Peoples Update Special :एथेनॉल वाले पेट्रोल का असर, इलेक्ट्रिक स्कूटर की डिमांड; ग्वालियर में 35 से 50 दिन की वेटिंग

राजीव कटारे, ग्वालियर। डीलरों के मुताबिक, पिछले दो महीनों में ईवी की बुकिंग कई गुना बढ़ी है और अब एडवांस जमा कराने के बाद भी एक से डेढ़ महीने तक इंतजार करना पड़ रहा है। इस दौरान कई मॉडलों की कीमतों में 10 से 20 हजार रुपये तक की बढ़ोतरी भी हो चुकी है। ऑटोमोबाइल कारोबारियों का कहना है कि ग्राहकों की संख्या लगातार बढ़ रही है, लेकिन कंपनियों से पर्याप्त सप्लाई नहीं मिल रही।
ग्वालियर में बढ़ी ईवी की मांग, लंबी हुई वेटिंग
पेट्रोल की बढ़ती कीमतों और एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल को लेकर उपभोक्ताओं की आशंकाओं के बीच ग्वालियर में इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर की मांग तेजी से बढ़ी है। शहर के अधिकांश प्रमुख ईवी शोरूमों पर 35 से 50 दिन तक की वेटिंग चल रही है। डीलरों के मुताबिक, पिछले दो महीनों में ईवी की बुकिंग कई गुना बढ़ गई है। अब एडवांस जमा कराने के बाद भी एक से डेढ़ महीने तक इंतजार करना पड़ रहा है। ग्राहकों को यह भी बताया जा रहा है कि डिलीवरी के दिन जो कीमत लागू होगी, उसी के अनुसार भुगतान करना होगा।
कीमत बढ़ी, फिर भी ग्राहकों की रुचि कम नहीं हुई
ऑटोमोबाइल कारोबारियों के अनुसार, प्रतिदिन 80 से 100 ग्राहक ईवी शोरूम पहुंच रहे हैं। पहले एक महीने में जितनी बिक्री होती थी, अब उतनी बिक्री 10 से 15 दिनों में हो रही है। इस बीच कई मॉडलों की कीमतों में 10 से 20 हजार रुपये तक की बढ़ोतरी हो चुकी है। ग्राहक विष्णु कुशवाह का कहना है कि पेट्रोल 110 रुपये लीटर से ऊपर पहुंच गया है, इसलिए उन्होंने 10 हजार रुपये देकर बुकिंग कराई है। अगर डिलीवरी तक कीमत बढ़ती है, तो वही कीमत चुकानी होगी।
भोपाल में भी बढ़ा ईवी का क्रेज, रजिस्ट्रेशन हुए दोगुने
भोपाल में भी इलेक्ट्रिक वाहनों का रुझान तेजी से बढ़ रहा है। जनवरी से जून 2026 के बीच कुल 8,271 ईवी का रजिस्ट्रेशन हुआ, जबकि इसी अवधि में वर्ष 2025 में यह आंकड़ा 4,812 था। जनवरी में 596 के मुकाबले 1,154, फरवरी में 459 के मुकाबले 1,002, मार्च में 985 के मुकाबले 1,636, अप्रैल में 813 के मुकाबले 1,587, मई में 974 के मुकाबले 1,464 और जून में 985 के मुकाबले 1,428 पंजीयन दर्ज किए गए। आरटीओ भोपाल के जितेन्द्र शर्मा ने बताया कि बीते साल की तुलना में इस वर्ष दोपहिया ईवी का पंजीयन लगभग दोगुना हो गया है।
ग्राहकों और डीलरों ने बताई मौजूदा स्थिति
कोलार निवासी रोहित श्रीवास्तव ने बताया कि उनके पास पहले से एक ईवी स्कूटर है और अब वे दूसरा खरीदना चाहते हैं, लेकिन बुकिंग के बाद करीब दो महीने की वेटिंग मिल रही है। वहीं अलीगंज निवासी यूसुफ अली ने कहा कि रोजाना दुकान आने-जाने के लिए उन्होंने ईवी खरीदी थी और अब पत्नी के लिए भी स्कूटी लेना चाहते हैं, लेकिन अभी वेटिंग चल रही है। ईवी डीलर रमाकांत समाधिया का कहना है कि पिछले दो महीनों में मांग कई गुना बढ़ी है, लेकिन कंपनियों से पर्याप्त सप्लाई नहीं मिलने के कारण ग्राहकों को 35 से 50 दिन तक इंतजार करना पड़ रहा है।
हरदा: राइस मिल से हुए ट्रांसफार्मर चोरी का खुलासा, चार आरोपी गिरफ्तार; लाखों का सामान बरामद
पेट्रोल की कीमत और ईवी वेटिंग ने बदली तस्वीर
ग्वालियर में एथर की शुरुआती कीमत 1.68 लाख रुपये है और इसकी वेटिंग 45 दिन चल रही है। टीवीएस आईक्यू की कीमत 1.24 लाख रुपये और वेटिंग 40 दिन, हीरो विडा की कीमत 1.42 लाख रुपये और वेटिंग 35 दिन, जबकि बजाज चेतक की कीमत 1.27 लाख रुपये और वेटिंग 40 दिन है। वहीं भोपाल में पेट्रोल की कीमत जनवरी में 106.57 रुपये प्रति लीटर थी, जो मई और जून में बढ़कर 114.19 रुपये प्रति लीटर पहुंच गई। इसी अवधि में डीजल की कीमत भी 91.94 रुपये से बढ़कर 99.64 रुपये प्रति लीटर हो गई, जिसका असर ईवी की मांग पर साफ दिखाई दे रहा है।












