राष्ट्रीय

Congress President Election : कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए वोटिंग कल, चुनाव की सभी तैयारियां पूरी; 137 साल में छठी बार होगा ऐसा मुकाबला

कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए सोमवार (17 अक्टूबर) को चुनाव होना है। मुकाबला शशि थरूर और मल्लिकार्जुन खड़गे के बीच है। वोटिंग की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सुबह 10 से शाम 4 बजे तक मतदान की प्रक्रिया चलेगी। बता दें कि वोटों की गिनती 19 अक्टूबर को होगी और उसी दिन नतीजे घोषित किए जाएंगे। कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए 22 सालों बाद चुनाव होने जा रहा है और करीब 24 सालों के बाद पार्टी की कमान गांधी परिवार के बाहर जाना तय हो गया है।

देशभर में बनाए गए 68 बूथ

देशभर के 9 हजार से ज्यादा डेलीगेट्स ‘वोटर’ के लिए 40 पोलिंग स्टेशन और 68 बूथ देशभर में बनाए गए हैं। कांग्रेस केंद्रीय चुनाव प्राधिकरण के चेयरमैन मधुसूदन मिस्त्री ने बताया कि कांग्रेस मुख्यालय 24 अकबर रोड में भी बूथ बनाया गया है। जिसमें करीब 50 मतदाता अपना मतदान करेंगे। कांग्रेस वर्किंग कमिटी के सदस्य 24 अकबर रोड पर स्थित पार्ट मुख्यालय पर वोट डालेंगे।

राहुल बेल्लारी तो सोनिया गांधी दिल्ली में डालेंगी वोट

कांग्रेस नेता राहुल गांधी कल बेल्लारी में वोट डालेंगे। बता दें कि इस समय राहुल गांधी भारत जोड़ो यात्रा के लिए कर्नाटक में हैं। बेल्लारी में भारत जोड़ो यात्रा कैंप में वोटिंग की व्यवस्था की गई है और वहां भी पोलिंग बूथ बनाया गया है। जिसमें करीब 50 से अधिक डेलीगेट्स अपना वोट डालेंगे।

कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी, पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी कल दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय में मतदान करेंगे।

ये भी पढ़ें- थरूर के बाद खड़गे ने कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए नामाकंन भरा, 30 कांग्रेस लीडर्स बने प्रस्तावक; रेस से हटे दिग्विजय

137 साल में छठी बार होगा ऐसा मुकाबला

137 साल पुरानी कांग्रेस पार्टी में छठी बार ऐसा मौका होगा, जब चुनावी मुकाबले से साबित होगा कि पार्टी के इस अहम पद के लिए कौन उपयुक्त उम्मीदवार है। कांग्रेस अध्यक्ष के इस चुनाव में गांधी परिवार का कोई भी सदस्य हिस्सा नहीं ले रहा है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री जयराम रमेश ने मीडिया से बातचीत में बताया कि ये छठा मौका है, जब कांग्रेस के 137 साल के इतिहास में अध्यक्ष पद के लिए आंतरिक रूप से चुनाव हो रहा है।

इतिहास में पार्टी में कब-कब हुए चुनाव ?

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री जयराम रमेश ने बताया कि मीडिया ने 1939, 1950, 1997 और 2000 का उल्लेख किया है, लेकिन 1977 में भी चुनाव हुए थे। जब कासू ब्रह्मानंद रेड्डी निर्वाचित हुए थे।

अन्य राष्ट्रीय खबरों के लिए यहां क्लिक करें…

संबंधित खबरें...

Back to top button