अंतर्राष्ट्रीय

Astronaut हूं… पृथ्वी पर लौटने के लिए पैसे चाहिए, आते ही करूंगा शादी; महिला से ठग लिए 25 लाख

प्यार में ठगी का एक अनोखा मामला सामने आया है। एक शख्स ने खुद को अंतरिक्ष यात्री बताकर बुजुर्ग महिला से करीब 25 लाख रुपए ऐंठ लिए। आरोपी ने दावा किया कि वह अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (आईएसएस) में काम कर रहा है और उसे उससे शादी करने के लिए धरती पर लौटने के लिए पैसे की जरूरत है।

कैसे हुई मुलाकात

मामला जापान का बताया जा रहा है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इसी साल जून में शिगा प्रान्त की रहने वाली एक 65 वर्षीय महिला की फर्जी अंतरिक्ष यात्री से इंस्टाग्राम पर मुलाकात हुई थी। महिला ने बताया कि, शख्स ने अपने आप को रूसी एस्ट्रोनॉट बताया और उसकी प्रोफाइल में अंतरिक्ष की तस्वीरें थीं, जिसे देखकर उसे लगा कि वो सच में अंतरिक्ष स्टेशन पर काम कर रहा है।

झूठे प्यार के जाल में फंसाया

इंटाग्राम पर बातचीत के बाद दोनों एक जापानी मैसेजिंग ऐप के जरिए बात करने लगे। कुछ हफ्तों बाद शख्स ने महिला से प्यार का इजहार किया और शादी के लिए प्रपोज किया। उसने महिला से कहा कि वो उसके साथ नई जिंदगी शुरू करना चाहता है और जापान में ही सेटल होना चाहता है।

महिला को कैसे हुआ शक?

महिला का विश्वास जीतने के बाद शख्स ने उससे पृथ्वी पर वापस आने के लिए पैसे मांगे। उसने कहा कि पृथ्वी पर आने के लिए लैंडिंग फीस लगती है। इसके लिए उसे पैसों की जरूरत है। महिला उसके झांसे में आ गई और उसने ठग को पैसे भेज दिए। महिला ने चार किस्तों में कुल 24 लाख 63 हजार रुपए उसे भेज दिए। लेकिन पैसों की डिमांड बढ़ने पर महिला को शक हुआ और उसने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई।

रोमांस स्कैम के रूप में हो रही मामले की जांच

65 वर्षीय महिला ने 19 अगस्त से 5 सितंबर की अवधि के बीच, ठग को लगभग 25 लाख रुपए भेजे। फिलहाल, जापानी पुलिस इस घटना को ‘Romance Scam’ का केस मान कर मामले की जांच कर रही है।

अन्य अंतर्राष्ट्रीय खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

संबंधित खबरें...

Back to top button