
सीधी। मध्य प्रदेश के सीधी जिले में बाघ (Tiger) का आतंक बढ़ता ही जा रहा है। सीधी में पूर्व महिला सरपंच पर बाघ ने हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। महिला के गले व पेट पर बाघ के पंजे व दांत के निशान मिले हैं। इस घटना से लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है। बताया जा रहा कि महिला जंगल में लकड़ी लेने गई थी। शनिवार को अंतिम संस्कार से पहले ग्रामीणों ने जमकर हंगामा किया।
क्या है पूरा मामला ?
जानकारी के मुताबिक, ये घटनाक्रम जनपद पंचायत मझौली की ग्राम पंचायत पोड़ी के ग्राम बड़काडोल का है। यहां पूर्व महिला सरपंच गुड्डी बाई (45) पति रामाधार भुर्तियां शनिवार दोपहर में 5-6 ग्रामीणों के साथ लकड़ी लेने गई थी। वह संजय टाइगर वन परिक्षेत्र दुबरी के बीट बड़काडोल के जंगल की सीमा से लगे खुद के पट्टे की भूमि से लकड़ी लेने गई थी। इसी दौरान खेत से लगे नाले से अचानक बाघ निकल आया। महिला कुछ समझती उसने पहले ही बाघ ने हमला कर दिया। तभी वहां मौजूद अन्य साथियों ने शोर मचाया, तो बाघ वापस से नाले में चला गया। इस बीच बाघ ने दो बार गुड्डी बाई पर हमला करने की कोशिश की। लेकिन मौके से थोड़ी दूरी पर खड़े लोग शोर मचाकर बाघ को दूर करते रहे। हमले के दौरान महिला के गले व पेट पर गंभीर चोट आने से उसकी कुछ ही मिनटों में मौत हो गई।
ग्रामीणों ने किया हंगामा
घटना के बाद काफी देर बाद तक वन व पुलिस विभाग के कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचे, इसलिए शव को वहां से उठाने में भी देर हुई। जिसको लेकर ग्रामीणों में आक्रोश है, उन्होंने प्रशासन पर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। ग्रामीणों का कहना था कि गांव में 14 दिसंबर को ओमकली सिंह पति बृजभान सिंह गोंड पर भी बाघ ने हमला किया था। इसमें ओमकली सिंह गंभीर रूप से घायल हो गई थी। इसके बावजूद प्रशासन ने बाघ के हमले से ग्रामीणों को बचाने के लिए कोई प्रयास नहीं किए। ग्रामीणों के हंगामे के चलते सीधी जिले के मझौली, कुसमी, चुरहट और सीधी की पुलिस मौके पर पहुंच गई।
लोगों में दहशत का माहौल
लोगों ने बताया कि बाघों का एक दल है। इस दल में लगभग 4 से 6 बाघ व बाघिन हैं। यह दल समूह में जंगल से लगे गांवों की तरफ महीनों से घूम रहा है। यह पालतू जानवरों के साथ-साथ इंसानों को भी अपना निशाना बना रहे हैं। इस हमले के बाद से बड़काडोल गांव के लोगों के साथ नजदीकी गांवों के ग्रामीण भी दहशत में हैं।
येे भी पढ़ें: जबलपुर: सिहोरा में युवक की निर्मम हत्या, आरोपियों ने चाकू से किए कई वार; जांच में जुटी पुलिस