राष्ट्रीय

कर्नाटक: खाद्य और नागरिक आपूर्ति मंत्री उमेश कट्टी का हार्ट अटैक से निधन, सीएम बोम्मई ने जताया दुख

कर्नाटक के खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री उमेश कट्टी (61) का मंगलवार देर रात हार्ट अटैक से निधन हो गया। रिपोर्ट्स के मुताबिक, रात करीब 10 बजे डॉलर्स कॉलोनी स्थित उनके आवास पर कट्टी को दिल का दौरा पड़ा था। जिसके बाद उन्हें एमएस रमैया अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। बागेवाडी बेलगाम में राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।

कर्नाटक के सीएम ने जताया दुख

कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने उनके निधन पर गहरा दुख जताया है। बोम्मई ने कहा, “मैंने अपना एक बेहद करीबी दोस्त खो दिया है। वह मेरे लिए भाई की तरह थे। उन्हें दिल की कुछ समस्या थी, लेकिन हमने कभी नहीं सोचा था कि वह इतनी जल्दी हमें छोड़कर चले जाएंगे। उन्होंने राज्य के लिए बहुत काम किया। उन्होंने कई विभागों को कुशलता से संभाला। यह राज्य के लिए बहुत बड़ी क्षति है।”

बेलगावी के स्कूल-कॉलेज आज रहेंगे बंद

सीएम बोम्मई ने कहा कि उनके (उमेश कट्टी) शव को अस्पताल से एयर एंबुलेंस से ले जाया जाएगा। संकेश्वर में बुधवार दोपहर दो बजे तक जनता के दर्शन के बाद सभी प्रक्रियाएं की जाएंगी। आज बागवाड़ी बेलगावी में राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। इसके साथ ही सीएम ने बुधवार को बेलगावी के सभी स्कूलों और कॉलेजों में छुट्टी की घोषणा की है।

ये भी पढ़ें- उत्तर प्रदेश : BJP विधायक अरविंद गिरि की हार्ट अटैक से मौत, मीटिंग में शामिल होने लखनऊ जा रहे थे

1985 में राजनीति में रखा था कदम

बेलगावी जिले के हुक्केरी तालुक के बेल्लादबागेवाड़ी में जन्मे कट्टी हुक्केरी विधानसभा क्षेत्र से आठ बार विधायक रह चुके थे। 1985 में अपने पिता विश्वनाथ कट्टी के निधन के बाद उन्होंने राजनीति में कदम रखा था। 2008 में भाजपा में शामिल होने से पहले कट्टी जनता पार्टी, जनता दल, जद (यू) और जद (एस) के साथ थे। उन्होंने इससे पहले जे एच पटेल, बीएस येदियुरप्पा, डीवी सदानंद गौड़ा और जगदीश शेट्टार के मंत्रिमंडल में मंत्री के रूप में कार्य किया था। उमेश विश्वनाथ कट्टी ने बोम्मई सरकार में खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति, उपभोक्ता मामले और वन विभाग मंत्री के रूप में जिम्मेदारी निभाई।

अन्य राष्ट्रीय खबरों के लिए यहां क्लिक करें…

संबंधित खबरें...

Back to top button