ताजा खबरभोपालमध्य प्रदेश

MP Lok Sabha Election 2024 : चौथे चरण की वोटिंग आज, शाम 6 बजे 8 सीटों पर EVM में कैद हो जाएगा 74 कैंडिडेट्स का भाग्य

भोपाल। लोकसभा चुनाव (Lok Sabha Election 2024) के चौथे चरण में मध्य प्रदेश की 29 में से शेष 8 संसदीय क्षेत्रों में आज मतदान होगा। सुबह 7 बजे से इन सीटों पर मतदान का दौर शुरू हो जाएगा और शाम 6 बजे तक जारी रहेगा। आज 13 मई को देवास (अजा), उज्जैन (अजा), मंदसौर, रतलाम (अजजा), धार (अजजा), इंदौर, खरगोन (अजजा) और खंडवा सीटों पर वोटिंग होगी।

1,63,70,654 मतदाता करेंगे वोट

प्रदेश में चौथे चरण में 8 संसदीय सीटों पर होने वाले मतदान के लिए कुल एक करोड़ 63 लाख 70 हजार 654 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे। इनमें 82 लाख 48 हजार 91 पुरुष मतदाता, 81 लाख 22 हजार 175 महिला मतदाता तथा 388 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं।

इन दस्तावेजों के जरिए कर सकेंगे मतदान

  1. फोटोयुक्त वोटर आईडी कार्ड
  2. आधार कार्ड
  3. पैन कार्ड
  4. दिव्यांग यूनिक आईडी
  5. ड्राइविंग लाइसेंस
  6. मनरेगा जॉब कार्ड
  7. पेंशन दस्तावेज (फोटो सहित)
  8. पासपोर्ट
  9. पासबुक (फोटो सहित बैंक/डाक द्वारा जारी)
  10. फोटो युक्त सर्विस पहचान पत्र (केन्द्र/राज्य सरकार/सार्वजनिक उपक्रम/पब्लिक लिमिटेड कंपनियों द्वारा जारी)
  11. सांसद, विधायक और विधान परिषद सदस्यों को जारी आधिकारिक पहचान पत्र
  12. आरजीआई द्वारा जारी स्मार्ट कार्ड
  13. स्वास्थ्य बीमा स्मार्ट कार्ड (श्रम मंत्रालय द्वारा जारी)

चौथे चरण में इन 8 सीटों पर होगी वोटिंग

लोकसभा सीट BJP प्रत्याशी कांग्रेस प्रत्याशी
इंदौर शंकर लालवानी …….
देवास महेंद्र सिंह सोलंकी राजेंद्र मालवीय
उज्जैन अनिल फिरोजिया महेश परमार
मंदसौर सुधीर गुप्ता दिलीप सिंह गुर्जर
रतलाम अनिता नागर सिंह चौहान कांतिलाल भूरिया
धार सावित्री ठाकुर राधेश्याम मुवेल
खरगोन गजेंद्र सिंह पोरलाल खरते
खंडवा ज्ञानेश्वर पाटिल नरेंद्र पटेल

चर्चाओं में बनी इंदौर लोकसभा सीट

इस चरण में राज्य की इंदौर संसदीय सीट इन दिनों सर्वाधिक चर्चाओं में बनी हुई है। कांग्रेस ने यहां से अक्षय कांति बम को अपना अधिकृत प्रत्याशी घोषित किया था, लेकिन नामांकन वापसी के दिन उन्होंने सभी को चौंकाते हुए न केवल अपना नामांकन वापस ले लिया, बल्कि कांग्रेस को अलविदा कह कर भाजपा का दामन भी थाम लिया। इसके बाद अब इंदौर से कांग्रेस का कोई अधिकृत प्रत्याशी चुनावी मैदान में नहीं है।

हालांकि, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी समेत पार्टी के अन्य नेता अब यहां लोगों से नोटा को वोट देने की अपील कर रहे हैं। भाजपा ने यहां से मौजूदा सांसद शंकर ललवानी पर ही दोबारा भरोसा जताया है। चौथे चरण के साथ ही राज्य की सभी 29 लोकसभा सीटों पर मतदान संपन्न हो जाएगा।

18 हजार से अधिक मतदान केंद्रों पर होगी वोटिंग

राज्य के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी अनुपन राजन ने बताया कि चौथे चरण में प्रदेश की शेष 8 लोकसभा सीटों पर मतदान सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक होगा। मतदान से डेढ़ घंटे पहले मॉकपोल की कार्रवाई की जाएगी। मतदान को लेकर कुल 18 हजार सात मतदान केन्द्र बनाए गए हैं, जिनमें 231 सहायक मतदान केंद्र शामिल हैं। राजन ने बताया कि इन 8 संसदीय क्षेत्रों पर कुल 74 प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं। इनमें देवास और मंदसौर में 8-8, खंडवा में 11, खरगोन में 5, रतलाम में 12, धार में 7, इंदौर में 14 और उज्जैन में 9 प्रत्याशी शामिल हैं।

प्रदेश की 29 में से 21 सीटों पर हो चुका मतदान

इससे पहले मध्य प्रदेश की कुल 29 संसदीय सीटों में 19 अप्रैल को प्रथम चरण में 6 सीटों, दूसरे चरण में 26 अप्रैल को 6 सीटों, तीसरे चरण में 07 मई को 9 सीटों पर मतदान संपन्न हो चुका है। अब प्रदेश की शेष 8 लोकसभा सीटों के लिए कल मतदान होगा।

मध्य प्रदेश की अन्य खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें…

संबंधित खबरें...

Back to top button