जबलपुरताजा खबरमध्य प्रदेश

करीना कपूर को एमपी हाईकोर्ट का नोटिस : धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने का आरोप, किताब ‘प्रेगनेंसी बाइबल’ से जुड़ा है मामला

जबलपुर। बॉलीवुड एक्ट्रेस करीना कपूर खान को मध्य प्रदेश हाईकोर्ट की जबलपुर बेंच ने नोटिस जारी किया है। उनकी किताब ‘करीना कपूर खान प्रेग्नेंसी बाइबल’ के टाइटल पर उनसे जवाब मांगा गया है। दरअसल, जबलपुर सिविल लाइन निवासी क्रिस्टोफर एंथोनी ने याचिका दायर कर टाइटल में इस्तेमाल किए गए शब्द बाइबल को लेकर आपत्ति जताई है। साथ ही धार्मिक भावनाएं आहत करने का आरोप लगाया है।

1 जुलाई को होगी अगली सुनवाई

जस्टिस गुरपाल सिंह अहलूवालिया की सिंगल-जज बेंच ने करीना कपूर खान को नोटिस भेज दिया है। याचिका में किताब एंथोनी ने इस किताब पर बैन लगाने की मांग भी की है। ऐसे में कोर्ट ने किताब बेचने वाले सेलर्स को भी नोटिस भेजा गया है। कोर्ट ने को-ऑथर अदिति शाह भीमजियानी, अमेजन इंडिया और जगरनाट बुक्स से भी जवाब मांगा है। मामले की अगली सुनवाई 1 जुलाई को होना संभावित है।

याचिका में क्या कहा गया

एडवोकेट क्रिस्टोफर एंथोनी ने साल 2022 में हाईकोर्ट में याचिका दाखिल की थी। उन्होंने कहा था कि, बुक के टाइटल में बाइबल जोड़ने से ईसाई धर्म के लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं। बाइबल ईसाई धर्म का धार्मिक ग्रंथ है। इस पवित्र पुस्तक में प्रभु यीशू की शिक्षा का वर्णन पाया जाता है। करीना की किताब में बाइबल का इस्तेमाल ठेस पहुंचाने वाला है।

उनकी याचिका पर पहली सुनवाई अगस्त 2022 में हुई थी, तब हाईकोर्ट ने राज्य सरकार को भी पार्टी बनाने के लिए कहा था। जिसके बाद में मामला कुछ ठंडा पड़ गया। वहीं एंथोनी के कोर्ट में मेमोरेंडम लगाने के बाद 10 मई को सुनवाई हुई।

साल 2021 में लॉन्च की थी किताब

करीना कपूर खान ने 9 अगस्त 2021 को प्रेग्नेंसी पर लिखी किताब ‘करीना कपूर खान्स प्रेग्नेंसी बाइबल’ लॉन्च की थी। एक्ट्रेस ने इस किताब को अपना तीसरा बच्चा कहा था। इस किताब में एक्ट्रेस ने अपनी प्रेग्नेंसी जर्नी के बारे में बात की थी। प्रेग्नेंसी के दौरान जीवन में आए उतार-चढ़ावों पर बात की। साथ ही नई मांओं और जल्द मां बनने वाली महिलाओं को मदरहुड और बच्चों का ख्याल रखने की टिप्स भी दी थी। इस किताब में नई डाइट, फिटनेस, सेल्फ केयर और नर्सरी तैयार करने की टिप्स दी गई हैं।

साल 2021 में दूसरी बार मां बनी थीं एक्ट्रेस

एक्ट्रेस करीना कपूर ने साल 2012 में सैफ अली खान से शादी की थी। जिसके बाद वे 2016 में पहली बार मां बनीं और उन्होंने तैमूर को जन्म दिया था। करीना ने 21 फरवरी 2021 को अपने दूसरे बेटे को जन्म दिया था। बेटे का नाम पहले जेह अली खान बताया जा रहा था, लेकिन अपनी बुक में करीना ने बेटे का नाम जहांगीर बताया।

ये भी पढ़ें- अभिनेत्री करीना कपूर के खिलाफ परिवाद दायर

संबंधित खबरें...

Back to top button