इंदौरताजा खबरमध्य प्रदेश

ससुराल पक्ष के लोगों ने प्रेमी को उतारा मौत के घाट, हत्या को दिया हादसे का रूप; पुलिस जांच में हुआ खुलासा, 2 गिरफ्तार

इंदौर। शहर के बेटमा थाना क्षेत्र से पति द्वारा पत्नी के प्रेमी की हत्या करने का मामला सामने आया है। पत्नी का एक युवक से प्रेम-प्रसंग था जिसके चलते पति ने अपने घरवालों के साथ मिलकर उसकी हत्या कर दी। जिसके बाद आरोपियों द्वारा हत्या के मामले को हादसे की तरह दिखाकर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की गई। हालांकि, पुलिस जांच में हत्या का खुलासा होने के बाद 2 लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीं 7 अन्य लोगों की अब भी तलाश जारी है।

ससुराल पक्ष के लोगों ने की प्रेमी की हत्या

जानकारी के मुताबिक, घटना 8 जुलाई की बताई जा रही है। प्रेमी सुदामा (मृतक) महिला (साधना) से मिलने उसके ससुराल के नीचे बने गोदाम में उससे मिलने पहुंचा था। जिसकी जानकारी महिला के पति और ससुराल के लोगों को लग गई। जिसके बाद उन्होंने सुदामा को बंधक बनाकर उसके साथ मरपीट की जिससे उसकी मौत हो गई। इस दौरान सुदामा के साथ उसका एक दोस्त मनोज चौधरी भी मौजूद था, उसके साथ भी आरोपियों ने मारपीट की।

हत्या को दिया हादसे का रूप

घटना को अंजाम देने के बाद आरोपियों ने हत्या के मामले को हादसे की तरह दिखाने की कोशिश की। जिस बाइक से सुदामा और मनोज आए थे, आरोपियों ने किसी दूर इलाके में बाइक को क्षतिग्रस्त कर दिया और उसे हादसे दिखाने की कोशिश की। हालांकि, पुलिस जांच में पूरे मामले का खुलासा हो गया। सुदामा की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गहरी चोटें आने की वजह से मौत होने की बात सामने आई, जो हादसे की वजह से नहीं थीं। वहीं घायल मनोज ने अपने बयान में पुलिस को पूरी जानकारी दी। जिसके आधार पर पुलिस ने मामले की जांच करने के बाद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया।

कुछ दिनों पहले ही ससुराल लौटी थी महिला

बताया जा रहा है कि, जब पति को पत्नी के प्रेम-प्रसंग के बारे में पता चला तो वो उसे उसके मायके छोड़ आया था। तीन महीने बाद पत्नी वापस ससुराल लौट आई थी। ससुराल आने के कुछ दिनों बाद ही उसका प्रेमी सुदामा उससे मिलने पहुंचा और तभी ससुराल पक्ष के लोगों ने घटना को अंजाम दिया। वहीं पुलिस ने दो आरोपी बलराम और साधना के पति महेश को गिरफ्तार कर लिया है, जबिक फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।

(इनपुट – हेमंत नागले)

मध्य प्रदेश की अन्य खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें…

संबंधित खबरें...

Back to top button