अंतर्राष्ट्रीय

अमेरिका: वर्जीनिया के वॉलमार्ट स्टोर में गोलीबारी, कई लोगों की मौत; दावा- मैनेजर ने स्टाफ पर बरसाईं गोलियां

अमेरिका के वर्जीनिया में  गोलीबारी की घटना सामने आई है। यहां चेसापीक स्थित वॉलमार्ट स्टोर में हुई मास फायरिंग में 10 लोगों के मारे जाने की खबर है, जबकि कई लोग घायल बताए जा रहे हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, हमलावर भी मारा गया है। वहीं मौके पर पहुंची पुलिस मामले की जांच कर रही है।

मैनेजर ही है हमलावर!

रिपोर्ट्स के मुताबिक, दावा किया जा रहा है कि गोलीबारी स्टोर के मैनेजर ने ही की। उसने पहले स्टाफ पर गोलियां बरसाईं और फिर खुद को भी गोली मार ली। हालांकि, इसकी पुष्टि अब तक नहीं हो पाई है।

हमलावर की डेड बॉडी भी मिली

रिपोर्ट्स के मुताबिक, पुलिस को रात करीब 10 बजे गोलीबारी की सूचना मिली। मौके पर पहुंचने पर पुलिस को कई लोग मृत मिले और कई घायल। फिलहाल मृतकों का आंकड़ा स्पष्ट नहीं बताया गया है। वहीं घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। इसके अलावा वॉलमार्ट के अंदर हमलावर की डेड बॉडी भी मिली है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।

7 दिनों में दूसरी घटना

एक हफ्ते में होने वाली ये दूसरी मास शूटिंग की घटना है। इसके पहले कोलारोडो के गे क्लब में फायरिंग हुई थी। इसमें 5 लोगों की मौत हो गई थी।

मास शूटिंग की इस साल दिल दहलाने वाली घटनाएं

18 जुलाई: अमेरिका के इंडियाना में ग्रीनवुड पार्क मॉल में फायरिंग की घटना हुई। इसमें 10 लोग गोलीबारी का शिकार हुए, इनमें से 3 की मौत हो गई।

11 जुलाई: कैलिफोर्निया के दक्षिणी हिस्से में हाउस पार्टी के दौरान हमलावर ने अंधाधुंध फायरिंग की। इस घटना में एक महिला समेत 5 लोगों को गोली लगी, जिसमें से 3 की मौत हो गई।

4 जुलाई: अमेरिका में 246वां स्वतंत्रता दिवस मनाए जाने के दौरान शिकागो के इलिनॉय के हाईलैंड पार्क में परेड का आयोजन किया गया। यहां अचानक फायरिंग होने लगी, जिसमें 6 लोगों की मौत हो गई।

5 जुलाई: इंडियाना के ब्रेइंडियाना के गैरी इलाके में फायरिंग के चलते 3 लोगों की जान चली गई।

1 जून: ओकलाहोमा के टुलसा में एक शख्स ने अस्पताल की बिल्डिंग में घुसकर ताबड़तोड़ गोलीबारी शुरू कर दी। घटना में 4 लोगों की मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावार ने खुद की भी जान ले ली।

15 मई: अमेरिका के टेक्सास में उवाल्डे शहर में 18 साल के लड़के ने स्कूल में घुसकर गोलियां बरसाईं। इसमें 19 छात्रों समेत 23 लोगों की मौत हो गई।

अन्य अंतर्राष्ट्रीय खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

संबंधित खबरें...

Back to top button