने की परंपरा
स्पेन और लैटिन अमेरिका में नए साल के स्वागत के लिए 12 अंगूर खाने की खास परंपरा निभाई जाती है। रात के 12 बजने से पहले हर व्यक्ति 12 अंगूर खाता है। इन 12 अंगूरों का संबंध आने वाले साल के 12 महीनों से होता है। ऐसी मान्यता है कि इसे खाने से साल भर खुशियां और सौभाग्य बना रहता है।
जर्मनी में किस के साथ नए साल का स्वागत
जर्मनी में लोग आधी रात को एक-दूसरे को किस करके नए साल का जश्न मनाते हैं। यह परंपरा चौथी सदी से चली आ रही है। यह परंपरा आपसी प्रेम और सामंजस्य का प्रतीक मानी जाती है।
डेनमार्क में कुर्सी से छलांग लगाने की परंपरा
डेनमार्क में लोग नया साल कुछ अलग अंदाज में मनाते हैं। जैसे ही घड़ी में 12 बजते हैं, लोग कुर्सियों पर खड़े होकर छलांग लगाते हैं। इसे नए साल में सकारात्मक ऊर्जा और पुराने साल की नकारात्मकता को पीछे छोड़ने का प्रतीक माना जाता है।
स्कॉटलैंड में ‘होगमैन’ की परंपरा
स्कॉटलैंड में नया साल मनाने की परंपरा 8वीं सदी से चली आ रही है। साल के अंतिम दिन को यहां ‘होगमैन’ कहा जाता है। प्रसिद्ध कवि रॉबर्ट बर्न्स की कविता ‘ऑल्ड लैंग साइन’ नए साल का गीत मानी जाती है। लोग एक-दूसरे से हाथ मिलाते हैं और स्टॉकिश भाषा में कहते हैं, “लैंग मे येर लुम रीक”। इसका मतलब होता है, ‘आपकी चिमनी से लंबे समय तक धुआं निकलता रहे।’ यानी आपका आने वाला साल खुशियों और उमंगों से भरा हो
ब्राजील में समुद्र की देवी येमोजा की पूजा
ब्राजील में नए साल का स्वागत समुद्र किनारे होता है। लोग फूल और प्रसाद लेकर समुद्र की लहरों के बीच जाते हैं। समुद्र की देवी येमोजा को प्रसन्न करने के लिए यह पूजा की जाती है। यह खुशियों और तरक्की का प्रतीक है।
क्यूबा में पानी की बाल्टी फेंकने की परंपरा
क्यूबा में लोग बीते साल की नकारात्मकता को खत्म करने के लिए खास परंपरा निभाते हैं। 31 दिसंबर की रात को घर की सफाई के बाद गंदे पानी की बाल्टी सड़क पर फेंकी जाती है। इसे बुरी किस्मत और दुर्भाग्य को दूर करने का तरीका माना जाता है।
कोलंबिया में खाली सूटकेस लेकर घूमने की प्रथा
कोलंबिया में नया साल यात्रा और रोमांच की उम्मीद के साथ मनाया जाता है। लोग 31 दिसंबर की रात खाली सूटकेस लेकर अपने इलाके में घूमते हैं। ऐसा करने से नए साल में यात्राओं और रोमांचक अनुभवों की संभावना बढ़ती है।
इटली में खिड़कियों से फर्नीचर फेंकने की परंपरा
इटली के नेपल्स शहर में नया साल अनोखे अंदाज में मनाया जाता है। लोग पुराने फर्नीचर और अनचाही चीजों को खिड़कियों से बाहर फेंकते हैं। यह बीते साल की नकारात्मकता को खत्म करने और नए साल की शुरुआत के प्रतीक के रूप में किया जाता है।
इक्वाडोर में पुतले फूंकने की प्रथा
इक्वाडोर में लोग नए साल का स्वागत पुतले जलाकर करते हैं। पुतले जलाकर पुराने साल की नकारात्मक यादों को अलविदा कहा जाता है। यह नई शुरुआत और सकारात्मकता का प्रतीक है।
फिलीपींस में गोल चीजों की सजावट
फिलीपींस में नया साल समृद्धि और भाग्य के साथ मनाया जाता है। लोग गोल चीजों, जैसे फल और सिक्कों से घर सजाते हैं। गोल चीजों को भाग्य और धन का के रूप में देखा जाता है।
नीदरलैंड में ठंडे पानी में डुबकी लगाने की परंपरा
नीदरलैंड में नया साल मनाने का तरीका साहस और ऊर्जा से भरा होता है। लोग ठंडे समुद्र में डुबकी लगाते हैं। इसे ‘पोलर बियर प्लंज’ कहा जाता है। इसका मतलब होता है कि इस साल की शुरुआत सकारात्मक हो।
One Comment